घर-घर में पानी के टांके बनवाए जाकर करें वर्षाजल का संचय- तहसीलदार अनिरुद्ध देव पांडेय,
श्री रामआनंद गौशाला में वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान कार्यक्रम आयोजित, पौधारोपण किया, परिंडे लगाए और पिंजरे का किया समर्पण










लाडनूं (kalamkala.in)। कार्यवाहक उपखंड अधिकारी एवं तहसीलदार अनिरुद्ध देव पांडेय ने कहा है कि जल संरक्षण अभियान के तहत सर्वाधिक ध्यान हमें वर्षा जल के संरक्षण पर देना चाहिए। यह जन-जन की जिम्मेदारी है कि वे बारिश के जल को बचाएं। लाडनूं के भूगर्भ में जल खारा है। इसी कारण आज यहां हम पूरी तरह से नहर के पानी पर निर्भर हैं। अगर पानी नहीं बचाएंगे तो आगे भयावह स्थिति हो सकती है। पानी अवश्य बचाएं, अन्यथा आगे मुश्किल हो सकती है। उन्होंने हर घर में बरसात के पानी के संग्रहण के लिए टांके बनवाए जाने पर जोर दिया और कहा कि आम जनता में जागृति आने पर ही जल संरक्षण अभियान सार्थक हो सकेगा। वे यहां श्री रामआनंद गौशाला में आयोजित पशुपालन विभाग और गौपालन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे।
जल संरक्षण के लिए आम आदमी को जागरूक बनाया जाना जरूरी
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष गौतम दत्त शास्त्री ने की। उन्होंने इस अवसर पर राज्य सरकार निर्देशित सभी कार्यक्रमों को केवल करने तक ही सीमित नहीं रह कर उन्हें अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया और कहा कि जल संरक्षण के समग्र प्रयासों के लिए आम आदमी को जागरूक करना आवश्यक है और यह कार्य सतत चलते रहना चाहिए। भाजपा के विधानसभा सभा प्रभारी राकेश शर्मा ने वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम बना कर ही नहीं रखना है, बल्कि इसे जन-जन का अभियान बनाने पर बल दिया।
जल संरक्षण कार्यक्रम के तहत संगोष्ठी, पौधारोपण व जलस्रोतों की सफाई का अभियान जारी
पशुपालन विभाग के उपनिदेशक हरकेश कुमार दानोदिया ने पूरे अभियान और कार्यक्रम की जानकारी दी और अभियान को नागरिकों के हित में बेहतर कदम बताया। उन्होंने बताया कि पशुपालन विभाग की ओर से इस अभियान के तहत सभी जगह संगोष्ठियों, पौधारोपण व जलस्रोतों का सफाई अभियान चलाया जा रहा है। लाडनूं की गौशाला में यह कार्यक्रम आज से शुरू किया गया है। भाजपा के जिला उपाध्यक्ष जगदीश पारीक ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की। भाजपा के जिला मंत्री नीतेश माथुर ने क्षेत्र के घर-घर टांका बनवाया जाने के आह्वान को उचित बताते हुए जानकारी दी कि लाडनूं शहर में पीढ़ियों से वर्षाजल संग्रहण का कार्य चलता आ रहा है। शहर में बहुत सारे घरों में सदा से ही टांके बने हुए हैं और वर्षाजल संचय किया जाता रहा है। उन्होंने गौशाला को दिए गए पिंजरे के बारे में जानकारी दी।
गौशाला को दिए करणीसिंह की ओर से 5100 रुपए भेंट
कार्यक्रम में नगर पालिका के लीगल एडवाइजर गोविंद सिंह कसूंबी ने वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान की सराहना करते हुए श्री रामआनंद गौशाला और पशुपालन विभाग द्वारा इसके आयोजन करने को अच्छा बताया तथा लाडनूं के भाजपा नेता ठाकुर करणी सिंह की तरफ से गौशाला को 5100 रुपए सहयोग राशि देने की घोषणा की। गौशाला के संरक्षक हनुमान मल जांगिड़, विनोद पटावरी, गौशाला के ट्रस्टी पूसराज सोनी आदि भी अतिथियों के रूप में मंचस्थ रहे। कार्यक्रम में सभी अतिथियों का सम्मान स्मृति चिह्न भेंट कर, दुपट्टा और मालाएं पहनाकर स्वागत-सम्मान करने के साथ विशेष रूप से उपस्थित भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व जिलाध्यक्ष सुमित्रा आर्य, पंचायत समिति सदस्य रामनिवास पटेल, जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन आफ इंडिया के प्रदेशाध्यक्ष जगदीश यायावर आदि का गौशाला की ओर से स्वागत-सम्मान किया गया।
