लाडनूं बस स्टेंड का हुआ कायापलट, नवनिर्माण के बाद अब नहीं रहेगी जल-भराव की स्थिति,
लम्बे समय से समस्या बना हुआ था लाडनूं का बस स्टेंड, चेयरमैन, ईओ और पार्षद के प्रयास रंग लाए















लाडनूं (kalamkala.in)। शहर का सबसे समस्याग्रस्त होने की चर्चाओं में लम्बे समय तक बने रहने वाले लाडनूं के बस स्टेंड की अब कायापलट होने जा रही है। लगभग खंदेड़ा बन कर जलभराव से ग्रसित इस बस स्टेंड के चारों तरफ ऊंचे तल वाली सड़कें बन जाने से और प्राचीन खंदेड़े की जमीन को भूमाफियाओं द्वारा पाट दिया जाकर आएदिन नाला अवरुद्ध कर दिए जाने की कारस्तानियों के चलते बस स्टेंड पानी से भरा ही रहता था। बस स्टेंड पर टूटे-फूटे पुराने सभी सीसी ब्लॉकों को उखड़वाया जाकर वहां तल को ऊंचा लेते हुए सीसी रोड का पूरा चौक निर्मित कर दिए जाने से अब वहां पानी के भराव की भीषण समस्या से लोगों को निजात मिलेगी। काम लगभग सम्पन्नता की ओर है। अब बस स्टेंड को देख कर हर आने-जाने वाले के चेहरे पर खुशी दिखाई देती है।
वरिष्ठतम पार्षद सुमित्रा आर्य इस बस स्टेंड के लिए रही है सदैव सजग
बस स्टेंड पूरे शहर की नाक होती है, लेकिन पता नहीं क्यों इसे अब तक सबसे उपेक्षित छोड़ा जाता रहा था। वरिष्ठ पार्षद सुमित्रा आर्य लम्बे समय से बस स्टेंड की स्थिति सुधारने के लिए जद्दोजहद करती रही है। पार्षद सुमित्रा आर्य खंदेड़े के लिए आवाज उठाती रही है। बस स्टेंड पर आएदिन भरे जाने वाले कीचड़ को पालिकाकर्मी लगवा कर सफाई करवाने और लोगों को परेशानियों से निजात दिलवाने के लिए सदा तत्पर रहती आई है। जल भराव से मुक्ति के लिए नगर पालिका से बस स्टैंड पर बोरवैल बनवाया और अब बस स्टेंड के तल को ऊंचा करते हुए उसका पुनर्निर्माण करवा कर समस्या से सबको मुक्त करने में भी अग्रणी बनी है। इस तरह वे सदैव सजग रह कर बस स्टेंड के लिए काम करती रही हैं।
चैयरमेन और ईओ ने बस स्टेंड निर्माण के लिए जारी किए तत्काल आदेश
पार्षद सुमित्रा आर्य ने बस स्टेंड के फिर से सही निर्माण के लिए पालिकाध्यक्ष रावत खां को कई बार कहा। उन्होंने नगर पालिका की बोर्ड बैठक बुलाने के लिए लिखे अपने पत्र में भी बस स्टेंड के मैटर को एजेंडा बनाने बाबत मांग का पत्र दिया। इस पर पालिकाध्यक्ष रावत खां ने इसे एजेंडा में शामिल करते हुए ईओ को बैठक के लिए निर्देश भी दिए, लेकिन वह बैठक कतिपय कारणों से नहीं हो पाई। उन्होंने पालिकाध्यक्ष को बस स्टेंड पर बुला कर अनेक बार मौका भी दिखाया और समस्या के हल के लिए मांग की। हाल ही में आचार्यश्री महाश्रमण के आगमन को लेकर होने वाले कामों में भी बस स्टेंड को शामिल करवाया गया, लेकिन वह बोर्ड की मीटिंग भी नहीं हो पाई। इसके बाद पार्षद सुमित्रा आर्य के आग्रह पर पालिकाध्यक्ष रावत खां ने इसे गंभीरता से लिया और 25 लाख के कामों में नगर पालिका की ओर से बस स्टेंड के लिए उन्होंने आदेश जारी करवाए। बस स्टेंड के लिए आदेश जारी करने में तहसीलदार व अधिशाषी अधिकारी अनिरुद्ध देव पांडेय ने भी पूरी तत्परता दिखाई, जिसके लिए पार्षद सुमित्रा आर्य ने उनका व पालिकाध्यक्ष का आभार भी जताया है।
बस स्टेंड के नवनिर्माण से हुआ सभी को हर्ष, मिली समस्याओं से मुक्ति
बस स्टेंड के समूचे चौक पर सड़क निर्माण कार्य को शुरू करवाने के लिए ठेकेदार के साथ पार्षद सुमित्रा आर्य और पालिकाध्यक्ष रावत खां मौके पर पहुंचे और ठेकेदार को पूरी योजना और काम के बारे में समझा कर अपनी देखरेख में काम शुरू करवाया। काम की प्रगति की भी बराबर निगरानी रखी गई। पालिकाध्यक्ष रावत खां ने ठेकेदार को स्पष्ट कह दिया कि बस स्टेंड के चौक की सड़क के निर्माण को पार्षद सुमित्रा आर्य को ही दिखा देना, वे उसे सही बताएंगी, तभी उसे सही माना जाएगा। उन्होंने बताया कि बस स्टेंड को उन्होंने शहर के महत्वपूर्ण कार्यों में माना और सुमित्रा आर्य के कहे अनुसार सुधार कार्य करवाए हैं। बस स्टैंड पर सड़क निर्माण पर पार्षद मोहनसिंह चौहान, एडवोकेट मुरलीमनोहर जांगिड़, समाजसेवी हुकमसिंह गणोड़ा, रामचंद्र जाट, रमेश सांखला, गोपाल सांखला, मनोज सांखला, पन्नालाल सांखला, चांद चौधरी, मनैज भार्गव, पूनमचंद जांगिड़ वगैरह सभी ने इस बस स्टेंड के नवनिर्माण पर हर्ष जताते हुए पार्षद सुमित्रा आर्य, ईओ, चैयरमेन और पूरी नगर पालिका के प्रति आभार प्रकट किया है और बताया कि अब सभी लोगों को, यात्रियों को, दुकानदारों को, आवागमन करने वालों आदि सबको अब परेशानियों का सामना नहीं करना होगा। सभी ऑटो रिक्शा वालों ने भी बस स्टेंड के निर्माण पर हर्ष प्रकट किया है।







