लाडनूं के 11 केंद्रों पर 3120 परीक्षार्थियों ने दी डीएलएड की परीक्षा
लाडनूं (अबू बकर बल्खी रिपोर्टर)। उच्च माध्यमिक परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके छात्र स्नातक व बी.एड का सामूहिक कोर्स करने के इच्छुक विद्यार्थियों ने शनिवार को प्री डीएलएड की परीक्षा में अपना भाग्य आजमाया। लाडनूं के 11 केंद्रों पर 3 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं की परीक्षा सुरक्षा बंदोबस्त के साथ लाडनूं ब्लॉक के 11 केंद्रों पर आयोजित की गई, जिसके सफल संचालन के लिए मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रामचन्द्र भाटी ने सभी केंद्रों को सतर्कता संबन्धी विशेष निर्देश जारी किए हैं। भाटी ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर वीक्षकों की व्यवस्था व पीने के पानी एवं नकल सम्बन्धी सुरक्षा रखने आदि की व्यवस्थाओं के निर्देश दिए गए। लाडनूं की केशरदेवी बालिका स्कूल में परीक्षा देने आए 384 परीक्षार्थियों को प्रिंसिपल ओमशंकर गर्वा ने परीक्षा पूर्व आवश्यक निर्देश देकर चैकिंग कर केंद्र पर भेजा। मॉडल स्कूल निम्बीजोधां में प्रिंसिपल सुनीलदत्त शर्मा ने बताया कि यहां सुरक्षा इंतजाम के लिए सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, वहीं परीक्षा पूर्व अन्य आवश्यक तैयारियां की गई थी। यहां 360 विद्यार्थियों की सीट अलॉट की गई। जौहरी उच्च माध्यमिक विद्यालय प्रिंसिपल जयनारायण रैगर के अनुसार 504 परीक्षार्थियों का यहां परीक्षा बंदोबस्त किया गया। इसी प्रकार भूतोड़िया स्कूल में 264 वहीं जसवंतगढ़, मंगलपुरा व दुजार सहित कुल 11 केंद्रों पर 3120 परीक्षार्थी डीएलएड की परीक्षा देने पहुंचें। इसके लिए सभी केंद्रों पर पुलिस जाब्ता भी तैनात रहा। यह परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक 3 घण्टे तक शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित हुई।




