आचार्य महाश्रमण के आगमन पर दुल्हन की तरह सजेगा लाडनूं शहर, सौंदर्यकरण से लगेंगे चार चांद, एक वर्ष रहेगा उनका प्रवास, प्रमुख सड़कों की मरम्मत, नालियों की जल निकासी, स्ट्रीट लाइट्स की दुरुस्ती, दीवारों पर पेंटिंग, कचरा निस्तारण, विद्युत पोल, पेयजल आपूर्ति आदि के सम्बन्ध में दिए कलेक्टर ने निर्देश, जिला कलक्टर डॉ. महेन्द्र खड़गावत ने ली बैठक, तीन हेलीपैड, सारे शहर में सीसीटीवी कैमरों और समस्त सुरक्षा व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

आचार्य महाश्रमण के आगमन पर दुल्हन की तरह सजेगा लाडनूं शहर, सौंदर्यकरण से लगेंगे चार चांद, एक वर्ष रहेगा उनका प्रवास,

प्रमुख सड़कों की मरम्मत, नालियों की जल निकासी, स्ट्रीट लाइट्स की दुरुस्ती, दीवारों पर पेंटिंग, कचरा निस्तारण, विद्युत पोल, पेयजल आपूर्ति आदि के सम्बन्ध में दिए कलेक्टर ने निर्देश,

जिला कलक्टर डॉ. महेन्द्र खड़गावत ने ली बैठक, तीन हेलीपैड, सारे शहर में सीसीटीवी कैमरों और समस्त सुरक्षा व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश

लाडनूं (kalamkala.in)। तेरापंथ की राजधानी लाडनूं में तेरापंथ के सिरमौर आचार्य श्री महाश्रमण के फरवरी में मंगल प्रवेश और एक वर्षीय योगक्षेम वर्ष प्रवास को लेकर यहां तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। पूरी जैन विश्व भारती का कायाकल्प कर दिया गया है और उससे जुड़े हुए समस्त पट्टियों आदि क्षेत्रों में भी भवनों के नवीनीकरण के काम अंतिम तैयारियों में है। इन तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर उपखंड स्तर से लेकर जिला प्रशासन तक चाक-चौबंद है और सारी स्थितियों पर नजर बनाए हुए है। आचार्य महाश्रमण आगामी 5 फरवरी को लाडनूं में राव गेट के अंदर स्थित भाग्यश्री में मंगल प्रवेश करेंगे तथा 6 फरवरी को जैन विश्व भारती परिसर में उनका मंगल प्रवेश होगा। इस अवसर को लेकर शोभायात्रा और अन्य स्वागत-सत्कार के कार्यक्रम आयोजित होने हैं। इन्हें लेकर जिला प्रशासन एवं आयोजन समिति की तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं। इस दौरान लाडनूं के सौंदर्यकरण को भी चार चांद लगेंगे। यहां इसमें कोई कोर-कसर नहीं रखी जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था भी चुस्त-दुरुस्त रखी जाएगी। आगंतुक विशेष लोगों के लिए तीन हेलीपैड तैयार किए जा रहे हैं।

सौंदर्यकरण और नाली, रोशनी आदि की ली जाएगी सुध- कलेक्टर के निर्देश

आचार्य श्री महाश्रमण के एक वर्ष पर्यन्त तक के प्रस्तावित प्रवास को ध्यान में रखते हुए जिला कलक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत ने जैन विश्व भारती परिसर में गुरुवार को देर शाम प्रशासनिक अधिकारियों एवं आयोजन समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक लेकर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।बैठक में जिला कलक्टर ने आचार्य महाश्रमण के आगमन को लेकर शहर की रौनक के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रमुख सड़कों की मरम्मत, नालियों की जल निकासी, स्ट्रीट लाइट्स की दुरुस्ती, दीवारों पर पेंटिंग, कचरा निस्तारण, विद्युत पोल, पेयजल आपूर्ति सहित समस्त मूलभूत सुविधाओं को सुचारू बनाए रखने पर जोर दिया।

सुरक्षा इंतजाम रहेंगे चाक-चौबंद

जिला कलक्टर ने आयोजन स्थल एवं शहर के प्रमुख स्थानों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने, आयोजन से जुड़े कार्मिकों के पुलिस वेरिफिकेशन तथा अग्निशमन वाहन, एम्बुलेंस, विद्युत आपूर्ति और जल निकासी जैसी वैकल्पिक व्यवस्थाओं को भी सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की हिदायत दी गई।

वीआईपी मूवमेंट को लेकर बनेंगे तीन हेलीपैड

डॉ. खड़गावत ने बताया कि आयोजन में देशभर से वीआईपी अतिथियों के आगमन की संभावना को देखते हुए तय मापदंडों के अनुसार तीन हेलीपैड तैयार किए जाएंगे। इसके साथ ही एक हजार से अधिक वाहनों की पार्किंग व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक इंतजामों को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं। इस बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर मोहन लाल खटनावलिया, उपखंड अधिकारी मीनू वर्मा, तहसीलदार अनिरुद्ध देव पांडेय, सार्वजनिक निर्माण विभाग से अधीक्षण अभियंता जितेंद्र जांगिड़, विद्युत विभाग से अधीक्षण अभियंता आरसी जांगलवा, पीएमओ डॉ. भरत कसेरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। आयोजन समिति की ओर से जैन विश्व भारती के संरक्षक भागचंद बरड़िया, पूर्व अध्यक्ष डॉ. धर्मचंद लुंकड़, मंत्री राजेंद्र खटेड़ सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

kalamkala
Author: kalamkala

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे ज्यादा पड़ गई

लाडनूं में बच्चों में संस्कारों के निर्माण के लिए पांच दिवसीय राष्ट्रीय शिविर का आयोजन, श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी महासभा के तत्वावधान में आचार्यश्री महाश्रमण के सान्निध्य में सम्पन्न हुआ शिविर

शहर चुनें

Follow Us Now