लाडनूं में सीएलजी सदस्यों ने किया बकर-ए-ईद व निर्जला एकादशी पर्वों पर व्यवस्थाओं पर विचार,
एसडीएम, डीएसपी और सीआई ने सभी व्यवस्थाओं का दिलाया भरोसा और सबके सहयोग की अपील की


लाडनूं (kalamkala.in)। स्थानीय पंचायत समिति सभागार में सीएलजी सदस्यों की बैठक का आयोजन उपखंड अधिकारी मिथलेश कुमार की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में आगामी 7 जून को बकर-ए-ईद और निर्जला एकादशी पर्वों को लेकर व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श किया गया। एसडीएम मिथलेश कुमार ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने की पुख्ता व्यवस्था का भरोसा दिलाया। पुलिस उप अधीक्षक विक्की नागपाल ने शहर की शांति और परस्पर सौहार्द के साथ सभी पर्व सम्पन्न करवाए जाने की जरूरत बताई और इसमें सभी नागरिकों की भूमिका का महत्व बताया। थानाधिकारी महीराम बिश्नोई ने शहर की कानून-व्यवस्था के साथ साफ-सफाई की व्यवस्था नगर पालिका के माध्यम से करवाने और आटो टीपर दोनों समय भेजे जाने की व्यवस्था करने की बात कही। उन्होंने पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था सुचारू रखें जाने के लिए जलदाय अधिकारियों को सूचित करने का विश्वास भी दिलाया। बैठक में सदस्यों ने बताया कि 7 जून को बकरीद का कार्यक्रम नमाज आदि का दो घंटे का मुख्य कार्यक्रम रहेगा। बकरीद के अवसर पर पानी की सप्लाई दो दिनों में बराबर बनाए रखने की जरूरत बताई और साफ-सफाई की आवश्यकता भी जताई गई। नगर पालिका के आटो टीपर सुबह और शाम दोनों वक्त आने चाहिएं। बैठक में बरसात के कारण पानी के भराव की स्थिति के बारे में भी चर्चा की गई। बस स्टैंड और रेलवे फाटक पर जलभराव की समस्या को देखते हुए पम्प सेट लगवा कर पानी निकाले जाने की जरूरत बताई गई। इस पर एसडीएम ने व्यवस्था का आश्वासन दिया। बैठक में सदस्य रामानंद गुर्जर ने शहर की सभी मांस की दुकानों पर पर्दा लगवाए जाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने बताया कि 7 जून को ही निर्जला एकादशी का बहुत बड़ा त्यौहार होने को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए। इस पर थानाधिकारी महीराम बिश्नोई ने सभी मांस की दुकानों पर पर्दा लगवा देने का भरोसा दिलाया।बैठक में उपखण्ड अधिकारी मिथलेश कुमार, पुलिस उप अधीक्षक विक्की नागपाल, थानाधिकारी महीराम बिश्नोई के अलावा सदस्यगणों में सुमित्रा आर्य, जेपी टाक, शम्भु सिंह जैतमाल, शहर काजी सैयद मदनी अशरफी, रामेश्वर जाट, असगर शेख, नरपतसिंह गौड़, मुमताज चौपदार, अयूब खां मोयल, नोरतन मल रैगर, रामानंद गुर्जर, जाकिर बड़गूजर आदि उपस्थित रहे।







