लाडनूं में महेश नवमी पर्व पर महा रुद्राभिषेक के साथ भजन-कीर्तन, महा आरती एवं विविध कार्यक्रमों का आयोजन,
वरिष्ठ महिला-पुरुषों का स्वागत-सत्कार, विद्यार्थियों का प्रोत्साहन और समाज को नई ऊंचाई देने का प्रण






लाडनूं (kalamkala.in)। स्थानीय माहेश्वरी समाज द्वारा महेश नवमी पर्व के अवसर पर पहली पट्टी स्थित भैया बगीची में विविध आयोजन करते हुए धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में लाडनूं के माहेश्वरी समाज ने सपरिवार कार्यक्रम उपस्थित होकर भगवान महेश के महारुद्राभिषेक का आयोजन अति उत्साह एवं आनंद से संगीतमय माहौल में किया। महारुद्राभिषेक के पश्चात् माहेश्वरी समाज के सभी महिला-पुरुषों ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना की एवं महाआरती करते हुए महेश नवमी कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। विभिन्न कार्यक्रमों की प्रस्तुति के बाद शाम 7:30 बजे भैया बगीची बालाजी मंदिर में महाआरती आयोजित की गई, जिसमें सबने आनंदित भाव से भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी माहेश्वरी समाज बंधुओं की सामुहिक सज्जन गोठ की गई।
वरिष्ठ नागरिकों किया गया स्वागत-सम्मान
माहेश्वरी समाज द्वारा आयोजित इस महेश नवमी पर्व समारोह के दौरान समाज के वृद्धजनों का सम्मान किया। सम्मान कार्यक्रम में सभी सीनियर सिटीजन महिलाओं और पुरुषों का समाज बंधुओं ने दुपट्टा और मालाएं पहना कर स्वागत-सत्कार किया और उनके द्वारा समाज के प्रति किए कार्यों की प्रशंसा की गई। कार्यक्रम में सीए सुरेश जाजू ने कहा कि, हमें अपने वरिष्ठजनों की सेवाओं और कार्यों से सदैव प्रेरणा लेते हुए समाज को नई ऊंचाई प्रदान करनी चाहिए।
उच्च शिक्षा के लिए किया प्रोत्साहित
कार्यक्रम में उच्च शैक्षणिक योग्यता प्राप्त करने वाले बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए उनका उत्साह वर्धन समाज बंधुओं ने दुपट्टा और मालाएं पहनाकर तथा उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर किया। कार्यक्रम में विशेष शैक्षणिक योग्यता प्राप्त डॉ. शिक्षा जाजू पुत्री सनुजा-प्रह्लाद जाजू के जोधपुर मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस करने पर उसका भव्य स्वागत किया गया। साथ ही इस अवसर पर अर्जुन राठी, मानस मूंदड़ा एवं जाह्नवी कांकाणी का सैकेंडरी और हायर सैकेंडरी परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद निरंतर आगे उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करते हुए बृजेश माहेश्वरी ने कहा कि समाज के बच्चों में उच्च शिक्षा के प्रति अच्छा रुझान है। माता-पिता को उनकी रुचि अनुसार उनके साथ समर्पण भाव से सहयोग और मार्गदर्शन करते रहना चाहिए, ताकि हमारा माहेश्वरी समाज नित नई ऊंचाई प्राप्त करे।
भजन-कीर्तन एवं सांस्कृतिक-मनोरंजक कार्यक्रमों की प्रस्तुति
कार्यक्रम में आयोजित भजन-कीर्तन प्रस्तुतियों में महिलाओं-पुरुषों ने मिलकर बढ़-चढ़ कर भाग लेते हुए अपनी आवाज की मधुरता से सभी समागत परिवार जनों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में राजू भार्गव पार्टी ने भी अपनी शानदार सतरंगी भजनों की प्रस्तुति दी। बच्चों की टीम ने ‘फादर्स डे’ को शानदार एवं अनोखे अंदाज में मनाते हुए अपनी प्रतिभा प्रदर्शित की। साथ ही सबने इस अवसर पर सपत्नीक विभिन्न गेम्स में हिस्सा लिया। इसके लिए केशव माहेश्वरी, मधुर जाजू, सौरभ तोषनीवाल, राशि मान्धनिया, भूमि मान्धनिया, शिक्षा जाजू, ललित जाजू, प्रियम् मान्धनिया ने अपनी अनूठी प्रतिभा से सबका मन मोह लिया। कार्यक्रम में श्याम जाजू, हरि प्रसाद झंवर, दिनेश जाजू, महेश जाजू, बृजेश मान्धनिया, संजय चितलांगिया, पवन कांकाणी, पवन मान्धनिया, रमेश जाजू, श्रीभगवान तोषनीवाल, राजेश लड़ा, सुरेश जाजू, सुभाष जाजू, बजरंग लाल गट्टाणी, प्रहलाद जाजू, दिनेश तोषनीवाल जसवंतगढ़, मुकेश मान्धनिया आदि अपने परिवार सहित आयोजन में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम के अंत में पवन मान्धनिया ने सभी का आभार ज्ञापित किया।कार्यक्रम का संचालन सुरेश जाजू ने किया।