गौशाला के गौवंश और जमीनों सहित गतिविधियों की जानकारी दी
वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत आयोजित संगोष्ठी कार्यक्रम का संचालन सीताराम गौतम ने किया। उन्होंने श्री रामआनंद गौशाला में गौवंश की संख्या, खिंदास सहित सम्पूर्ण जमीनों की जानकारी और संचालित गतिविधियों के बारे में बताया तथा भामाशाह अजीत सिंह चौरड़िया द्वारा क्षेत्र में करवाए जा रहे विभिन्न जनोपयोगी कार्यों की जानकारी दी और गौशाला के लिए दिए गए पिंजरे के बारे में बताया। अंत में गौशाला के उपाध्यक्ष सुशील पीपलवा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
पिंजरे का लोकार्पण व पौधारोपण किया और परिंडे लगाए



इस अवसर पर तहसीलदार अनिरुद्ध देव पांडेय, भाजपा अध्यक्ष गौतम दत्त शास्त्री और अन्य सभी अतिथियों ने अजीत सिंह चौरड़िया की तरफ से समाजसेवी मूलचंद घोंषल द्वारा प्रदत्त बेसहारा पशुओं और सांडों को पकड़ने के लिए ‘योगक्षेम नंदीशाला खिंदास के लिए पिंजरे की विधिवत् पूजा अर्चना करके एवं फीता काट कर उद्घाटन करते हुए समर्पण किया गया। इसके अलावा वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत सभी अतिथियों ने गौशाला परिसर में नागचंपा, फूलमती आदि विभिन्न फूलों के वृक्ष लगा कर पौधारोपण कार्यक्रम किया। सभी अतिथियों ने भीषण गर्मी को देखते हुए वहां गौशाला परिसर में ही पक्षियों के लिए पानी के परिंडे भी लगाए। इस अवसर पर सभी अतिथि, पशु चिकित्सक और अन्य लोग उपस्थित रहे।
इन सबकी रही महत्वपूर्ण उपस्थिति
कार्यक्रम में तहसीलदार अनिरुद्ध देव पांडेय, भाजपा शहर अध्यक्ष गौतम दत्त शास्त्री, भाजपा विधानसभा प्रभारी राकेश शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष उपाध्यक्ष जगदीश पारीक, जिला मंत्री नीतेश माथुर, भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व जिलाध्यक्ष सुमित्रा आर्य, हनुमान मल जांगिड़, पूसराज सोनी, समाजसेवी मूलचंद घोसल, पत्रकार संघ के अध्यक्ष जगदीश यायावर, लूणकरण शर्मा, शिवशंकर बोहरा, सुशील पीपलवा, सुशील दाधीच, बजरंग सैन, कैलाश घोड़ेला, प्रवीण जोशी, सुरेन्द्र जांगिड़, बृजेश महेश्वरी, पुरुषोत्तम सोनी, कोमल गौड़, शंकर आकाश, लक्ष्मण चारण, रामसिंह रैगर, अनूप तिवाड़ी, दीक्षांत हिंदुस्तानी आदि उपस्थित रहे।पशुपालन विभाग की ओर से उपनिदेशक डॉ. हरकेश कुमार दानोदिया (बहूद्देश्यीय राजकीय पशु चिकित्सालय लाडनूं), वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी, सिलनवाद डॉ. परमानंद मौर्य, वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी निम्बी जोधा डॉ. दीनू खां, वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी लाडनूं डॉ. सत्येन्द्र, पशु चिकित्सा अधिकारी सुनारी डॉ. दीपक गिल, पशु चिकित्सा अधिकारी बल्दू डॉ. तपेन्द्र, पशु चिकित्सा अधिकारी इन्द्रपुरा डॉ. माया, पशुधन निरीक्षक जुगल किशोर जांगिड़, लोकेन्द्र, सोनू धेड़ू, पिंकी महरिया तथा कोमल गौड़ उपस्थित रहे और कार्यक्रम में सहयोगी बने।






