ध्वजारोहण के साथ नावां में शुरू हुआ राजस्थान शिक्षक संघ (शेखावत) का शैक्षिक सम्मेलन, लाडनूं से बड़ी संख्या में शिक्षक कर रहे हैं सम्मेलन में शिरकत व सहयोग

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

ध्वजारोहण के साथ नावां में शुरू हुआ राजस्थान शिक्षक संघ (शेखावत) का शैक्षिक सम्मेलन,

लाडनूं से बड़ी संख्या में शिक्षक कर रहे हैं सम्मेलन में शिरकत व सहयोग

लाडनूं/ नावां सिटी (kalamkala.in)। राजस्थान शिक्षक संघ (शेखावत) का दो दिवसीय जिला स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन का शुभारम्भ नावां शहर स्थित पीएम श्री राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में किया गया। सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि जिला प्रमुख भागीरथ चौधरी व विशिष्ट अतिथि नावां सिटी पंचायत समिति प्रधान श्रीमती संतोष गुर्जर, स्कूल टीचर्स फैडरेशन ऑफ इंडिया की डेलीगेट श्रीमती सुनीता सिहाग, प्रदेश महामंत्री उपेन्द्र शर्मा व सीबीईओ नावां सिटी हरलाल सिंह कालेर रहे।ध्वजारोहण के बाद जिलाध्यक्ष पेमाराम ढाका की अध्यक्षता में मेजबान शाखा ने सभी मेहमानों का स्वागत-सत्कार किया। प्रदेश महामंत्री उपेन्द्र शर्मा ने अपने सम्बोधन में वर्तमान में शिक्षा की चुनौतियों और समाधान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक अपनी निष्ठा के साथ गुणात्मक शिक्षण कार्य करवा कर शिक्षा के ढांचे को मजबूत करें। उन्होंने यह भी ध्यान दिलाया कि वर्तमान में शिक्षकों पर गैर शैक्षणिक कार्यों का बहुत ज्यादा बोझ डाल दिया गया है, जिससे शिक्षक कक्षा-कक्ष में बहुत कम समय दे पाता है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस तरफ ध्यान देते हुए शिक्षकों को गैर शैक्षणिक कार्यों से पूर्णतया मुक्त करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हाल ही में सरकार ने बड़ी संख्या में प्रधानाचार्यो के स्थानांतरण किए हैं, जिसमें अपने ब्लाॅकों में पद रिक्त होते हुए भी बहुत सारे प्रधानाचार्यो के स्थानांतरण दूर-दराज के जिलों में कर दिया गया है, जिसका राजस्थान शिक्षक संघ (शेखावत) विरोध करता है। स्कूल टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की डेलीगेट श्रीमती सुनीता सिहाग ने शिक्षा के क्षेत्र में आने वाली चुनौतियों, सार्वजनिक शिक्षा पर निजीकरण के मंडराते हुए खतरों का मुकाबला करने के लिए संगठित होकर संघर्ष के लिए तैयार रहने का आह्वान किया और कहा कि वर्तमान के आर्थिक युग में समाज में निजी स्कूलों की तरफ बढ़ते आकर्षण को ध्यान में रखते हुए शिक्षकों को सजगता के साथ गुणात्मक शिक्षण करवाते हुए सार्वजनिक शिक्षा के ढांचे को बचाना है। परबतसर सीबीईओ हरलाल कालेर ने कहा कि राजस्थान शिक्षक संघ (शेखावत) एक बड़ा संगठन है और इस संगठन से जुड़े हुए सभी शिक्षक शिक्षा के क्षेत्र में बहुत अच्छा कार्य कर रहे हैं। वर्तमान समाज की आवश्यकताओं और बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए शिक्षा और शिक्षण कार्यों में गुणात्मक सुधार करने में ही शिक्षक की सफलता है। विशिष्ट अतिथि जिला प्रमुख भागीरथ राम चौधरी ने सम्मेलन में कहा कि शिक्षक का पद गौरवमय है। शिक्षक अपने शिष्यों के सर्वांगीण विकास के लिए अथक प्रयास में लगा रहता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में सभी शिक्षकों को बच्चों के चारित्रिक विकास करते हुए उनमें मानवीय मूल्यों के विकास करने पर ध्यान देते रहना चाहिए। उन्होंने पूरे जिले की स्कूलों के भौतिक विकास और निर्माण के कार्यों की कोशिश करता रहने का भरोसा भी दिलाया तथा सम्मेलन में संगठन द्वारा उठाई गई शिक्षकों की मांगों को विभाग और सरकार तक पहुंचाने का काम करने का विश्वास दिया। सम्मेलन को नावां सिटी एसीबीईओ मालचंद नेटवाल, नावां यूसीईओ हितेश कुमार गौड़, प्रदेश उपाध्यक्ष चेतन प्रकाश राजपुरोहित, रामस्वरूप चौधरी, संगठन के पूर्व जिलामंत्री किस्तूरमल वर्मा, सभाध्यक्ष सहदेव मण्डा लाडनूं और जिला मंत्री मौहम्मद शकील ने भी संबोधित किया। लाडनूं ब्लॉक अध्यक्ष नानूराम गोदारा ने बताया कि जिले के सभी ब्लाॅकों से बड़ी संख्या में शिक्षकों ने सम्मेलन में शिरकत की है और आयोजकों द्वारा शानदार व्यवस्थाएं की गई हैं‌। राजस्थान शिक्षक संघ शेखावत लाडनूं की ब्लाॅक कार्यकारिणी के सदस्य ब्लॉक अध्यक्ष नानूराम गोदारा व तहसील महामंत्री सोहनराम डुकिया के नेतृत्व में सम्मेलन आयोजन में मेजबान टीम नावां का सहयोग कर रहे हैं। गोदारा ने बताया कि सम्मेलन के दूसरे दिन खुला सत्र होगा, जिसमें शिक्षा और शिक्षकों की समस्याओं पर विचार-मंथन किया जाकर शिक्षा विभाग व राजस्थान सरकार को सम्मेलन का प्रतिवेदन व मांग पत्र भेजा जायेगा। इस अवसर पर जिले के सभी ब्लाॅकों के ब्लॉक अध्यक्ष व मंत्री उपस्थित रहे और सम्मेलन के संचालन में सहयोग किया।

kalamkala
Author: kalamkala

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे ज्यादा पड़ गई

लाडनूं में एन.आई. एक्ट के 7 मामलों में सजायाफ्ता मुजरिम नितेश वर्मा सोनी को पुलिस ने जयपुर से दबोचा, सजा भुगतने के डर से मुजरिम जयपुर, मुंबई, गुजरात में किराये के मकान बदल-बदल कर रह रहा था और अपनी आईडी में भी कर रहा था बार-बार बदलाव