लाडनूं नगर पालिका के भ्रष्टाचार की जांच, स्थाई ईओ लगाने, सफाईकर्मी भर्ती में वाल्मीकि समाज को ही लगाने की मांग की,
भाजपा जिलाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री के ओएसडी से मुलाकात कर उठाई लाडनूं की विभिन्न समस्याएं
लाडनूं (kalamkala.in)। भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष जगदीश पारीक ने अपने जयपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री कार्यालय में मुख्यमंत्री के ओएसडी गोविंद पारीक से मुलाकात कर लाडनूं की विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। इस चर्चा के दौरान उन्होंने लाडनूं नगर पालिका में कथित भ्रष्टाचार सम्बंधी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने एवं लाडनूं क्षेत्र के वार्ड संख्या 39 से 44 में लंबे समय से पानी की समस्या बनी रहने तथा लाडनूं में आचार्य श्री महाश्रमण के प्रवास से पूर्व लाडनूं की सड़कों व नालियों की मरम्मत करवाने एवं साफ-सफाई के लिए नगर पालिका लाडनूं के अधिकारियों को एवं स्थानीय प्रशासन को निर्देशित करने का आग्रह किया।
नगर पालिका में स्थाई ईओ लगाने की मांग
इनके अलावा पारीक ने मुख्यमंत्री के ओएसडी से लाडनूं नगर पालिका में स्थायी अधिशाषी अधिकारी लगाने का आग्रह भी किया, ताकि शहर में विकास कार्य संभव हो सके एवं साफ-सफाई में भी आवश्यक सुधार हो पाए। उन्होंने ओएसडी को बताया कि लाडनूं में गत समय में लगभग 15 अधिशाषी अधिकारी बदले जा चुके हैं एवं अब भी लाडनूं नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी का चार्ज तहसीलदार लाडनूं से हटाया जाकर जिले से बाहर की काफी दूरस्थ नगर पालिका मेड़ता रोड़ के अधिशाषी अधिकारी हरेंद्र चौधरी को चार्ज दिया गया है, जो कतई सही नहीं है
सफाईकर्मी भर्ती में संख्या बढ़ाई जाए
पारीक ने सफाई कर्मचारियों की 24 हजार 793 पदों पर भर्ती निकाले जाने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार भी व्यक्त किया एवं इस भर्ती की संख्या को और अधिक बढ़ाने एवं सफाई कर्मचारियों के पदों पर वाल्मीकि समाज के लोगों को ही भर्ती करने एवं भर्ती में प्राथमिकता देने का आग्रह किया।







