गिरवी रखे सोने की तलाश:‘मणप्पुरम’ में दो साल पहले 5 तोला सोना गिरवी रखा, लेने पहुंचे तो कहा- खो गया
जोधपुर। दो साल पहले मणप्पुरम गोल्ड लोन कंपनी में गिरवी रखा पांच तोला सोना गायब हो गया। ग्राहक ने मैनेजर से पूछा तो बताया कि उनका सोना खो गया है। इसके बाद उन्होंने रीजनल मैनेजर से बात की, तो गालीगलौज कर भगा दिया। कंपनी के सीसीटीवी कैमरे में फुटेज भी हैं। इसके बाद परिवादी ने महामंदिर थाने में कंपनी के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दी। ग्राहक का कहना है कि कंपनी पहले भी लोगों के साथ इस तरह का फ्राॅड कर चुकी है।
बिना चुल भरी सारी किश्तें और ब्याज
कीर्ति नगर सेक्टर सी निवासी दिनेश कुमार ने बताया कि अक्टूबर 2020 में पांच तोला सोना मणप्पुरम गोल्ड लोन देने वाली कंपनी में गिरवी रखा था। इसके बाद से हर महीने 4000 रुपए ब्याज जमा कर रहा हूं। इसके लिए कंपनी ने उनका एप डाउनलोड करवाया था, जिसके माध्यम से ऑनलाइन ईएमआई भरी जा रही थी। ईएमआई जमा करने में कभी चूक नहीं हुई। पिछले दिनों वे बैंक में पूरे रुपए जमा करने गए, तो मैनेजर ने कहा कि उनका सोना नहीं मिल रहा। कहीं खो गया है। दो दिन बाद फिर गए तब भी यही जवाब दिया।
अब उनका सोना नहीं मिलेगा, जो करना है कर लो
इसके बाद उन्होंने कंपनी के आरएम (रीजनल मैनेजर) से बात की। आरएम ने कहा कि इसमें वे कुछ नहीं कर पाएंगे। उनका सोना मिलना मुश्किल है। इस पर दिनेश ने कहा कि वे पूरे रुपए जमा करने के लिए तैयार हैं, इसके बावजूद उनका गिरवी रखा सोना क्यों नहीं दिया जा रहा, तो आरएम ने गालीगलौज की और दिनेश को बाहर निकालते हुए कहा कि अब उनका सोना नहीं मिलेगा, जो करना है कर लो। इसके बाद वे महामंदिर थाने पहुंचे और शिकायत की। पुलिस ने आश्वासन दिया कि एक-दो दिन कंपनी के अधिकारी सही जवाब नहीं देते हैं तो केस दर्ज किया जाएगा।
कंपनी जांच कर रही है
कंपनी के माध्यम से सूचना अधिकारियों तक पहुंचा दी गई है। कंपनी जांच कर रही है। यदि सोना नहीं मिलेगा, तो कर्मचारियों का वेतन कटेगा। इसके बाद कंपनी चाहेगी तो उन्हें उनका सोना वापस देगी।
– अजय राव, ब्रांच मैनेजर
इस बारे में मुझे जानकारी नहीं है, मेरे क्षेत्र मेंं तीन ब्रांच आती हैं। महामंदिर क्षेत्र की ब्रांच में यदि ऐसा है तो मैं दिखवाता हूं।
– शिवनारायण रेड्डी, रीजनल मैनेजर







