पुलिस का व्यवहार जनता के प्रति संतोषजनक होना जरूरी- आईजीपी ओमप्रकाश मेघवाल, निम्बी जोधां में समारोह पूर्वक हुआ नवसृजित पुलिस थाने का उद्घाटन

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

पुलिस का व्यवहार जनता के प्रति संतोषजनक होना जरूरी- आईजीपी ओमप्रकाश मेघवाल,

निम्बी जोधां में समारोह पूर्वक हुआ नवसृजित पुलिस थाने का उद्घाटन

जगदीश यायावर। लाडनूं (kalamkala.in)। पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश मेघवाल ने कहा है कि पुलिस के पास सभी तरह के लोग आते हैं, उन सबकी सुनवाई होनी चाहिए। किसी को भी निराश करके नहीं लौटाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आम लोगों का सहयोग पुलिस को सदा से ही मिलता रहा है। आजादी से पहले भी लोग पुलिस का साथ देते थे और आज भी देते हैं। पुलिस कर्मियों का व्यवहार ही पुलिस की छवि का निर्धारण करता है, इसलिए इस बात का ध्यान रखना आवश्यक है। आईजीपी मेघवाल यहां निम्बी जोधां में नवसृजित पुलिस थाने के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बीता काटने के बाद सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने लोगों को साइबर अपराध से बचाव की सलाह देते हुए बताया कि आज पुलिस के समक्ष नई चुनौतियां खड़ी है, इनमें साइबर क्राइम बहुत बड़ी समस्या है। इसमें केवल एक क्लिक में लोगों की बरसों की कमाई साफ हो जाती है। मोबाइल की उपयोगिता है, तो उसके कारण समस्याएं भी पैदा हुई है। इस ओर पूरा ध्यान देना पुलिस का नया दायित्व बन गया है‌।

नवसृजित पुलिस थाना निम्बी जोधां का विधिवत उद्घाटन

राज्य सरकार की बजट घोषणा के अनुरूप नवसृजित जिला डीडवाना-कुचामन के अन्तर्गत पुलिस वृत लाडनूं में लाडनूं पुलिस थाने से अलग क्षेत्राधिकार निर्धारित करके नवगठित पुलिस थाना निम्बी जोधां का रविवार को उद्घाटन किया गया। इस थाने का संचालन ग्राम पंचायत निम्बी जोधां द्वारा उपलब्ध करवाए गए भवन में शुरू किया गया है। पुलिस थाने का उद्घाटन भवन पर फीता काट पर डीआईजी ओमप्रकाश सेन एवं स्वामी ज्ञानेश्वर महाराज ने किया। इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद भी उनके साथ रहे। राज्य सरकार की अधिसूचना द्वारा क्रमोन्नत इस पुलिस थाना निम्बी जोधां को रविवार 15 दिसम्बर से विधिवत् रूप से प्रारम्भ कर दिया गया है, जिसका विधिवत् उद्घाटन समारोह पूर्वक किया गया।

ये रहेगी बजट, आवश्यक सामान और पत्रावलियों की व्यवस्थाएं

क्रमोन्नत पुलिस थाना निम्बी जोधा की स्वीकृति वित्त (व्यय-4) विभाग की आई.डी. संख्या- 182300352 दिनांक 04.04.2023 द्वारा प्राप्त सहमति के आधार पर जारी की गई है। जिला पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद द्वारा जारी आदेश के अनुसार नवीन पुलिस थाना निम्बी जोधां के लिये नियमानुसार राजकीय हथियार, एम्युनेशन, हथकड़ियां, फर्नीचर एवं अन्य आवश्यक साजो-सामान संचित निरीक्षक, पुलिस लाईन, डीडवाना-कुचामन द्वारा आवंटित किया जा रहा है। नवीन पुलिस थाना निम्बी जोधा के उपयोग हेतु लेखन सामग्री, जिसमें नियमानुसार संधारित होने वाले रजिस्टर, फार्म इत्यादि एवं कम्प्यूटर उपकरण आदि सामान कार्यालय स्टोर द्वारा उपलब्ध करवाया जावेगा। क्रमोन्नत पुलिस थाना निम्बी जोधां अस्थाई रूप से ग्राम पंचायत निम्बी जोधां द्वारा उपलब्ध करवाये गये भवन में संचालित किया जा रहा है। क्रमोन्नत पुलिस थाना निम्बी जोधां की अधिसूचना में अंकित गांवों से संबंधित हिस्ट्रीशीट पत्रावलियां, मफरूर पत्रावलियां आदि स्थाई अभिलेख नियमानुसार, जो भी स्थानान्तरित किया जाना आवश्यक हो, वह समस्त दस्तावेज थानाधिकारी पुलिस थाना लाडनूं द्वारा थानाधिकारी पुलिस थाना निम्बी जोधां को सुपुर्द किए गए हैं।

यह रहेगा निम्बी जोधां थाने का क्षेत्राधिकार

नवसृजित पुलिस थाना निम्बी जोधां के क्षेत्राधिकार का निर्धारण करते हुए इसमें लाडनूं पुलिस थाने से 29 ग्रामीण क्षेत्रों को हटाया जाकर उन्हें निम्बी जोधां पुलिस थाने के अन्तर्गत रखा गया है। इन सभी गांवों के आपराधिक प्रकरणों की जांच अब निम्बी जोधां थाने के पुलिस स्टाफ द्वारा की जाएगी तथा इस क्षेत्रों की कानून व्यवस्था का समस्त जिम्मा भी पुलिस थाना निम्बी जोधां का ही रहेगा। इस थाने के तहत आने वाले गांवों में निम्बी जोधां, रताऊ, सिलनवाद, खंगार, गेनाणा, खोखरी, मालगांव, सिकराली, सांडास, ढींगसरी, तिपनी, रोजा, खामियाद, नंदवाण, तीतरी, सींवा, धूड़ीला, हुडास, भरनावां, झरड़िया, निम्बी जोधां, टोकी, चंद्राई, मणूं, बल्दू, कोयल, बेड़, बादेड़, लुकास, ओड़ींट शामिल रहेंगे।

