लाडनूं पुलिस थाने का घेराव करेंगे हजारों ग्रामीण, चोरियों के मामलों में बरती जा रही ढिलाई पर गुस्साए ग्रामीण होंगे सोमवार को थाने पर इकट्ठे 

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

लाडनूं पुलिस थाने का घेराव करेंगे हजारों ग्रामीण,

चोरियों के मामलों में बरती जा रही ढिलाई पर गुस्साए ग्रामीण होंगे सोमवार को थाने पर इकट्ठे 

लाडनूं (kalamkala.in)। लम्बे समय से समूचे क्षेत्र में बढ़ती चोरियों की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। चोरों तक पुलिस का नहीं पहुंच पाना और सीसी टीवी फुटेज के बावजूद पुलिस का कोई महत्वपूर्ण सुराग लगा पाना लोगों में खासा चर्चित है। हाल ही में हीरावती गांव में एक ही रात में तीन मकानों में की गई सेंधमारी में करीब एक करोड़ की चोरी को लेकर लोग काफी गुस्साए हुए हैं। हीरावती के रोषग्रस्त लोगों ने सोमवार को लाडनूं पुलिस थाने का घेराव करने की योजना बनाई है। ग्रामवासियों ने इस बारे में एक बैठक आयोजित कर निर्णय लिया है। रविवार तक का समय स्थानीय पुलिस को देते हुए उन्होंने सोमवार को तहसील भर के करीब 20 हजार लोगों को पुलिस थाने के सामने एकत्र होने का आह्वान किया है। चोरियों का खुलासा करने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन सौंप कर हिरावती में हुई चोरी का खुलासा नहीं होने के चलते धरना दिए जाने की चेतावनी दी है। ज्ञापन की प्रतियां मुख्यमंत्री, महानिरीक्षक रेंज अजमेर, जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, पुलिस उप अधीक्षक, थानाधिकारी लाडनूं, सांसद हनुमान बेनिवाल एवं विधायक मुकेश भाकर विधायक लाडनूं को भी दी गई है।

चोरों को पकड़ने के साथ गांव में गश्त की व्यवस्था की मांग

इस ज्ञापन में लिखा गया है कि हीरावती में चोरी की घटना को 6 दिन बीत जाने के बाद अभी तक चोर पुलिस की गिरफ्तारी से दूर हैं, जिससे ग्रामवासियों में भारी रोष बना हुआ है। यहां लगातार चोरी पर चोरी होने से ग्रामवासियों में व्याप्त भय को देखते हुये पुलिस प्रशासन को नियमित रात्रिकालीन 2 बार गश्त करवाने की व्यवस्था की जाए, ताकि ग्रामवासियों का जीवन यापन भययुक्त हो सके। ज्ञापन में बताया गया है कि ग्राम हिरावती में पिछले 2-3 सालों से करोड़ों से अधिक रूपये की नगदी व सोने-चांदी के जेवरात की चोरियां हो चूंकी हैं, लेकिन अभी तक किसी भी चोरी का कोई खुलासा नहीं हुआ है। पिछले करीबन 2-3 साल पहले दिनदहाड़े जयचन्द पुत्र रेंवताराम नाई हीरावती के घर करीबन 15-20 भरी सोना-चांदी के जेवरात व 40 हजार रूपये नगदी की चोरी हुई, जिसकी रिपोर्ट पुलिस थाना लाडनूं में दर्ज है, लेकिन अभी तक कोई खुलासा नहीं हुआ है। गत 17 अगस्त को 3 ट्रासफार्मर चोरी हुए, जिसकी रिपोर्ट पुलिस थाना लाडनूं में दर्ज है। अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। फिर 31 अगस्त रात्रि में एक साथ 3 चोरियां सोना-चांदी व 9 लाख 50 हजार नगदी व जेवरात (करीब 80 से 90 लाख रूपये के लगभग) की चोरी हुई, जिससे गांव में भय का माहौल बना हुआ है। इस विवरण के अलावा ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि अगर समय रहते प्रशासन द्वारा सख्त कार्यवाही नहीं की गई, तो मजबूरन ग्रामवासियों को 8 सितम्बर को धरना प्रदर्शन करना पड़ेगा, जिसकी समस्त प्रकार की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। 8 सितम्बर को ग्रामीणों द्वारा पुलिस थाने के सामने शांतिपूर्ण धरना दिया जायेगा, जिसमें 2 लाउड-स्पीकर लगाए जाएंगे। ज्ञापन देने वालों में किशनलाल डूडी, गणेश राम चौधरी, रामकरण, श्रवण कुमार, रामचंद्र, भंवरलाल, पूसाराम, जयपाल, राजूराम रिणवा, जेठाराम आदि शामिल थे।

kalamkala
Author: kalamkala

[the_ad id='179']

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे ज्यादा पड़ गई
[the_ad id='15212']
[the_ad id='22854']
[the_ad id='22855']
[the_ad id='22856']

शहर चुनें

Follow Us Now