शोरगुल व हंगामे के बीच हुई बैठक में छात्रावास प्रबंधन समिति ने इस्तीफा दिया, जिसे मंजूर कर नए चुनाव का निर्णय, 31 जुलाई तक बनाए जाएंगे नए आजीवन सदस्य,
पोकरराम स्मृति छात्रावास में प्रबंधन समिति की बैठक में लिए गए चार प्रस्ताव


लाडनूं (kalamkala.in)। निकटवर्ती सुजला कॉलेज स्थित पोकरराम स्मृति किसान छात्रावास में प्रबंधन समिति की एक बैठक हुकमाराम कड़वा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक के दौरान कुछ परस्पर विवाद भी हुआ तथा प्रबंधन समिति के अध्यक्ष के इस्तीफे की मांग भी उठाई गई। अंत में काफी जद्दोजहद के बाद पूरी कार्यकारिणी ने त्यागपत्र दे दिया, जिसे स्वीकार कर लिया गया और नए चुनाव कराए जाने पर सहमति बनी। नए चुनाव कार्यक्रम के लिए तय किया गया कि आगामी 31 जुलाई तक नये आजीवन सदस्य बनाए जाएं। इसके बाद 2 अगस्त को सदस्यों की सूची जारी की जाएगी। तत्पश्चात् पूरी चुनाव प्रक्रिया की जानकारी समाचार पत्रों के माध्यम से दी जायेगी। इस सबके बीच ओड़ींट के पूर्व सरपंच मोहनराम जानूं ने डा. राम गोपाल बिडियासर द्वारा अध्यक्ष के दायित्व को ग्रहण करने की मांग की गई। इससे पूर्व मोहन राम जानूं द्वारा कोर कमेटी के अध्यक्ष चौधरी हुकमाराम कड़वा को बैठक में इस्तीफा देने के कथन से मुकरने पर एकबारगी शोरगुल पैदा हुआ था। इस पर बैठक में उपस्थित ज्यादातर लोगों ने प्रबंधन समिति के सदस्यों के इस्तीफे का प्रस्ताव पारित किया गया और आगामी 16 अगस्त को आम बैठक बुलाने की बात पर सहमति बनी।
कमरा बनाने या पट्टियां देने को बताया गया सफेद झूठ
इससे पूर्व बैठक में मोहन राम जानूं ने स्वयं द्वारा छात्रावास में एक कमरा बनाए जाने और उसका शिलालेख उतारे जाने की बात उठाई, साथ ही अपनी खान से पट्टियां भिजवाया जाना भी बताया। इस पर वयोवृद्ध सदस्य डॉ. टीका राम ठोलिया को बुलाया गया, जिन्होंने मोहन राम जानूं द्वारा छात्रावास में कमरा बनवाने अथवा निर्माण कार्य में पट्टियों का सहयोग करने को करने को पूरी तरह झूठ और बेबुनियाद बताया।
आपसी सामंजस्य से किया जाएगा छात्रावास का उन्नयन एवं विकास
बैठक में छात्रावास के उन्नयन एवं विकास के बारे में विचार-विमर्श किया गया तथा उसमें गोपी राम बिजारणियां, नाथूराम ठोलिया, आशा राम ठेकादार, परसाराम बैंधा, जय राम बुरड़क, भंवर लाल मंडा, महेंद्र ठोलिया तथा राम लाल निठारवाल सहित तमाम लोगों ने आपसी सहयोग एवं सामंजस्य स्थापित कर कार्य करवाने एवं छात्रावास प्रबंधन की नवीन कार्यकारिणी बनाने की बात पर सहमति बनी। इस अवसर पर पिछले दिनों छात्रावास में आयोजित हुए तेजा गायन एवं प्रसादी ग्रहण समारोह के सफल कार्यक्रम एवं हिसाब-किताब प्रस्तुत किया गया, जिसको सबने सही बताया एवं इसे छात्रावास हित में बताया गया। बैठक में कुल चार प्रस्ताव पारित किए गए।
राज्य स्तरीय युवा दौड़ के प्रतिभागियों को किया पुरस्कृत
इस अवसर पर प्रारंभ में छात्रावास में संचालित की जा रही विवेकानंद डिफेंस एकेडमी द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय युवा दौड़ के प्रतिभागियों को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रालोद नेता इलियास खां थे तथा विशिष्ट अतिथियों में भंवर सिंह ओड़ींट, हुकमाराम कड़वा, मोहन राम जानूं, मोहन राम खिलेरी, प्रहलाद सिंह, अखिल राजस्थान राज्य संयुक्त कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष जगदीश प्रसाद घिंटाला, गोपाल सिंह भरनावां, संयुक्त किसान मोर्चा के अध्यक्ष पन्नालाल भामूं तथा विवेकानंद डिफेंस एकेडमी के संरक्षक चैना राम मुंडेल रहे।
इन सबकी रही बैठक में उपस्थिति
छात्रावास की इस बैठक में हुकमाराम, धर्माराम, छोगाराम ठोलिया बादेड़, आशाराम ठेकेदार, जयराम बुरड़क, मोहनराम जानूं, जगदीश प्रसाद घिंटाला, टीकाराम चौधरी, रामलाल निठारवाल, परसराम बैंधा, गोपाल सिंह सिंधू, भंवरलाल, नानूराम, लिछमणराम, चैनाराम मुंडेल आदि उपस्थित रहे।







