तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम ने ‘मिशन दृष्टि’ अभियान के तहत लगाया नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर,
मदनलाल भंवरीदेवी आर्य स्कूल में विद्यार्थियों व शिक्षकों की नेत्र जांच कर चिकित्सा परामर्श दिया, चश्मे भी दिए
लाडनूं (kalamkala.in)। तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम (टीपीएफ) द्वारा आचार्य श्री महाश्रमण की प्रेरणा से संचालित राष्ट्रव्यापी जनकल्याणकारी अभियान ‘मिशन दृष्टि’ के अंतर्गत स्थानीय मदनलाल भंवरीदेवी आर्य मेमोरियल उच्च माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को ‘निःशुल्क नेत्र जांच शिविर’ का आयोजन किया गया। इस विशेष स्वास्थ्य शिविर में चिकित्सकीय टीम द्वारा विद्यालय की प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को नेत्र से जुड़ी विभिन्न आवश्यक जानकारियों से अवगत करवाया गया। जांच के दौरान विद्यालय के सभी
विद्यार्थियों एवं स्टाफ की दृष्टि की गहन जांच विभिन्न आधुनिक मशीनों के द्वारा की गई तथा आवश्यकतानुसार उन्हें उचित चिकित्सीय परामर्श एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इस दौरान टीम द्वारा कुछ चश्मे भी सौंपे गए। विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं उत्तम स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आयोजित इस पहल के लिए संस्था निदेशक वेदप्रकाश आर्य व प्राचार्या कंचनलता आर्य ने तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम (टीपीएफ), आयोजन समिति, उपस्थित समर्पित चिकित्सकों एवं सेवाभावी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। टीम में नेत्र सहायक रामाशंकर पांडे, राजकुमार सेठिया, पायलेट दिनेश मेहरिया व सीताराम गुर्जर शामिल रहे। वहीं स्टाफ में दीक्षांत हिन्दुस्तानी, गरिमा पारीक, सिमरन, मीनाक्षी चौहान, आरती भार्गव, शांतनु आर्य सहित अन्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अध्यापक भंवरसिंह ने किया।


