महिला चैयरमेन सीट आई तो सब अपनी-अपनी पत्नियों को लड़ा दें, यह नहीं चलेगा- जिला संगठन प्रभारी सोमकांत शर्मा, लाडनूं नगर पालिका चुनाव को लेकर भाजपा की संगठनात्मक बैठक आयोजित, किया लाडनूं जीत का ऐलान

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

महिला चैयरमेन सीट आई तो सब अपनी-अपनी पत्नियों को लड़ा दें, यह नहीं चलेगा- जिला संगठन प्रभारी सोमकांत शर्मा,

लाडनूं नगर पालिका चुनाव को लेकर भाजपा की संगठनात्मक बैठक आयोजित, किया लाडनूं जीत का ऐलान

लाडनूं (kalamkala.in)। नगर पालिका लाडनूं के चुनाव को लेकर भाजपा शहर मंडल की संगठनात्मक बैठक का शनिवार को आयोजन शहर मंडल अध्यक्ष गौतम दत्त शास्त्री की अध्यक्षता में भाजपा शहर कार्यालय में किया गया। बैठक में आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों, कार्ययोजना एवं बूथ स्तर तक संगठन को अधिक मजबूत बनाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश के साथ विचार-विमर्श किया गया।

सबका प्रत्याशी केवल कमल का फूल ही रहेगा

जिला संगठन प्रभारी सोमकांत शर्मा ने बैठक में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि चुनाव का बिगुल बज चुका है। सभी कार्यकर्ता सोच लेंगे कि यह चुनाव जीतना ही है, तो निश्चित ही हम यह चुनाव जीत ही जाएंगे। उन्होंने भाजपा विचारधारा और कार्यपद्धति के बारे में समझाते हुए कहा कि हम सबका साथ सबका विकास में विश्वास करते हैं और इसे ही कार्यपद्धति के रूप में स्वीकार किया गया है। उन्होंने कहा कि कभी-कभी व्यक्तियों को भ्रम हो जाता है कि यह चुनाव उनके अकेले का है। ऐसा नहीं है, चुनाव हमेशा टीम वर्क के रूप में होता है। जिनको यह गलतफहमी है कि मैं ही पार्टी हूं, तो गलत है। यह चुनाव कार्यकर्ताओं का चुनाव है, यही स्थिति बनाए रखें। पार्टी के प्रत्याशी नाम चाहे कुछ भी हो, पर प्रत्याशी केवल कमल का फूल होगा। यह भावना सबमें समाहित होनी चाहिए।

परिश्रम से काम करने वालों को दिया जाएगा मौका

सोमकांत शर्मा ने कहा कि हम लाडनूं को जीतने की मानसिकता से रणनीति बनाने बैठे हैं। इसलिए उम्मीदवार का चयन करने की प्रक्रिया क्या हो, इस पर विचार करना है। शर्मा ने बताया कि 23 अगस्त शाम तक चुनाव लड़ने के इच्छुक सभी लोगों को अपने आवेदन फार्म भर कर देना है। इसके बाद निकाय प्रभारी व सह प्रभारी उन सबकी सूची बनाएंगे। वार्ड प्रभारी और सह प्रभारी समन्वय करेंगे।25 तक मंडल, वार्ड, बूथ तक जाकर उन पर चिंतन होगा और तीन की सूची बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जो महिला समय दे रही है, परिश्रम से कार्य कर रही है, उसे ही मौका दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि महिला चैयरमेन सीट आ जाए तो सब अपनी-अपनी पत्नियों को लड़ा दें, यह नहीं चलेगा।

पार्टी हित में दिलाए कुछ संकल्प

शर्मा ने इस अवसर पर मौजूद सभी कार्यकर्ताओं को कुछ संकल्प दिलाए। उन्होंने कहा कि एक संकल्प लें कि किसी के लिए नकारात्मक बात नहीं करेंगे। केवल कांग्रेस और उसके नेताओं के विरुद्ध ही विरोध करिए। पार्टी आपका परिवार है यह मानकर चलिए। यह संकल्प भी लेना हैं कि भाजपा के किसी पदाधिकारी के विरुद्ध कोई टिप्पणी नहीं करूंगा। दूसरा वार्ड में एक-एक व्यक्ति न्यूनतम 30-30 वोटों को और 10-10 घरों में जाकर वोटर तैयार करने है‌ं‌। उन्होंने कहा कि हम अपने-अपने वार्ड में चुनाव जीतने की रणनीति बनाएं। विरोधी कैसे हारे, यह कोशिश करनी है। हर कार्यकर्ता वार्ड में काम पर लग जाए और पार्टी की जीत को सुनिश्चित करे। हमारा प्रत्याशी केवल कमल का फूल ही रहना चाहिए।

लाडनूं नगर पालिका में भाजपा का बोर्ड बनना ही चाहिए

नगर निकाय के प्रभारी ओबीसी मोर्चा के रामेश्वर प्रसाद गुर्जर ने कार्यकर्ताओं से कहा कि जिसको भी टिकट मिले, सभी मिलकर उसके साथ जुट जाएं और भाजपा को जितवा कर लाडनूं में नगर पालिका में भाजपा का बोर्ड बनाएं। उन्होंने कहा कि हमें केवल एक ही लक्ष्य रखना है कि हमारा प्रत्याशी कमल का फूल ही है। संगठन महामंत्री व सह प्रभारी विशाल पार्थ ने बैठक में कार्यकर्ताओं से भाजपा को जितवाने के लिए एकराय होकर जुटने और लाडनूं नगर पालिका में भाजपा का बोर्ड बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा का लाडनूं में भाजपा का बोर्ड बनेगा तो हमें भी गर्व होगा।

