अपने जीवन में जितने संभव हो अधिकतम पेड़ लगाएं हर व्यक्ति- सुमित्रा आर्य,
लाडनूं में फलों और फूलों वाले विविध 1800 पौधों के नि:शुल्क वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ






लाडनूं (kalamkala.in)। रीयल हेल्प ब्यूरो (रजि.) की राजस्थान इकाई की महिला प्रदेशाध्यक्ष सुमित्रा आर्य ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण में वृक्षारोपण का अत्यंत महत्व होता है। हर व्यक्ति को अपने जीवन में जितने अधिक हो सके, पेड़ लगाने चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान ‘एक पेड़ मां के नाम’ के अनुसार सबको पेड़ लगाने चाहिए। उन्होंने बरसात के मौसम को वृक्ष लगाने के लिए सबसे उत्तम समय बताते हुए कहा कि इस समय लगाए गए वृक्ष तेजी से पनपते हैं। वे यहां नि:शुल्क पौधा वितरण कार्यक्रम के शुभारम्भ पर बोल रही थी। कार्यक्रम में रीयल हेल्प ब्यूरो के प्रदेश मीडिया प्रभारी जगदीश यायावर ने कहा कि हर घर के दालान-गुवाड़ी में, नोहरे में, जमीनों में पेड़ लगाए जाने चाहिए। पेड़ों से मिलने वाली ऑक्सीजन अन्य किसी स्रोत से संभव नहीं है। यह मनुष्य के स्वास्थ्य लाभ के लिए सबसे कीमती होती है। कार्यक्रम में शहतूत, अनार, नीम्बू, जामुन, अंजीर, बिल्व, सहजना, गुलाब, गुड़हल आदि विभिन्न फलों और फूलों वाले 1800 पौधों का वितरण आमजन को नि:शुल्क किया जाना शुरू किया गया। इन पौधों का वितरण रीयल हेल्प ब्यूरो (रजि.) नई दिल्ली की राजस्थान प्रदेश इकाई द्वारा ‘कलम कला’ न्यूज पेपर एवं न्यूज पोर्टल के तत्वावधान में योग एवं नेचुरोपैथी चिकित्सक डॉ. ललित कुमार सोमानी की प्रेरणा से और कोलकाता प्रवासी व जसवंतगढ निवासी कमल लाहोटी के आर्थिक सौजन्य से किया गया। लाडनूं के मालियों का बास स्थित पार्षद सुमित्रा आर्य के निवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में पौधे लेने के लिए महिला-पुरुषों की भीड़ उमड़ी। गुरुवार शाम को बारिश के बावजूद भी पौधे प्राप्त करने वालों की संख्या कम नहीं हुई। नि:शुल्क पौधा वितरण कार्यक्रम के दौरान कृष्ण सैनी, विजय सिंह चौहान, गजराज सांखला, विनोद चौहान, पिंटु सैनी, मंजू देवी सांखला, विमला देवी सांखला, कुलदीप तंवर, सैफ अली बिसायती, आलू बिसायती, नगीना बिसायती, आसमां, संतोष रैगर,सुनीता सांखला, आशा सांखला आदि उपस्थित रहे।






