लाडनूं नगर पालिका के अब ढर्रे पर आने की बनी संभावना, अब नहीं रहे पद रिक्त,
ईओ व जेईएन दोनों अधिकारियों ने संभाला पदभार, लम्बे समय से नहीं था यहां जेईएन





लाडनूं (kalamkala.in)। नगर पालिका लाडनूं में अधिशाषी अधिकारी व कनिष्ठ अभियंता पदों पर योग्य अधिकारियों की नियुक्ति और उनके कार्यभार ग्रहण करने के बाद लोगों में उम्मीद जगी है कि लाडनूं के ठप्प पड़े कामों को अब गति मिल पाएगी। अधिशाषी अधिकारी के रूप में लाडनूं नगर पालिका में पहले यह चुके ईओ भगवान सिंह ने कार्यभार संभाला है। वे डीडवाना नगर परिषद में भी ईओ के रूप में पदस्थापित हैं और उसके साथ अब लाडनूं का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालेंगे। अब तक लाडनूं में छापर नगर पालिका के ईओ भवानी शंकर व्यास कार्यभार देख रहे थे। उनके समय में करीब 7 महिनों से ईओ का पद रिक्त होने से महत्वपूर्ण कार्य भी ठप्प ही पड़े थे। अब वापस नगर पालिका के कामों के सही ढर्रे पर आने की संभावना है। अब लाडनूं नगर पालिका में कनिष्ठ अभियंता के पद पर डीडवाना नगर परिषद के जेईएन पन्नालाल गुर्जर को अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। जेईएन ने भी बुधवार को लाडनूं में कार्यग्रहण कर लिया। ईओ भगवान सिंह सोमवार को ही पदग्रहण कर चुके। दोनों अधिकारियों का बुधवार को सभी पालिका कर्मियों द्वारा स्वागत-सम्मान साफा पहनाकर और माल्यार्पण द्वारा किया गया। इस अवसर पर पालिका कार्मिकों में अखिलेश पारीक, संजय बारासा, राजेन्द्र सिंह पंवार, आत्माराम, नंदकिशोर चौधरी, संगीता कंवर, बाबूलाल ठोलिया, श्याम बारासा, रघुनाथ चारण आदि उपस्थित रहे।





