डीडवाना में 100 से अधिक लोगों के धर्म परिवर्तन का मामला उजागर, आरोपी युवक लालचंद डेविड को किया गिरफ्तार, गरीब लोगों को बहला-फुसलाकर बनाता था ईसाई

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

डीडवाना में 100 से अधिक लोगों के धर्म परिवर्तन का मामला उजागर,

आरोपी युवक लालचंद डेविड को किया गिरफ्तार, गरीब लोगों को बहला-फुसलाकर बनाता था ईसाई

डीडवाना (kalamkala.in)। डीडवाना क्षेत्र से धर्म परिवर्तन से जुड़ा एक मामला सामने आया है, जिसमें आरोपी क्षेत्र में धर्म परिवर्तन का अभियान चला रहा था। इसकी रिपोर्ट डीडवाना पुलिस थाने में पहुंचकर एक युवक ने रिपोर्ट दी है। इस युवक की रिपोर्ट के आधार पर डीडवाना थाने में प्रकरण धारा 299 बी.एन.एस. एवं 3/5 राजस्थान विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत दर्ज किया गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राजस्थान के 4 जिलों में यह धर्म-परिवर्तन अभियान चलाया जा रहा है, जिनमें नागौर, डीडवाना, सीकर और झुंझुनू क्षेत्र में दलित, गरीब और जरूरतमंद लोगों को धर्म परिवर्तन करवाया जा रहा है।इसमें प्रथम दृष्टया 100 से अधिक लोगों को ईसाई धर्म परिवर्तन करवाने की सूचना मिल रही है। इस बारे में पुलिस जांच के बाद ही पूरा खुलासा हो पाएगा। धर्म-परिवर्तन सम्बंधी आंकड़े बढ़ और घट भी सकते हैं।

हिंदू देवी-देवताओं की पूजा नहीं करने और प्रभु यीशु की आराधना करने का बनाता था दबाव

डीडवाना पुलिस द्वारा धर्म परिवर्तन के मामले में गिरफ्तार आरोपी युवक लालचंद डेविड है। यह डीडवाना क्षेत्र में लोगों को उकसाकर और दबाव बनाकर धर्म परिवर्तन करवाने के काम में लगा हुआ था। इस आरोपी पर आरोप है कि उसने गरीब और पिछड़े वर्ग के 15 से अधिक लोगों को बहला-फुसलाकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए मजबूर किया। आरोपों के अनुसार लालचंद डेविड लोगों पर हिंदू देवी-देवताओं की पूजा नहीं करने और प्रभु यीशु की आराधना करने का दबाव बनाता था। इस संबंध में डीडवाना निवासी युवक राहुल ने डीडवाना पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।

डीडवाना में गरीब व दलितों को बनाया धर्म-परिवर्तन के लिए निशाना

पुलिस उप अधीक्षक जीतू सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में धर्म परिवर्तन की पुष्टि हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लालचंद डेविड पहले हिंदू धर्म का अनुयायी था। करीब आठ वर्ष पूर्व अपनी माता की बीमारी के दौरान वह ईसाई पादरियों के संपर्क में आया। माता के स्वस्थ होने को चमत्कार मानते हुए उसने ईसाई धर्म अपना लिया। इसके बाद से वह ईसाई धर्म के प्रचार-प्रसार में सक्रिय हो गया। कुछ समय पहले आरोपी डीडवाना आया, जहां उसने हरिजन समाज के गरीब और कम शिक्षित लोगों को निशाना बनाकर उन्हें बरगलाना शुरू किया। उसके प्रभाव में आकर कई लोगों ने धर्म परिवर्तन कर लिया। पुलिस जांच में यह तथ्य भी उजागर हुआ कि एक युवती ने आरोपी के प्रभाव में आकर धर्म परिवर्तन किया और अपनी शादी के कार्ड में ईसाई धर्म से जुड़े प्रतीक और प्रभु यीशु की शिक्षाएं भी छपवाईं।जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, धर्म परिवर्तन के और भी मामले सामने आने लगे। इसके बाद पुलिस ने आरोपी लालचंद डेविड को गिरफ्तार कर लिया।

मिशनरी समूह सम्बंधी जांच जारी

फिलहाल पुलिस आरोपी से सघन पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसने अब तक कितने लोगों का धर्म परिवर्तन करवाया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किसी मिशनरी समूह से जुड़ा है या उसे किसी प्रकार की फंडिंग मिल रही है। पुलिस मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है।

kalamkala
Author: kalamkala

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे ज्यादा पड़ गई

शहर चुनें

Follow Us Now