टिकट सब मांग सकते हैं, पर जिसे टिकट मिले सब उसके साथ रहें

लाडनूं से भाजपा नेता व विधानसभा प्रत्याशी ठाकुर करणीसिंह ने बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि पिछले नगर पालिका बोर्ड के कार्यकाल में भाजपा के वार्डों की गहरी उपेक्षा हुई थी। प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद हमने काफी कार्य शहर में करवाए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पालिका चुनाव में टिकट मांगने का अधिकार सबको है, लेकिन जिसको भी पार्टी का टिकट मिले, उसके साथ ही सबको रहना है और हमें भाजपा को ही जिता कर नगर पालिका भेजना है। नगर पालिका में अपना भाजपा का ही चेयरमैन बनाना है। हमें शहर के हर वार्ड से भाजपा का कमल खिलाना है।

मन से खारापन निकाल दो, हम मिलकर विजयी होगे

भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष गजेंद्र सिंह ओड़ींट ने इस अवसर पर कहा कि भाजपा संगठन एक परिवार है, इसमें कोई मेरा-तेरा नहीं होना चाहिए। किसी के भी मन में जो खारापन है, उसको बाहर निकाल दो। हम सब साथ होकर चुनाव में लड़ेंगे तो हमें विजय जरूर मिलेगी। उन्होंने ऐलान किया कि हम भाजपा को विजयी अवश्य बनाएंगे।

कम से कम 30 सीटें तो भाजपा जीतेगी ही

भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष गौतमदत्त शास्त्री ने अपने सम्बोधन में बताया कि अगर आपस में कहीं कोई मनमुटाव नहीं हो तो लाडनूं में 30 से 35 प्रत्याशी जीत कर आएंगे। उन्होंने सभी इच्छुक कार्यकर्ताओं से कहा कि आप सभी टिकट के लिए अपने आवेदन करें, फिर वार्ड प्रभारी उन आवेदनों पर बात करेंगे। उन्होंने पूर्ण आत्मविश्वास से तालियों की गड़गड़ाहट के बीच कहा कि लाडनूं नगर पालिका चुनाव में भारतीय जनता पार्टी कम से कम 30 सीटों पर तो पक्की जीत कर आयेगी।

इन सबकी रही उपस्थिति 

इस बैठक में शहर मंडल अध्यक्ष गौतम दत्त शास्त्री एवं जिला संगठन प्रभारी सोमकांत शर्मा, भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री व लाडनूं निकाय चुनाव के प्रभारी रामेश्वर प्रसाद गुर्जर, सहप्रभारी विशाल पार्थ, जिलामंत्री एवं चुनाव समन्वयक रामसिंह बेगसर, भाजपा नेता ठाकुर करणीसिंह लाडनूं, जिला मंत्री नीतेश माथुर, पूर्व जिलाध्यक्ष गजेन्द्र सिंह ओडींट, विधानसभा प्रवासी प्रभारी राकेश शर्मा, जिला उपाध्यक्ष जगदीश पारीक, विधानसभा संयोजक हनुमान मल जांगिड़, महिला मोर्चा की पूर्व जिलाध्यक्ष सुमित्रा आर्य, शहर मंत्री महावीर गुर्जर, दीपक जांगिड़, सुरेश कुमार सोनी, गोविंद सिंह कसूंबी, नोरतन मल रैगर, सुरेन्द्र जांगिड़, अंजना शर्मा, रेणु कोचर, टीकमचंद गिवारिया, गुलाब चंद चौहान, शकूर खां मोयल, बलजी बिसायती, असगर शेख, असगर शेख इलाही, रमजान सोलंकी, रामेश्वर जांगिड़, ओमप्रकाश बागड़ा, मुरलीधर सोनी, महेन्द्र सेठी, श्यामसुंदर पंवार, श्यामसुंदर शर्मा, सुरेश पारीक, लूणकरण शर्मा, रामसिंह रैगर, सुशील दाधीच, सुरेश खींची, राजेन्द्र चोटिया, पूनमचंद मारोठिया, विष्णु भोजक, मदन गोपाल नवहाल, बच्छराज नागपुरिया, बाबूलाल प्रजापत, हरजी सैनिक, राजेश सांखला, हरिओम टाक, रामानंद गुर्जर, ओम सिंह मोहिल, प्रेमसुख जांगिड़, राजकुमार कंडावरिया, शिंभु सिंह जैतमाल, बीरबल स्वामी सहित सभी मंडल कार्यकारिणी सदस्य, वार्ड प्रभारी, टिकट दावेदार, जनप्रतिनिधि गण एवं कार्यकर्तागणा उपस्थित रहे।

kalamkala
Author: kalamkala

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे ज्यादा पड़ गई

तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम ने ‘मिशन दृष्टि’ अभियान के तहत लगाया नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर, मदनलाल भंवरीदेवी आर्य स्कूल में विद्यार्थियों व शिक्षकों की नेत्र जांच कर चिकित्सा परामर्श दिया, चश्मे भी दिए

शहर चुनें

Follow Us Now