पुलिस और जनता के बीच मजबूत संवाद और भरोसे का पुल बनकर महिला अपराधों को रोकने में मदद करती हैं सुरक्षा सखियां- एसपी प्यारेलाल शिवराण,
लाडनूं में सुरक्षा सखियों एवं युवा सीएलजी सदस्यों को बताए गए कर्तव्य और समाज में भूमिका

लाडनूं (kalamkala.in)। यहां पंचायत समिति स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग हॉल में लाडनूं वृत के समस्त सीएलजी सदस्यों एवं सुरक्षा सखियों की बैठक मंगलवार को जिला पुलिस अधीक्षक प्यारेलाल शिवरान की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में एसपी शिवरान ने कहा कि सुरक्षा सखी योजना महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए राजस्थान पुलिस की एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके तहत हर पुलिस थाने पर स्थानीय महिलाओं और बालिकाओं को ‘सुरक्षा सखी’ के रूप में जोड़ा जाता है, जो पुलिस और आम जनता के बीच एक मजबूत संवाद और भरोसे का पुल बनकर महिला अपराधों को रोकने में मदद करती हैं। इस अवसर पर उपस्थित युवा सीएलजी सदस्यों से मुखातिब होकर उन्होंने कहा कि युवा सीएलजी सदस्य राजस्थान पुलिस और युवाओं के बीच बेहतर तालमेल और जन-सहयोग स्थापित करने की एक पहल है। इसमें शामिल युवाओं द्वारा समाज में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रयास किया जाता है। साथ ही समाज में नशा मुक्ति व साइबर क्राइम की रोकथाम में इन युवा सीएलजी सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उन्होंने युवाओं को नशे की लत और बढ़ते साइबर अपराधों के खिलाफ जागरूक करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि यह युवा वर्ग पुलिस और जनता के बीच सेतु का काम करेगा। पुलिस प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद और विश्वास की कड़ी बनने के साथ ही कानून-व्यवस्था में भी सहयोग करेंगे और ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार के लिए मदद, स्थानीय विवादों का समाधान करने में सहयोग और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में इनकी भूमिका रहेगी।
मुख्यमंत्री ने वीसी से बताए दायित्व
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी युवा सीएलजी सदस्यों और सुरक्षा सखियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संवाद किया और उनकी भूमिका व कर्तव्यों की जानकारी दी। इस दौरान जिला पुलिस अधीक्षक प्यारेलाल शिवराण, पुलिस उप अधीक्षक जितेंद्र सिंह चारण, लाडनूं थानाधिकारी शिम्भुदयाल मीणा, जसवंतगढ व निम्बी जोधां के थानाधिकारी, कालिका पैट्रोलिंग टीम की महिला कांस्टेबल किरण तथा सुरक्षा सखी सुमित्रा आर्य, पूनम आर्य, विमला शर्मा, संतोष स्वामी, सुमन, संतोष देवी समना, इन्द्रमणि, सुमन स्वामी, रेणु कोचर, डॉ. विजयश्री शर्मा, श्वेता सांखला आदि सुरक्षा सखियों के साथ युवा सीएलजी सदस्य उपस्थित रहे।







