लाडनूं में गद्दा फैक्ट्री के गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का माल जल कर राख बना, मकान भी हुआ क्षतिग्रस्त,
गद्दा फैक्ट्री ‘गीता ट्रेडर्स’ का था यह जोरावरपुरा स्थित गोदाम, लाडनूं व सुजानगढ़ की फायर ब्रिगेड और दमकल कर्मियों ने जन सहयोग से पाया आग पर काबू


लाडनूं (kalamkala.in)। शहर के जोरावरपुरा क्षेत्र में गुरुवार देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। लाडनूं और सुजानगढ की फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाने के लिए मशक्कत की। आसपास के रहवासियों ने भी आग बुझाने के प्रयासों में पूरा सहयोग किया। दो घंटों से अधिक समय बाद कहीं जाकर आग पर काबू पाया जा सका। आग से लाखों का माल जल कर राख बना गया। इस गोदाम में दो दिन पहले ही आया नया मार भी भरा हुआ था। उसमें से कुछ भी शेष नहीं बचा।
देखते ही देखते लाखों का माल जल कर राख बना
मिली जानकारी के अनुसार यहां के सोफा एवं गद्दा व्यापारी गोपाल जांगिड़ के गोदाम में गुरुवार रात करीब 10 बजे अचानक शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने ऊपर और नीचे के दोनों फ्लोर को अपनी लपटों में ले लिया, जिससे गोदाम में रखे सोफा कवर, गद्दियां, गद्दे, वेलवेट के थान व अन्य सामग्री धू-धूकर जल गए। आग की लपटें इतनी विकराल हो गई कि गोदाम के ऊपर आरसीसी का हॉल क्षतिग्रस्त हो गया और टूट टूट कर नीचे गिरने लगा। इस फर्म गीता ट्रेडर्स के मालिक गोपाल जांगिड़ का कहना है कि उसने सीजन के हिसाब से दो दिन पहले ही बहुत सारा सामान मंगवाया था, जो सारा इसी गोदाम में रखा था और वह सब जल कर राख हो गया। गनीमत यह रही कि गीता ट्रेडर्स के गोदाम मालिक ने अपनी गद्दा फैक्ट्री वहां से हटा ली थी और हाईवे पर लगा ली थी, वरना नुकसान बहुत अधिक बढ़ सकता था। इस गोदाम में बचा हुआ और अतिरिक्त माल के साथ हाल ही में आया हुआ नया माल सारा भरा हुआ था। इस गोदाम के पास के एक मकान को भी आग से मामूली क्षति पहुंची है। यह राहत की बात रही कि आग बाहर की तरफ इतनी अधिक नहीं फैली कि गोदाम के सामने और आसपास के अन्य किसी घर को नुकसान नहीं हुआ।
दमकल कर्मियों ने जान जोखिम में डाल पाया आग पर काबू
आग लगने की सूचना मिलते ही लाडनूं और सुजानगढ़ फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने करीब दो घंटों से अधिक समय तक आग पर काबू पाने का बमुश्किल प्रयास किया। आग की लपटें इतनी तेजी से फैलती जा रही थी कि ऐसा लगने लगा कि इस आग को बुझा पाना इन दमकलों के बस की बात नहीं रही। इधर घटना की जानकारी मिलते ही सैकड़ों की संख्या में आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। पार्षद राजेश भोजक, विश्व हिन्दू परिषद के नेता नरेन्द्र भोजक, जैन विश्वभारती विश्वविद्यालय के असिस्टेंट डायरेक्टर पंकज भटनागर आदि ने दमकल कर्मियों की मदद करके आग पर काबू पाया। इस आग से दहकती फैक्ट्री में नगरपालिका लाडनूं के कार्मिकों रामरतन, धामा, महेंद्र जमादार, अरविंद धवल ने साहसिक प्रयास आग पर काबू पाने के लिए किए। लोगों का कहना था कि जलती आग की परवाह नहीं कर इन लोगों ने अपना पूरा दमखम आग बुझाने में लगा दिया।
पुलिस ने मौके पर स्थिति संभाली
आग लगने की सूचना मिलते ही लाडनूं पुलिस थाने से थानाधिकारी महीराम बिश्नोई मय जाप्ता मौके पर पहुंच गए। पुलिस उप अधीक्षक विक्की नागपाल भी स्वयं मौके पर पहुंच गए। आग की खबर के फैलते ही वहां पर लोगों की भी भारी भीड़ भी इकट्ठी हो गई, जिसे नियंत्रित करने के लिए थानाधिकारी महीराम बिश्नोई और पुलिस टीम को भी खासा मशक्कत करनी पड़ी।



