लम्पी बीमारी से ग्रस्त होकर मरी गायों को दफनाया
मूण्डवा (रिपोर्टर लाडमोहम्मद खोखर)। कहीं भी मरी हुई गायों के पाए जाने की सूचना अविलम्ब राजीव गांधी सेवा केंद्र में देने की अपील की गई है। दूसरी तरफ पंचायत समिति मूंडवा के गांव रूण में इन दिनों लंपी बीमारी से ग्रस्त गायों के मरने का दौर जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक 100 से ज्यादा गायें मर चुकी हैं, जिन्हें 132 जीएसएस रूण के पास और इंदोकली मार्ग पर स्थित हड्डी खोड़ा में दफनाया जा रहा है।
इस पुनीत कार्य के लिए ग्राम पंचायत ने कार्यक्रम प्रभारी भूटाराम गोलिया और रवि गोलिया को बनाया है। ग्राम पंचायत सरपंच इंदिरा देवी गोलिया ने बताया कि अब मरी हुई गायों को सड़क के किनारे नहीं डाला जाएगा, उन्हें तुरंत खान में डालकर दफनाया जाएगा, ताकि आसपास के कॉलोनी वालों को और सड़क मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों को बदबू से परेशानी नहीं हो। इस कार्य के लिए बुधवार को काफी युवाओं ने भी सहयोग दिया।
ग्राम पंचायत रूण के ग्रामसेवक राजेंद्र मिर्धा ने आह्वान किया है कि कहीं पर भी ऐसी बीमारी से ग्रस्त घरेलू गाय है, तो उनका तत्काल इलाज करवाएं और लावारिस आवारा गाय कहीं पर मरी हुई पाई जाती हैं, तो इसकी सूचना राजीव गांधी सेवा केंद्र में जरूर देवें, ताकि उचित स्थान पर दफनाया जा सके। बुधवार को इस कार्य में साबिर अली, सुनील देपन, इंसाफ कुरेशी, कालू खान, मोहम्मद रफी और अशफाक अली ने गायों को दफनाने में सहयोग किया।







