डेढ साल से सड़कें तोड़ कर वापस सुध नहीं ली रुडिप ने, एलएंडटी की लापरवाही से आएदिन हादसों के हालात बने,
पार्षद अदरीश खां ने ज्ञापन देकर दी धरना-प्रदर्शन की चेतावनी
लाडनूं (kalamkala.in)। शहर में चल रहे सिवरेज कार्य को लेकर सुविधाओं के लिए आतुर लोगों को पिछले कई सालों से केवल असुविधाएं ही देखने और अनुभव करने को मिल रही हैं। यह सब रुडिप व एल एंड टी के अधिकारियों व सब कंट्राक्टरों के मायाजाल के चलते हो रहा है। इन सबसे दु:खी होकर पार्षद अदरीश खां व रुखसाना बानो ने उपखण्ड अधिकारी मिथलेश कुमार, रुडिप के अधीक्षण अभियंता और रुडिप (एडीपी प्रोजेक्ट) के डायरेक्टर को पत्र लिखकर परेशानियों से अवगत करवाया है। एसडीएम को इस सम्बन्ध में सौंपे गए ज्ञापन में नगर पालिका मण्डल लाडनूं के वार्ड नं. 17 व अन्य वार्डों में एल एण्ड टी कम्पनी द्वारा सिवरेज लाईन कार्य के दौरान की गयी लापरवाही की वजह से वार्डों में तोड़ी गयी सड़कों को आज तक दुरूस्त नही करने से आये दिन हो रही दुर्घटनाओं के संबंध में बताया गया है। पत्र में सीवरेज के चैम्बरों के बेतरतीब ढक्कनों, जमीन के धंसने और मकानों में दरारें आने का हवाला भी देते हुए अविलम्ब मौका देखने और सड़कें दुरूस्त करवाने की मांग के साथ अन्यथा धरना-प्रदर्शन की चेतावनी भी दी गई है।
जमीन धंसने लगी, घरों में आई दरारें
ज्ञापन में लिखा गया है कि नगरपालिका मण्डल लाडनूं क्षेत्र में एल एण्ड टी कम्पनी द्वारा सिवरेज लाईन का कार्य किया गया है। वर्ष 2023 से उक्त कम्पनी द्वारा वार्ड नं. 17 लाडनूं में किए जा रहे सिवरेज कार्य में एल एण्ड टी कम्पनी द्वारा लापरवाही से कार्य किये जाने की वजह से सड़कों को बुरी तरह तोड़ दिया गया था, इससे सड़क पर पड़े गड्ढों की वजह से आएदिन हादसे हो रहे हैं। साथ ही सीवरेज के नाला में भर्ती नहीं करने से जमीनें धंस रही है और मकानों में भी दरारें आ गयी हैं। इस पर सभी मोहल्ले वासियों द्वारा स्थानीय प्रशासन व एलएण्डटी कम्पनी को अवगत करवाया गया था, जिन्होनें नगरपालिका मण्डल लाडनूं के कर्मचारियों के साथ जाकर मौका निरीक्षण किया एवं कम्पनी को कार्य सही तरीके से करने हेतु पाबन्द भी किया था, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। आज दिन तक सड़कों की हालात ज्यों की त्यों बनी हुई है। सिवरेज के चैम्बर भी सभी जगह खुले पड़े हैं और कहीं पर तो सड़क से ऊपर निकले हुये हैं, जिनसे आये दिन सड़क हादसे हो रहे हैं।
इन सब सड़कों को खस्ताहाल बना कर छोड़ा
ज्ञापन में बताया गया है कि जो सड़कें क्षतिग्रस्त करके छोड़ दी गई, उनमें मोयलों की बड़ी पोल आमीन खां के घर से अयूब खां के घर तक की सड़क, अदरीश खां पार्षद के घर से याकूब खां के घर व मुमताज खां के घर तक सड़क, बल्लू खां बीजावत के घर से फेरवाड़ी मुराद खां के घर तक की सड़क, मनभरी के घर से सैन मंदिर तक की सड़क और आजम अली खां के घर से लाल खां के घर तक की सड़कें शामिल हैं। इन सड़कों के अलावा वार्ड नं. 8 की सड़कों की भी यही हालात बनी हुई है, जिनके संबंध में भी वार्ड वासियों द्वारा एलएण्डटी कम्पनी व स्थानीय प्रशासन को बार-बार अवगत करवाने के बावजूद कोई मरम्मत अभी तक नहीं करवाई गई है। इससे आये दिन सड़क हादसे हो रहे हैं एवं घरों में दरारें पड़ गयी हैं।वार्डों में टूटी हुई सड़कों की वजह से गन्दगी के भी ढेर भी लग गए हैं, सफाई नहीं हो पाती।
धरना-प्रदर्शन की चेतावनी
ज्ञापन में उपखण्ड अधिकारी से सक्षम अधिकारी को मौके पर भिजवाया जाकर मौका निरीक्षण करवाया जाने एवं लापरवाही से किये गये कार्य को दुरूस्त करवाकर सड़कों की मरम्मत करवाये जाने की मांग की गई है। साथ ही अन्यथा वार्डवासियों द्वारा मजबूरन आर.यू.डी.आई.पी कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन व आन्दोलन करने की चेतावनी दी गई है।