सम्बंधित फाईलों का हुआ हस्तांतरण

इस नवसृजित पुलिस थाने के क्षेत्राधिकार में आने वाली समस्त पत्रावलियां, हिस्ट्रीशीटर रिकॉर्ड और अन्य समस्त पत्रावलियां व जानकारियां लाडनूं पुलिस थाने से हस्तांतरित की गई है। उद्घाटन के साथ ही और अधिसूचना के मुताबिक इस नवसृजित पुलिस थाने के क्षेत्राधिकार में आने वाले गांवों की अधिकारिता वर्तमान पुलिस थाना लाडनूं से हटाकर नवीन पुलिस थाना निम्बी जोधां के कार्यक्षेत्र के अधीन की गई है। अब इन सभी गांवों के संबंध में दर्ज एफ.आई.आर. आदि का अनुसंधान पुलिस थाना निम्बी जोधां में नियुक्त पुलिस बल द्वारा किया जाएगा एवं अब से क्रमोन्नत पुलिस थाना निम्बी जोधां में कानून-व्यवस्था आदि का उत्तरदायित्व भी थानाधिकारी पुलिस थाना निम्बी जोधां का रहेगा।

यह रहेगा निम्बी जोधां थाने का पुलिस स्टाफ

नव कमोन्नत पुलिस थाना, निम्बी जोधा में पुलिस स्टाफ के रूप में पुलिस अधिकारियों व पुलिसकर्मियों को पदस्थापित/स्थानान्तरित किया गया है। पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार उप निरीक्षक हरिकृष्ण तंवर को थानाधिकारी बनाया गया है, वे पहले निम्बी जोधां पुलिस चौकी में प्रभारी नियुक्त थे। उनके साथ सहायक उपनिरीक्षक राजेन्द्र गिला, हेड कांस्टेबल बस्तीराम (263) व भगवान सिह (1084), कांस्टेबल रामकुंवार बेड़ा (117), शिवराज बेड़ा (128), राजकुमार (1379), जसुराम (1524), राजकुमार (1548), हरकरण (598), धर्मेन्द्र कुमार (1688), बृजगोपाल (2033), अजय विश्नोई (2073), शिवकरण (248), लक्ष्मी नारायण (285), सुनील कुमार (647) व रामचन्द्र (1353) को लगाया गया है। ये सभी अब निम्बी जोधां पुलिस थाने में कार्यरत रहेंगे।

इन सबकी यही गरिमामय उपस्थिति 

इस कार्यक्रम में एसडीएम मिथिलेश कुमार, लाडनूं पुलिस उप अधीक्षक विक्की नागपाल, जसवंतगढ़ सीआई जोगेंद्र सिंह, लाडनू सीआई राजेश कुमार डूडी, विकास अधिकारी कुमुद, भाजपा नेता करणी सिंह, पंचायत समिति के प्रधान हनुमान राम कासनियां, नगर पालिका के अध्यक्ष रावत खां, निम्बी जोधां सरपंच सुमन खीचड़, उप सरपंच पृथ्वी सिंह, पूर्व सरपंच जब्बरसिंह चौहान, पूर्व सरपंच श्याम सुन्दर पंवार गर्ग, भाजपा जिलाध्यक्ष गजेन्द्र सिंह ओड़ींट, भाजपा मंडल अध्यक्ष नवरत्न मल खीचड़, काना राम खिलेरी, बाबू जांगिड़, मेहराम गर्वा, प्रभुराम खीचड़, हरिराम खीचड़, गौरीशंकर अटल, फुले खां, इंद्रचंद घोटिया, जगदीश सिंह राठौड़, जगदीश पारीक, बंकटलाल शर्मा, तेजराज सिंह जोधा एडवोकेट विकास ठोलिया, चेतन सिंह शेखावत, गोविन्द सिंह कसूम्बी, नीतेश माथुर, हनुमान प्रसाद शर्मा, अंजना शर्मा, सुशील शर्मा, संतृप्त सोनी आदि मौजूद रहे तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण भी इस अवसर पर उपस्थित रहे थे। अंत में धन्यवाद ज्ञापन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा ने किया। कार्यक्रम का संचालन जीवण बगड़िया ने किया।

kalamkala
Author: kalamkala

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे ज्यादा पड़ गई

व्यस्त सड़कों से अवैध अतिक्रमण, अवैध होर्डिंग और अवैध पार्किंग हटाए जाने के निर्देश, जिला कलक्टर की अध्यक्षता में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर ने कहा, ब्लैक स्पॉट्स को ठीक करें और यातायात नियमों की सख्ती बरती जाए

लाडनूं नगर पालिका में आयोजित विशेष शिविर में की गई सभी महिला कर्मचारियों के स्वास्थ्य जांच, ‘नारी लीड स्वच्छता अभियान’ के तहत पालिका कार्यालय की महिला कर्मियों व महिला सफाईकर्मियों की हुई स्वास्थ्य जांच

शहर चुनें

Follow Us Now