तेरापंथ महिला मंडल को ऊंचे शिखर पर ले जाने का प्रयत्न जारी रहेगा- आरती कठोतिया,
महिला मंडल के चुनाव सम्पन्न, आरती सर्वसम्मति से अध्यक्ष निर्वाचित


लाडनूं (kalamkala.in)। तेरापंथ महिला मंडल लाडनूं के चुनाव में सर्वसम्मति से आरती कठोतिया को चुना गया है। चुनाव अधिकारी पुष्पा बैद ने इससे पहले मौजूदा पदाधिकारी कार्य समितियों के पद का विसर्जन करवाया और फिर नवनिर्वाचन प्रक्रिया शुरू की। नए अध्यक्ष पद के लिए केवल एक नाम का प्रस्ताव मिला। आरती कठौतिया का एक ही नाम आने से उसे सर्वसम्मति से पारित करवाया गया। इस अवसर पर कन्या मंडल लाडनूं की संयोजिका कोमल चौरडिया को एवं उपसंयोजिका वर्षा चोपड़ा को बनाया गया।
निवर्तमान अध्यक्ष ने किया सबसे खम्मत-खामणा
बैठक में नवनिर्वाचित अध्यक्षा आरती कठौतिया ने अपने भावों को व्यक्त करते हुए कहा कि वे अपने कार्यकाल में अपनी टीम के साथ तेरापंथ महिला मंडल लाडनूं को और ऊंचे शिखर पर ले जाने के लिए प्रयत्नशील रहेंगी। निवर्तमान अध्यक्षा सुमन गोलछा ने सभी से खम्मत खामणा करते हुए सबके सहयोग की सराहना की और कहा कि सबके सहयोग के बिना कोई कार्य संपन्न नहीं हो पाता। उन्होंने आगामी कार्यकाल वर्ष 2025-2027 के लिए महिला मंडल के अध्यक्ष पद पर आरती कठौतिया को सर्वसम्मति से नियुक्त किया जाने पर स्वागत करते हुए सभी से उनका पूरा सहयोग करने की आशा व्यक्त की। वृद्ध सेवा केंद्र व्यवस्थापिका साध्वीश्री कार्तिक यशा ने प्रेरणा पाथेय प्रदान किया एवं मंगलपाठ सुनाया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष को लगा बधाइयों का तांता
निर्वाचन के बाद राष्ट्रीय ट्रस्टी कल्पना बैद, श्राविका-गौरव सुश्री मानक कोठारी, श्राविका-गौरव सुश्री कमला कठौतिया, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य प्रीति घोषल, उपासिका डॉ. सुशीला बाफना, परामर्शक शोभा दूगड़, कार्यकारिणी सदस्य सुनीता बैद, पूर्व मंत्री नीता नाहर आदि ने नव निर्वाचित अध्यक्ष को बधाईयां देते हुए अपनी भावना व्यक्त की। पार्षद रेणु कोचर ने गीतिका प्रस्तुत करके नई अध्यक्ष को अपनी बधाई दी। साथ ही
रेणु कोचर व राजश्री भूतोड़िया ने नई अध्यक्ष के सम्मान में बधाई गीत भी गाया।
वार्षिक प्रतिवेदन व आय-व्यय का लेखा प्रस्तुत किया
निर्वाचन प्रक्रिया से पूर्व तेरापंथ महिला मंडल की वर्ष 2024-2025 की साधारण सभा की अध्यक्ष सुमन गोलछा की अध्यक्षता में 20 जून को आयोजित बैठक में मंत्री राज कोचर ने पूर्व मीटिंग की कार्यवाही प्रस्तुत करके उसकी पुष्टि करवाई। उन्होंने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और उसे सदन से पारित करवाया कोषाध्यक्ष हेमा मोदी द्वारा आय-व्यय का वित्तीय वर्ष का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया। कन्या मंडल प्रतिवेदन सुश्री स्वीटी फूलफगर द्वारा सुनाया गया एवं पारित करवाया गया।अध्यक्ष सुमन गोलछा द्वारा सभी बहनों का स्वागत किया गया।
आमृतम् के ट्रस्टियों की जानकारी दी व भोजनशाला के अनुदान बताए
बैठक के दौरान परामर्शक शोभा दूगड़ ने अमृतम् के ट्रस्टियों के बारे में जानकारी प्रदान की एवं उनके भोजनशाला में आए अनुदानों के बारे में बताया। बैठक में श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथ महिला मंडल के संविधान का वाचन सुनीता बैद ने किया।अधिवेशन में मंगलाचरण सामूहिक रूप से किया गया। नमस्कार महामंत्र का जाप किया गया और लोगस्स का पाठ किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय ट्रस्टी आरती कठौतिया, राष्ट्रीय ट्रस्टी कल्पना बैद, परामर्शक सुशीला बोकड़िया, संरक्षिका राजुल चौरडिया, सिलचर की नवनिर्वाचित अध्यक्ष रेखा चौरडिया आदि की उपस्थिति रही। बैठक का संचालन उपाध्यक्ष सुमन बैद ने किया। अंत में आभार ज्ञापन मंत्री राज कोचर ने किया। बैठक में कन्या मंडल व महिला मंडल की बहनें मौजूद रहीं।







