लाडनूं के संतुलित विकास के लिए नगर पालिका में भाजपा चैयरमेन होना जरूरी- ठाकुर करणीसिंह,
नगर पालिका चुनाव को लेकर भाजपा की संगठनात्मक बैठक आयोजित, चुनावी रणनीति पर की गई चर्चा









लाडनूं (kalamkala.in)। यहां मालासी रोड स्थित करणी निवास पैलेस में भारतीय जनता पार्टी की एक अहम् बैठक आगामी नगर पालिका चुनावों को लेकर आयोजित की गई। भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष गौतम दत्त शास्त्री की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति, सांगठनिक एकता, बूथ समितियों व शक्ति केन्द्रों को मजबूत बनाने, मतदाता सूचियों का विश्लेषण एवं उनमें सुधार करवाने, जनता से जुड़े मुद्दों व समस्याओं के समाधान के लिए भरसक प्रयास करने आदि पर चिंतन-मनन किया गया। बैठक में ठाकुर करणीसिंह, विधानसभा प्रभारी राकेश शर्मा, शहर मंडल अध्यक्ष गौतमदत्त शास्त्री, विधानसभा संयोजक हनुमान मल जांगिड़, महिला मोर्चा की पूर्व जिलाध्यक्ष सुमित्रा आर्य, पूर्व जिला उपाध्यक्ष अंजना शर्मा, मोहनसिंह चौहान, ताराचंद सांगेला मंचस्थ रहे।
सभी चुनाव के लिए जुट जाएं, चौकन्ने रहें
बैठक में भाजपा नेता ठाकुर करणीसिंह ने कहा कि हमें चुनाव की तैयारियों के लिए पूरी तरह जुट जाना चाहिए। सभी कार्यकर्ता अपने-अपने वार्ड के मतदाताओं की सूचियों को चैक करें और उनमें वंचित रहे लोगों के नाम जुड़वाने और अनुचित शामिल किए गए लोगों के नामों को कटवाना है। हमें ढीला नहीं रहना है। हमें अपने-अपने वार्ड में चौकन्ना रहना है। सुमित्रा जी आर्य सजग हैं, उसी तरह सबको हर क्षेत्र में सजग रहना है। सब अपनी टीम को मजबूत बनाएं। हम आज बढ़िया स्थिति में हैं। हमारा चैयरमेन बनना हमारे लिए आत्मसम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि हमारी सोच विकास की है और इसी कारण शहर के संतुलित विकास के लिए नगर पालिका में अपना चैयरमेन होना जरूरी है। इससे ही हम मिलकर शहर का विकास कर सकेंगे। हम सब बुजुर्ग, युवा, महिलाएं मिल कर काम करेंगे, तो नगर पालिका में निश्चित रूप से चैयरमेन अपना बन सकेगा। नगर पालिका में भाजपा बहुमत से होगी, तभी राज्य सरकार से पूरा बजट हासिल कर पाएंगे और शहर के विकास को नई गति मिलेगी। हमें सभी वर्गों को साथ लेकर विकास के लिए काम करना है।
एक परिवार के रूप में मिल कर चुनाव लडें
ठाकुर करणी सिंह ने पार्टी की एकता को महत्वपूर्ण बताते हुए एक परिवार के रूप मिल कर साथ निभाने और एकजुट होकर चुनाव लड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वे हर वार्ड की मीटिंग में हाजिर होएंगे, ताकि जनता की समस्याओं का समय पर समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि लाडनूं का विकास सदैव हमारी प्राथमिकता रही है। हमें निष्पक्ष होकर लाडनूं शहर की समस्याओं के समाधान के लिए मिल कर कार्य करना है। पानी, सड़क और सफाई की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए हमारा प्रयास लगातार बना रहेगा।
सभी 45 वार्डों की जीत की रणनीति बनाएं
