लाडनूं की छठी पट्टी में रहने वाला रामनारायण जाट का अन्तर्राज्यीय सायबर ठग गिरोह से सम्बंध,
इंडसइंड बैंक लाडनूं में था संदिग्ध खाता, जमा होता था अलग-अलग प्रांतों से सायबर ठगी का पैसा
लाडनूं (kalamkala.in)। शहर के छठी पट्टी में रहवास करने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ उसके द्वारा अपने बैंक एकाउंट में देश के विभिन्न प्रांतों के साइबर क्राइम के पैसे जमा करवा कर साइबर क्राइम में शामिल होने का मुकदमा दर्ज किया गया है। यह मामला पुलिस थाना लाडनूं में कम्प्य़ूटर ओपरेटर पद पर कार्यरत कांस्टेबल (2133) शिवशंकर (36) पुत्र रामजीवण मीणा (निवासी डोला का बास, पुलिस थाना कालाडेरा जिला जयपुर ग्रामीण) ने दर्ज करवाई है। इसमें अभियुक्त रामनारायण पुत्र मोतीराम जाट निवासी छठी पट्टी लाडनूं के विरुद्ध धारा 318 (4), 319 (2) बीएनएस 2023 तथा धारा 66 डी आईटी एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। मामले की जांच थानाधिकारी शिम्भुदयाल मीणा कर रहे हैं। इस व्यक्ति के खाते में महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पं. बंगाल और नई दिल्ली राज्यों से सायबर अपराध की राशि जमा होना सामने आया है।
छठी पट्टी के अपने घर से गायब मिला मुलजिम
इस प्रकरण में जिला पुलिस अधीक्षक डीडवाना-कुचामन श्रीमती ऋचा तोमर के कार्यालय से पत्रांक- डीडीएन-केसीटी/साइबर अपराध सेल/2026/310-18 दिनांक 04-04-2026 के द्वारा जरिये ई-मेल साइबर अपराध में प्रथम स्तर व द्वितीय स्तर के रूप में प्रयोग हुये संदिग्ध बैंक खातों की सूची पुलिस थाना लाडनूं में प्राप्त होने पर मामला सामने आया। इसमें इडससिंड बैंक के खाता संख्या 100160245836 का उल्लेख था। इसकी जांच में सामने आया कि यह संदिग्ध खाता (Mule Account) संख्या 100160245836 का इंडसइंड बैंक लाडनूं से रिकॉर्ड (एओएफ, केवाईसी, स्टेटमेंट) प्राप्त किए गए, तो पता चला कि यह संदिग्ध खाता रामनारायण पुत्र मोतीराम जाति जाट निवासी छठी पट्टी लाडनूं के नाम पर होना पाया गया। खाता धारक के रहवासी मकान में जाकर पता करने पर पुलिस को खाता धारक रामनारायण पुत्र मोतीराम जाति जाट निवासी छठी पट्टी लाडनूं घर पर उपस्थित नहीं मिला।
चार राज्यों से 48 हजार 200 की राशि सायबर अपराध की मिली
आरोपी व्यक्ति रामनारायण पुत्र मोतीराम जाट निवासी छठी पट्टी लाडनूं के इंडसइंड बैंक के संदिग्ध खाता संख्या 100160245836 के खिलाफ दर्ज साइबर शिकायतों का लाडनूं पुलिस थाने के समन्वय पोर्टल पर चैक किया गया, तो इस संदिग्ध खाता संख्या 100160245836 पर 4 अलग-अलग राज्यों में साइबर शिकायतें दर्ज होना पाया गया, जिनका विवरण इस प्रकार है-
1. शिकायत संख्या 21907250073242, जो महाराष्ट्र के जिला नागपुर सिटी पुलिस थाना चंदन नगर में दर्ज हो रखी है, इसमें शिकायतकर्ता के साथ 15 जुलाई 2025 को इस संदिग्ध खाता मे 2000 रुपये फ्रोड के पैसे आये हुये हैं।
2. शिकायत संख्या 22909250068383, जो तमिलनाडु के जिला त्रिपुरा में दर्ज है, इसके अनुसार इस संदिग्ध खाते में 9 जून 2025 को फ्रोड की राशि 33 हजार 600 रुपये आये हुए हैं।
3. शिकायत संख्या 30807250058976, जो नई दिल्ली के जिला शाहदरा के पुलिस थाना सायबर पुलिस स्टेशन शाहदरा में दर्ज हो रखी है। इसके अनुसार इस संदिग्ध खाते में विवादित राशि 5700 रुपये 16 जुलाई 2025 को आये।
4. शिकायत संख्या 33210250084439, राज्य पं. बंगाल के जिला जलपाईगुड़ी पुलिस थाना धुपगुड़ी में दर्ज हो रखी है। इसमें दिनांक 25 जून 2025 को इसी संदिग्ध खाते में 6900 रुपये फ्रोड के आये हैं।
यह समस्त फ्रोड की राशि संदिग्ध खाता संख्या 100160245836 में प्रथम व दितीय लेयर में प्राप्त हुई है।
इलेक्ट्रोनिक साधनों के उपयोग से अनजान लोगो के साथ छल व धोखे से साईबर ठगी
इस प्रकार पुलिस ने पाया कि इस संदिग्ध खाता धारक रामनारायण पुत्र मोतीराम जाट निवासी छठी पट्टी लाडनूं के विरुद्ध अलग-अलग राज्यों में दर्ज सायबर अपराध की शिकायतों में रूपये इन्वेस्टमेंट का झांसा देकर छल करते हुये धोखाधड़ीपूर्वक अनजान लोगो के साथ ईलेक्ट्रोनिक साधनों का उपयोग करते हुए साईबर ठगी कर स्वयं के खाने में कुल फ्रोड की राशि 48,200 रुपये का आना पाया गया है, जिसे पुलिस ने तस्दीक होने पर उसके इस कृत्य को धारा 319 (2), 318 (4) बी.एन.एस. एवं 66-डी आई.टी. एक्ट का अपराध माना जाकर मुकदमा कायम किया गया है। लाडनूं पुलिस नै इस मुकदमे में पुलिस अधीक्षक के पत्रांक- डीडीएन-केसीटी/साइबर अपराध सेल 2026/310.18 दिनांक 04-04-2026 की प्रति, संदिग्ध खाता संख्या 100160245836 पर दर्ज समन्वय पोर्टल से डाउनलोड चार साइबर शिकायतें तथा संदिग्ध खाते के सम्बन्ध में आवश्यक बैंक से प्राप्त रिकॉर्ड को सबूत के तौर पर संलग्न किया गया है।






