जाखण माता मंदिर में दानपेटी का ताला तोड़ 45 हजार की चोरी,
एक महिला व दो बच्चों के साथ आए व्यक्ति ने दिया चोरी को अंजाम, सीसीटीवी कैमरे में हुई पूरी वारदात रिकॉर्ड


करनोस/अजमेर (kalamkala.in)। चोरों की हिम्मत इन दिनों बहुत अधिक बढ़ गई है। वे बेधड़क मंदिरों तक को अपनी करतूतों का शिकार बनाने से नहीं चूक रहे हैं। हाल ही में विगत 20 मई को दिनदहाड़े यहां जाखण माता मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए दानपात्र का ताला तोड़ कर उसमें से करीब 45 हजार रुपयों की चोरी कर ली गई। चोरी की इस घटना और उसे अंजाम देने वालों की सारी करतूत वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीसांगन पुलिस को इसकी रिपोर्ट दे दी गई है। साथ ही सीसीटीवी के फुटेज भी पुलिस को सुपुर्द किए गए हैं। सीसीटीवी के अनुसार चोरी करने वाला व्यक्ति एक महिला और दो बच्चों के साथ आया था, ताकि कोई शक नहीं करे। इसके बाद मंदिर में परिक्रमा भी लगाई और दानपात्र का ताला तोड़ कर उसमें से सारी धनराशि निकाल ली। फिर वह रूपयों और ताले को लेकर वहां से चला गया।
पुलिस को रिपोर्ट के साथ सौंपे सीसीटीवी फुटेज
इस बारे में पीसांगन पुलिस थाने के थानाधिकारी को शेरू पुत्र भागूजी माली निवासी रूपाहेल करनोस एवं मंदिर के पुजारी चैनाराम माली ने रिपोर्ट देकर बताया है कि 20 मई को दिन में 12.30 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति जाखण माता मंदिर के दान पात्र का ताला तोड़ कर उसमें रखे करीब 45 हजार रुपए चोरी कर ले गया। जब मंदिर का पुजारी चैनाराम पुत्र तुलसाराम ने इस चोरी की घटना की जानकारी उन्हें व गांव वालों को दी। बाद में मंदिर में पूजा करने जाने पर दान पात्र संभाला, तो देखने पर चोरी का पता चला। वहीं पर लगे सीसीटीवी कैमरे के रिकॉर्ड हुए फुटेज को पेन ड्राइव में साथ में पेश किए गए हैं। पेन ड्राइव में इन फुटेज में दानपात्र में से पैसे निकालते हुये साफ दिखाई दे रहा है। वह ताला को तोड़ते हुये भी नजर आ रहा है। चोरी कर दान पेटी का ताला भी वे ले गए। उसके साथ औरत भी नजर आ रही है। रिपोर्ट से चोरी का मामला दर्ज कर कार्रवाई करने और चोर पकड़ कर माल बरामद करने की मांग की गई है।







