लाडनूं क्षेत्र में समरसता संकल्प अभियान के तहत पवित्र रज कलश वंदन यात्रा एवं देव-दर्शन यात्रा का आयोजन रविवार को,
भाजपा जिलाध्यक्ष सुनीता माहेश्वरी लाडनूं पहुंची, देव दर्शन यात्रा की तैयारियों का लिया जायजा, किया गया भव्य स्वागत



लाडनूं (kalamkala.in)। आगामी दिनों में आयोजित होने वाली देव दर्शन यात्रा एवं संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित समरसता संकल्प अभियान को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है।यात्रा की तैयारियों को लेकर भाजपा जिला संगठन के पदाधिकारियों एवं लाडनूं विधानसभा क्षेत्र के मंडल पदाधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। इस दौरान नागौर देहात भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती सुनीता माहेश्वरी करणी निवास पहुंचीं और यात्रा की तैयारियों का जायजा लिया।भाजपा जिलाध्यक्ष सुनीता माहेश्वरी का यहां भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया गया।इस दौरान उन्होंने यात्रा की तैयारियों, कार्यकर्ताओं की भागीदारी, मंदिरों में दर्शन की व्यवस्था तथा कार्यक्रम को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक समरसता, सेवा और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए भी लगातार कार्य करता है।
उन्होंने कहा कि संत रविदास महाराज का जीवन समाज में समानता और भाईचारे की प्रेरणा देता है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का संदेश मजबूत होता है।
देव दर्शन के साथ की जाएगी नगर पालिका और पंचायत चुनाव में विजय की कामना
इस अवसर पर भाजपा नेता ठा. करणी सिंह ने कहा कि देव दर्शन यात्रा का उद्देश्य क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों में पहुंचकर भगवान के दर्शन करना तथा धार्मिक एवं सामाजिक सद्भाव का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता यात्रा के माध्यम से विभिन्न मंदिरों में जाकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में लाडनूं नगर पालिका में भाजपा का बोर्ड बने और भाजपा का प्रधान चुना जाए, इसके लिए भी कार्यकर्ताओं द्वारा भगवान से आशीर्वाद लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पूरी श्रद्धा और विश्वास के साथ देव दर्शन यात्रा में शामिल होंगे।
लोगों तक पहुंचाएंगे सामाजिक समरसता, समानता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश
भाजपा मंडल अध्यक्ष गौतम दत्त शास्त्री ने कहा कि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में समरसता संकल्प अभियान के तहत पवित्र रज कलश वंदन यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संत रविदास महाराज ने समाज को समरसता, समानता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने और सामाजिक भेदभाव को दूर करने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि रज कलश वंदन यात्रा के माध्यम से संत रविदास महाराज के आदर्शों एवं उनके समरसता के संदेश को प्रत्येक वर्ग और प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि यात्रा को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में आमजन एवं भाजपा कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करें।
जन-जन तक पहुंचाएंगे संत रविदास के संदेश
बैठक के दौरान लाडनूं विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मंडलों से पहुंचे भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने यात्रा को लेकर अपने सुझाव दिए तथा बताया कि देव दर्शन यात्रा धार्मिक आस्था के साथ-साथ संगठनात्मक एकजुटता और सामाजिक समरसता का संदेश देने वाली यात्रा होगी। यात्रा के माध्यम से संत रविदास महाराज के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और समाज में आपसी भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।कार्यकर्ताओं ने बताया कि देव दर्शन यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं भाजपा कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। यात्रा के दौरान क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों में दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और विकास की कामना की जाएगी।
ये सब रहे बैठक में उपस्थित
बैठक में जिला मंत्री एडवोकेट गोविंद सिंह कसूम्बी, जिला मंत्री नितेश माथुर, हनुमान मल जांगिड़, प्रवीण जोशी, हनुमान प्रसाद शर्मा ध्यावा, टोडरमल प्रजापत, बच्छराज नागपुरिया, सुशील शर्मा दाधीच, सुरेंद्र जांगिड़, भवानी सिंह घिरड़ौदा, ओड़ींट सरपंच गणेश चबराल, सुरेश खींची सहित भाजपा संगठन के पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।







