पिस्तौल, सरिए व लाठियां लेकर स्विफ्ट गाड़ी में आए आधा दर्जन बदमाशों ने गंभीर मारपीट व लूटपाट की,
दुजार में बीच रास्ते मोटर साईकिल को रुकवा कर की वारदात और जान से मारने की दी धमकी
लाडनूं (kalamkala.in)। पिस्तौल, सरिए व लाठियां लेकर स्विफ्ट गाड़ी से आकर करीब आधा दर्जन बदमाशों द्वारा मोटर साइकिल पर जा रहे लोगों को रास्ते में रुकवा कर मारपीट, लूटपाट व नुकसान पहुंचाने के साथ जान से मारने की धमकी देने का एक मामला स्थानीय पुलिस ने दर्ज कर जांच शुरू की है। इस मामले की रिपोर्ट पुलिस को ग्राम दुजार निवासी निवाज मोहम्मद पुत्र इब्राहीम जी सिलावट ने दी है। इस रिपोर्ट के अनुसार निवाज मोहम्मद सिलावट का पुत्र अजहरू और दो भतीजे शरीफ पुत्र जाफर हुसैन, आसिफ पुत्र जाफर हुसैन अपनी मोटरसाईकिल आरजे 37 एसवाई 6867 लेकर सुबह 8 बजे काम के लिये जा रहे थे, तभी विकास मार्बल दुजार के पास अभियुक्तगण असलम पुत्र रमजुदीन, इमरान पुत्र रमजुदीन व तीन चार अन्य व्यक्ति, जो कि सफेद रंग की स्विफ्ट गाड़ी से आये और उसके भतीजों व पुत्र का रास्ता रोका। असलम हाथ में पिस्टल लिये उसके भतीजों व पुत्र की तरफ आया व अन्य मुल्जिमान हाथों में सरिए व लकड़ियां लिये हुये थे। वो आये तथा भतीजों व पुत्र के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस मारपीट में उसके भतीजे शरीफ को काफी गंभीर चोटें आयी हैं श। मुल्जिमानों ने भतीजे शरीफ के गुप्तांगो पर लातों से वार किया व भतीजों की मोटर साईकिल को सरियों से बुरी तरह से तोड़-फोड़ दिया, जिससे करीब 50 हजार रूपयें का नुकसान हुआ है। साथ ही मुल्जिमानों ने भतीजे की जेब से 11 हजार रूपये भी लूट लिये तथा पुत्र की जेब से 5 हजार रूपये लूट लिये। उन लोगों ने धमकी दी है कि कुछ दिन पहले उनकी मां ने उनके खिलाफ जो मुकदमा दर्ज करवाया है, उसके बदले यह सिर्फ ट्रेलर है। अभी तो तुम लोगों को जान से मारना भी बाकी है। रिपोर्ट में बताया गया है कि मुल्जिमानों द्वारा मारपीट से उसके भतीजे शरीफ के गुप्तांगो पर गंभीर चोट आयी तथा फ्रेक्चर भी आये हैं। उसके पुत्र व दूसरे भतीजे के भी चोटें आयी है। रिपोर्ट में असलम को गंभीर अपराधिक प्रवृति का व्यक्ति बताते हुए लिखा है कि उसके खिलाफ काफी पुलिस थानों में मुकदमें दर्ज हैं। साथ ही सभी मुल्जिमान को आपराधिक प्रवृति के व्यक्ति बताते हुए उनके द्वारा खुलेआम अपराध करने को समाज के लिये घातक बताते हुए मुकदमा दर्ज कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्यवाही करने तथा हमसे लूटे हुए रूपयों व नुकसान की भरपायी करवाने की मांग की गई है। पुलिस ने यह मामला धारा 115 (2), 126 (2) बीएनएस सन 2023 के तहत दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई चैनाराम को सौंपी गई है।