भाजपा के विधानसभा प्रभारी राकेश शर्मा ने सभी 45 वार्डों की रणनीति बनाने की जरूरत बताई तथा कहा कि जिसे भी पार्टी का टिकट मिल जाए, सबको मिलकर उसकी जीत के लिए तैयारी करनी है। शहर मंडल अध्यक्ष गौतमदत्त शास्त्री ने अपने अध्यक्षीय सम्बोधन में कहा कि आगामी निकाय चुनाव को लेकर सब बड़ी संख्या में इस संगठनात्मक बैठक में आए हैं। 16 अगस्त के बाद कभी भी घोषणा हो सकती है। हमें भाजपा का कमल खिलाना है्। जिसे भी टिकट मिले, उसे साथ देना है। किसी के प्रति कोई विचार नहीं रखें। जाति, पंथ, सम्प्रदाय के भेदभाव के बिना वार्डों में सफाई और अन्य समस्याओं का ध्यान रखें। हमें अपना उम्मीदवार जितवा कर ही लाना है।
बूथ स्तर पर पार्टी कार्यकर्ता सतत् सक्रिय होकर चुनाव की कमान संभालें
बैठक को सबसे पहले सम्बोधित करते हुए भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्या एवं महिला मोर्चा की पूर्व जिलाध्यक्ष सुमित्रा आर्य ने मतदाता सूचियों पर पूरा ध्यान देने की जरूरत बताई। भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के पूर्व जिला महामंत्री जगदीश यायावर ने मतदाता सूचियों में कांग्रेस शासन के दौरान बीएलओ द्वारा किया गए मतदाता सूची गड़बड़झाले की तरफ ध्यान दिलाया तथा सबको मिलकर निर्रथक नामों को काटने, आवश्यक वंचित रहे नामों को जोड़ने के लिए जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं को सतत् सक्रिय होकर चुनाव की कमान संभालनी होगी। सब आपसी मतभेदों को भुलाकर केवल और केवल भाजपा को विजयी बनाने पर ध्यान केंद्रित करें, तभी लाडनूं नगर पालिका में अपना वर्चस्व कायम कर पाएंगे और चैयरमेन अपना बना पाएंगे। उन्होंने दुश्मन को कभी छोटा नहीं समझ कर पूरी सावधानी से चुनाव संचालन की जरूरत बताई तथा कहा कि चरणबद्ध तरीके से बिंदु तय करके चुनाव लड़ना है। बैठक में अंजना शर्मा ने सबको एकजुट रह कर पार्टी नेतृत्व के निर्देशानुसार काम करने की जरूरत बताई। हरिओम टाक ने कुछ बिंदु रखते हुए व्यवस्थित कार्य की जरूरत पर बल दिया। प्रकाश सोनी ने पार्टी की मजबूती और जीत की रणनीति के साथ काम करने पर ध्यान देने के लिए कहा। विधानसभा संयोजक हनुमान मल जांगिड़ ने पार्टी की नीतियों का अनुकरण करते हुए पार्टी उम्मीदवार की जीत के लिए जुटने का आह्वान किया। बैठक का संचालन करते हुए जिला मंत्री नीतेश माथुर ने भाजपा की नगर पालिका जीत के लिए कार्यकर्ताओं से आह्वान किया।
ये सब रहे बैठक में उपस्थित
बैठक के दौरान गोविंद सिंह कसूंबी, सुशील दाधीच, मोहनसिंह जोधा, दीपक जांगिड़, सुशील पीपलवा, विष्णु भोजक, लूणकरण शर्मा, महावीर गुर्जर, बीरबल स्वामी, नारायण प्रसाद शर्मा, प्रवीण जोशी, ओम सिंह मोहिल, बाबूलाल प्रजापत, बच्छराज नागपुरिया, श्याम सुंदर गुर्जर, सुरेश सोनी, राम सिंह रैगर, रोहित परिहार, गुलाबचंद चौहान, पूनमचंद मारोठिया, हरजी सैनिक, महेन्द्र सेठी, श्यामसुंदर शर्मा, रामानंद गुर्जर, ललित नारायण सोनी, बलजी (खलील) बिसायती असगर अली, नोरतन मल तुनगरिया, लादू सिंह धूड़ीला, राजकुमार, सुरेश खींची आदि के साथ विभिन्न पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, प्रमुख नागरिकों आदि ने आगामी निकाय चुनावों की हुई इस
शहर मंडल की संगठनात्मक बैठक में सहभागिता की।







