जयपुर के ग्राम दादिया में सेवा संकल्प सभा में राज्य के नवनिर्वाचित निकाय प्रमुखों, पार्षदों का किया स्वागत, दिया काम करने का मंत्र,
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भरी पंचायत चुनाव के लिए हुंकार


लाडनूं (kalamkala.in)। भारतीय जनता पार्टी के आदर्श पुरुष एवं पथप्रदर्शक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती के अवसर पर जयपुर के दादिया ग्राम में आयोजित ‘विशाल सेवा संकल्प सभा’ में लाडनूं से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं नगर पालिका के नवनिर्वाचित जन प्रतिनिधि गण सम्मिलित हुए। भाजपा के विधानसभा प्रवासी प्रभारी राकेश शर्मा ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी पंचायत से पार्लियामेंट तक राजनीति का मूल आधार ‘सेवा’ और ‘अंत्योदय’ को ही मानती है। इसी कारण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनकल्याणकारी नीतियों से देश भर में गरीबों के जीवन में वास्तविक बदलाव आ रहा है। साथ ही सभी स्थानीय निकायों को सुशासन के सशक्त माध्यम के रूप में विकसित करते हुए भाजपा इन योजनाओं का लाभ हर गांव और हर वार्ड तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी के संकल्प के साथ राजस्थान सरकार द्वारा 2,636 करोड़ रुपयों के 929 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है तथा 36 लाख लाभार्थियों को 400 करोड़ रुपयों की डीबीटी राशि हस्तांतरित की गई है। शर्मा ने बताया कि दादिया के कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के अलावा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, सहित वरिष्ठ नेतागण एवं पदाधिकारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित सभी प्रादेशिक नेताओं व वक्ताओं ने पंचायत चुनावों के लिए सबसे सहयोग का आह्वान किया। इस अवसर पर नवनिर्वाचित नगर निकाय प्रमुखों व पार्षदों का स्वागत किया गया और उन्हें जनहित के काम करने के लिए प्रेरित किया गया। इस कार्यक्रम में लाडनूं से विधानसभा प्रभारी राकेश शर्मा, महिला मोर्चा की पूर्व जिलाध्यक्ष सुमित्रा आर्य, बस प्रभारी राधेश्याम सांखला, भाजपा के शहर महामंत्री महावीर गुर्जर, युवा मोर्चा के दीपक जांगिड़, पार्षद मोहन सिंह चौहान, नवीन कुमार मेघवाल, असगर शेख, नेमाराम भानावत, श्रवण कुमार घोटिया, वार्ड नंबर 15 की पार्षद मंजू कंवर, वार्ड नंबर 9 से उमरदीन पठान, हुलास प्रजापत, गंगाराम रैगर, गोविंद सिंह सोलंकी, रामावतार सैनी, पवन सिंह बड़गूजर, बुद्धि सिंह राठौड़, मदन गोपाल शर्मा, बजरंगलाल प्रजापत, राजेश सांखला आदि ने भाग लिया।



