लाडनूं के वीर हनुमान मंदिर से अखंड ज्योत को लेकर भारी बारिश के बीच गए पैदल संघ ने सालासर पहुंच किया ज्योत का समर्पण

लाडनूं (kalamkala.in)। यहां रेलवे स्टेशन के समक्ष स्थित वीर हनुमान मंदिर से अखंड ज्योत लेकर रवाना हुए सालासर पैदल संघ ने सालासर धाम पहुंच कर संत मोहनदास के धूणे पर अखंड ज्योत समर्पित की। सालासर हनुमान के दर्शन करने के बाद यह दल वापस लाडनूं पहुंचा है। यहां से रवाना होने के बाद इस पैदल संघ ने पूरे रस्ते में अखंड ज्योत को प्रज्वलित रखा और रविवार सुबह 12 बजे ज्योत को सालासर बालाजी में ले जाकर पं. अजय पुजारी के सान्निध्य में धूणा पर जोत का अर्पण किया। संघ के पैदल जत्थे की यात्रा के दौरान भारी बारिश होती रहने के बावजूद इन पैदल भक्तों की अडिग आस्था के कारण यहां से संग ले जाई गई ज्योत को पूरे मार्ग से लेकर लक्ष्य तक अखंड प्रज्वलित रखा जा सका, तभी यह ज्योत बालाजी महाराज को अर्पण करने में वे सफल रहे। उन्होंने वहां देश की खुशहाली की कामना की। लाडनूं में इस अखंड ज्योत को पुजारी विशाल ने वीर हनुमान मंदिर में प्रज्वलित की थी। फिर रास्ते में पुजारी किशन और मुकेश ने इस ज्योत की अखंडता को कायम रखा। संघ यात्रा में पैदल चल रहे और भक्ति रस में डूबे आशीष तिवाड़ी, गोविंद भोजक, जीतू भोजक, पुनीत सोनी, विशाल पुजारी, दीपक सैनी, ओमप्रकाश सैनी, संजय सैनी, युवराज सैनी आदि ने अपनी प्रबल मनोशक्ति का परिचय देते हुए सफर को पूर्ण किया। यहां वापस लौटने पर वीर हनुमान मंदिर में इस दल का स्वागत किया गया।







