पड़ौसी होटल संचालक को भगाने के लिए दूसरे हैंडल संचालक ने करवाया हमला, आधी मारपीट तोड़फोड़ व लूट के बाद होटल खाली करने के लिए धमकाया,
निम्बी जोधां के होटल नीलकंठ हरियाणा-पंजाब धमाका का संचालक राजेश ब्राह्मण गिरफ्तार, दो आरोपी पहले पकड़े जा चुके और दो अन्य की तलाश है जारी
लाडनूं (kalamkala.in)। निम्बी जोधां में हुई एक होटल पर आधी रात को हमला कर मारपीट, तोड़फोड़ व लूट करने के मामले में एक बोलेरो पिकअप भरकर हमलावरों को भेजने वाला उसी होटल का पड़ौसी होटल संचालक निकला, जिसने पैसे देकर मुलजिमानों को हमला करने व होटल खाली करवाने की प्लानिंग की थी। निम्बी जोधा पुलिस को इस होटल संचालक के साथ मारपीट, तोड़-फोड़ और लूट के मामले में इसका खुलासा होने पर इस तीसरे मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। अभी इसमें दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। मामले में पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राजेश (होटल नीलकंठ हरियाणा-पंजाब धमाका का संचालक) को गिरफ्तार किया गया है। गौरतलब है कि निम्बी जोधां में गत 27 जुलाई को एक होटल में घुसकर होटल संचालक व कर्मचारियों के साथ मारपीट व तोड़फोड़ करने की घटना में आरोपियों द्वारा होटल संचालक को होटल खाली करने की धमकी भी दी गई थी। इसमें पुलिस ने 2 आरोपियों को पहले पकड़ा था, जिन्होंने पूछताछ में मुख्य आरोपी राजेश को ठहराया गया। बताया गया कि आरोपी नीलकण्ठ हरियाणा-पंजाब धमाका होटल के संचालक राजेश शर्मा द्वारा उन्हें पैसे देकर वारदात कारित करवाई गई। पुलिस ने पीड़ित व्यक्ति के पड़ौसी होटल संचालक (निम्बी जोधां स्थित नीलकण्ठ हरियाणा-पंजाब धमाका होटल के संचालक) राजेश (37) पुत्र सुखपाल, जाति ब्राह्मण निवासी हाउस नं. 127 खेरी लाम्बा, पुलिस थाना कलायत, जिला केथल (हरियाणा) को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी होटल संचालक राजेश के विरुद्ध पूर्व में भी दो आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इस प्रकरण में अभी वांछित दो अन्य आरोपियों भगवानाराम व हरिराम की पुलिस द्वारा तलाश जारी है।
इस प्रकार हुई थी मारपीट, लूट और तोड़फोड़ की वारदात
इस वारदात को लेकर 28 जुलाई को बलजित जाट हाल होटल संचालक हरियाणा-पंजाब, निम्बी जोधा ने एक लिखित रिपोर्ट दी कि 27 जुलाई की रात्रि 1.30 बजे वह और होटल कार्मिक सुरेन्द्र दोनों होटल पर थे। एक बिना नंबरी बोलेरो कैम्पर गाड़ी में 6 से 7 व्यक्ति सवार होकर आये। जिनमें से 3-4 व्यक्ति नीचे उतरे और उन्होंने सुरेन्द्र व उसके साथ मारपीट की। उन्हें यहां से होटल खाली करने की धमकियां दी और जाते-जाते काउंटर का शीशा व कुर्सियां तोड़ते हुए गल्ले से 35 हजार रूपये व मोबाईल ले गये। उस समय होटल पर काम करने वाले 5-6 लोग मौजूद थे, जिन्होंने बीच-बचाव कर उन्हें छुड़ाया। मुलजिमों ने कपड़े से मुंह बांध रखा था। जिनको वह देखकर शक्ल से पहचान सकता है। इस रिपोर्ट पर प्रकरण संख्या 83/2025 दर्ज कर पुलिस थाना निम्बी जोधा ने मुलजिमानों की तलाश व जांच शुरू की।
पुलिस ने मशक्कत करके दो मुल्जिमों को पहले और मुख्य आरोपी को अब पकड़ा
इस घटना की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी रामेश्वर लाल के नेतृत्व विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। इस टीम द्वारा लगातार प्रयासो, फील्ड इंटलीजेंस, आसूचना संकलन एवं तकनीकी साधनों का उपयोग करते हुऐ अज्ञात हमलावरों की पहचान की। 29 जुलाई को ही पुलिस ने 2 आरोपियों हरिराम खिलेरी उर्फ कालू व राकेश चोयल को बापर्दा गिरफ्तार किया। साथ ही वारदात में प्रयुक्त बोलेरो केम्पर वाहन को और लाठी को भी पुलिस ने जब्त कर लिया। गिरफ्तारशुदा आरोपियों हरिराम खिलेरी उर्फ कालु व राकेश चोयल की शिनाख्तगी करवाई जाकर उनका पीसी रिमांड प्राप्त कर आरोपी राकेश चोयल से घटना में प्रयुक्त वाहन एक महिन्द्रा कम्पनी की बोलेरो कैम्पर रजि. नं. RJ37GB5469 व आरोपी हरिराम खिलेरी उर्फ कालू से घटना में प्रयुक्त एक लाठी डंडा जब्त किया गया। उनसे किए गए अनुसंधान के आधार पर इस वारदात के मुख्य आरोपी नीलकण्ठ हरियाणा-पंजाब धमाका होटल के संचालक राजेश द्वारा पैसे देकर कारित करवाना बताया जाने पर आरोपी राजेश को बाद पूछताछ गिरफ्तार किया गया। इस मुख्य आरोपी राजेश का पुलिस को आपराधिक रिकार्ड भी मिला। मुलजिम राजेश के खिलाफ पूर्व में दर्ज प्रकरणों में धारा 323, 325, 452, 506, 34 आईपीसी, धारा 323, 325, 452, 506, 34 आईपीसी तथा धारा 19/54 आबकारी अधिनियम 1950 के तीन मामले होने पाए गए।
इस पुलिस टीम ने पकड़े सभी तीनों आरोपियों को
इस प्रकरण को गंभीर मानते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती ऋचा तोमर (आई.पी.एस.) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा (आर.पी.एस.) व वृताधिकारी विक्की नागपाल के निकटतम सुपरविजन में गठित पुलिस टीम द्वारा कार्रवाई की गई। इस पुलिस टीम में थानाधिकारी रामेश्वर लाल (उ.नि.), सहायक उप निरीक्षक गोपाल राम बलारा, कांस्टेबल राजकुमार, हरीराम, बेनीगोपाल, सियाराम, सुनील कुमार और कृष्ण कुमार शामिल रहे।




