लाडनूं में गणगौर की बोलावणी का विशाल मेला 22 मार्च को, राहू कुआं पर होंगे फेरे, शनिवार को तीन स्थानों पर लगेंगे छोटे मेले,
ड्रॉन कैमरों से होगी मेले की निगरानी, मेला को लेकर तैयारियां युद्ध स्तर पर, राहू कुआं व गौर के चबूतरे का किया गया नवीनीकरण, कार्यकर्ता रहेंगे श्वेत वस्त्रों और साफे में


लाडनूं (kalamkala.in)। राज्य भर में प्रसिद्ध लाडनूं के गणगौर के मेले की तैयारियों को अंतिम रूप देने में कार्यकर्ता युद्ध स्तर पर जुटे हुए हैं। श्री गणगौर मेला समिति के साथ नगर पालिका लाडनूं भी कंधे से कंधा जोड़ कर गणगौर मेला को व्यवस्थित, भव्य और सुविधाजनक बनाने में लगी हुई है। इन तैयारियों के तहत गणगौर के मुख्य पूजास्थल एवं फेरा-स्थल राहु कुआं पर रंग-रोगन का कार्य पूरा हो चुका है। इस पर बड़े अक्षरों में गणगौर मेला समिति का नाम अंकित कर दिया गया है। इसी तरह गांधी चौक में सब्जी मंडी के गढ़ परिसर स्थित प्राचीन गणगौर चबूतरे की मरम्मत का कार्य भी पूरा किया जा चुका है। इस गणगौर चबूतरे पर भी रंग-रोगन का कार्य किया जा चुका है।
चिकित्सा, पेयजल, सफाई, सुरक्षा व दमकल की रहेगी व्यवस्था
मेला सम्बंधी अन्य व्यवस्थाओं में साफ-सफाई व सुरक्षा के संपूर्ण बंदोबस्त किए जा रहे हैं। सुरक्षा के लिहाज से इस संपूर्ण मेले की फोटोग्राफी के साथ ही ड्रोन कैमरे से वीडियोग्राफी भी करवाई जाएगी। मेलार्थियों के लिए पेयजल की व्यवस्था विभिन्न संगठनों द्वारा प्याऊ लगाई जाएगी तथा नगर पालिका द्वारा पानी के टैंकर भी खड़े करवाए जाएंगे। मेले में किसी भी अनहोनी के मुकाबले के लिए दमकल की व्यवस्था दुरुस्त रहेगी। मेले में स्वास्थ्य और उपचार के लिए प्राथमिक चिकित्सा के भी पुख्ता बंदोबस्त रहेंगे। गणगौर मेला समिति ने अपने समस्त कार्यकर्ताओं के लिए ड्रेस कोड तय किया है, जिसके अनुसार सभी कार्यकर्ता सफेद वस्त्र व साफा पहन कर उपस्थित रहेंगे।
शनिवार 21 मार्च को तीन स्थानों पर होंगे छोटे मेले
गणगौर की सवारी शनिवार शाम को 4 बजे सत्यनारायण मंदिर से शोभा यात्रा के रूप में निकाली जाएगी और गांधी चौक में छोटा मेला आयोजित किया जाएगा। इसी प्रकार चारभुजा मंदिर से गणगौर की प्रतिमा सेवक चौक में दोपहर 3 बजे विराजेंगी, जहां छोटा मेला भरेगा। इस बार तीसरी गणगौर कुम्हारों का बास में गली नं. 13 से शाम 5 बजे निकलेगी और वहां भी छोटा मेला आयोजित किया जाएगा।
बोलावणी का मेला रविवार 22 मार्च को
गणगौर का बड़ा मेला बोलावणी का मेला रविवार को भरा जाएगा, जो राहुगेट के राहू कुआं तक बस स्टैंड क्षेत्र में रह विशाल मेला रहेगा। शहर की तीनों गौर व ईशर की प्रतिमाएं शोभायात्रा के साथ राहूकुआं शाम 5 बजे पहुंचेगी और राहू कुआं पर उनकी पूजा-दर्शन और फेरों की रस्म की अदायगी की जाएगी।







