जसवंतगढ पुलिस की सफल कार्रवाई, मात्र 72 , घंटों में अनूपगढ़ से दबोचा अपहरण व दुष्कर्म के आरोपी को,
पुलिस ने जसवंतगढ व सुजानगढ़ में सीसीटीवी कैमरे खंगाले और संदिग्ध बाइक को चिह्नित कर पहुंच गए मुलजिम तक
लाडनूं (kalamkala.in)। पुलिस वृत लाडनूं के जसवंतगढ पुलिस थाने द्वारा नाबालिग बालिका का अपहरण कर ले जाने एवं उसके साथ दुष्कर्म किए जाने के एक प्रकरण में प्रभावी कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज होने के मात्र 72 घण्टों में अपहर्ता को अनूपगढ़, (जिला श्रीगंगानगर) से दबोच कर गिरफ्तार किया गया है। साथ ही इस आरोपी गुरप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर अपहरण की घटना में प्रयुक्त वाहन मोटरसाईकिल को भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस जिले भर में महिलाओं से संबंधित अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई कर रही है, जिसमें पुलिस थाना जसवंतगढ़ की यह कार्रवाई प्रभावी रह है।
सीसीटीवी कैमरों से संदिग्ध मोटरसाइकिल पहचान कर पहुंचे मुलजिम तक
इस मामले में जसवंतगढ पुलिस थाने में 14 जून को एक रिपोर्ट दर्ज की गई, जिसमें रिपोर्ट देने वाले ने बताया कि उसकी नाबालिग पुत्री घर से सुजानगढ़ कपड़े लाने का कहकर निकली थी, जो अभी तक वापिस नहीं लौटी है। उस रिपोर्ट को एफआईआर के रूप में दर्ज किया जाकर अनुसंधान प्रारंभ किया गया। यह प्रकरण नाबालिग बालिका से संबंधित होने पर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना स्तर पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम ने इस मामले में जसवंतगढ़ व सुजानगढ़ के सीसीटीवी कैमरों को चैक करते हुए एक संदिग्ध मोटर साईकिल के बारे में पत्ता लगाया। संदिग्ध मोटरसाईकिल धारक की डिटेल्स प्राप्त तकनीकी सहायता से अपहर्ता की स्थिति के बारे में पत्ता किया गया। इसके बाद गठित विशेष टीम द्वारा अनूपगढ़ जिला श्रीगंगानगर से प्रकरण की अपहर्ता एवं आरोपी गुरप्रीत सिंह (19) पुत्र जसवंत सिंह जाति रायसिख निवासी 6-पी, पुलिस थाना अनूपगढ़, जिला श्रीगंगानगर को दबोच लिया गया और आरोपी गुरप्रित सिंह से पूछताछ व अनुसंधान किया जाकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
इस पुलिस टीम ने की यह सफल कार्रवाई
यह सारी कार्यवाही जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डीडवाना हिमांशु शर्मा एवं वृताधिकारी लाडनूं जितेन्द्र सिंह चारण के सुपरविजन में थानाधिकारी जसवंतगढ राजेश कुमार सिहाग ने गठित पुलिस टीम के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहरण एवं दुष्कर्म के अपहर्ता को मात्र 72 घण्टों में अनूपगढ़ (जिला श्रीगंगानगर) से गिरफ्तार किया और घटना में प्रयुक्त मोटरसाईकिल बरामद की गई है। कार्रवाई में संलग्न पुलिस टीम में थानाधिकारी राजेश कुमार सिहाग के साथ एएसआई परमाराम, एएसआई, हेड कांस्टेबल सुखाराम, कांस्टेबल जय सिंह, सुरेन्द्र और महिला कांस्टेबल सुश्री राजकौर शामिल रही। इस पूरी कार्रवाई में हेड कांस्टेबल सुखाराम का विशेष योगदान रहा है।






