लोगों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है सुखदेव आश्रम के मोड़ पर बना क्षतिग्रस्त बड़ा नाला,
नाले में गिरा एक व्यक्ति, लोगों ने मिलकर निकाला, पार्षद सुमित्रा आर्य ने दिलाया तत्काल अधिकारियों ध्यान, रात भर में दुरुस्त किया जाएगा नाला




लाडनूं (kalamkala.in)। यहां बस स्टेंड से कुछ ही दूर सुखदेव आश्रम के तोलाराम जैन सभागार के कोर्नर पर लम्बे समय से क्षतिग्रस्त नाले के चलते बढा दुर्घटनाओं का अंदेशा लगातार फलीभूत होता जा रहा है। गुरुवार को इस नाले में एक व्यक्ति गिर गया और बुरी तरह कीचड़ में लिपट गया और चोटें भी आई। इस वरिष्ठ नागरिक को शरीर और हाथ-पैरों पर काफी चोटें लगी हैं। राहगीरों व आसपास के लोगों की मदद से उन्हें बाहर निकाला जा सका। बचाव करने वालों में चम्पालाल सैनी टाक, रामलाल टाक आदि ने मदद करते हुए उसे बाहर निकलवाया।
पहले भी गिर चुके हैं अनेक दोपहिया-चौपहिया वाहन
इससे पहले काफी वाहन और बसें तक के टायर इस नाले में धंसे और उन्हें काफी नुकसान पहुंचा। लंबे समय से यह खुला हुआ बड़ा नाला दुर्घटनाओं को अंजाम दे रहा है। आएदिन इसमें दुपहिया व चौपहिया वाहन गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। कई बार बड़ी बसों के टायर भी इसमें उतर जाने से बस में बैठे यात्रियों की जान गले में आ गई। बस पूरी टेढी होकर ड्राइवर के कंट्रोल से बाहर हो गई,जिसे अन्य वाहनों की मदद से काफी मशक्कत करके निकाला जा सका। अनेक टेंपू और कार व बाइकें भी गिर चुकी हैं। इस तरह यह खुला नाला कभी भी लोगों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है।
बस स्टेंड के पानी निकासी का है सबसे बड़ा माध्यम
बस स्टैंड के समीप स्थित सुखदेव आश्रम के मोड पर बना यह बड़ा खुला नाला शहर भर और बस स्टेंड पर जल भराव की निकासी का सबसे बड़ा साधन है। इसी नाते से बरसों-बरस से सारा पानी पास के ही खंदेड़ा में जाता रहा है। नगर पालिका समय-समय पर इस खंदेड़े को जेसीबी से खुदवाती भी रही है, ताकि पानी की पर्याप्त निकासी की जा सके। लेकिन, समुचित देखभाल और नियमित मरम्मत के अभाव में इसकी पूरी दुर्दशा हो रही है। यह नाला इस सुखदेव आश्रम के मोड़ के पास बहुत अधिक चौड़ा हो गया और वाहनों के टर्न करने के दौरान यहां हादसे की संभावना बनी रहती हैं।
आज रात में ही हो जाएगा यह नाला सही
इस नाले में गुरुवार को एक व्यक्ति के गिरने की खबर पर पार्षद सुमित्रा आर्य ने तत्काल नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी हरेन्द्र चौधरी से सम्पर्क कर स्थिति बताई तथा उनको मौके के फोटो भेजे। इस पर उन्होंने आश्वस्त किया कि आज रात में इस नाले पर काम किया जाकर इसे दुरुस्त करवा दिया जाएगा।






