समाज में नशे से दूर रहने के लिए व्यापक जागरूकता में सभी सहायक बनें- एसपी प्यारेलाल शिवराण,
नशा मुक्त भारत अभियान के तहत प्रचार-प्रसार सामग्री का किया विमोचन
डीडवाना (kalamkala.in)। जिला पुलिस अधीक्षक प्यारेलाल शिवराण ने कहा है कि नशा मनुष्य के लिए हर दृष्टि से घातक होता है। पुलिस विभाग नशे के कारोबारियों पर सक्षम नियंत्रण के लिए निरंतर जुटी हुई है। इसके साथ ही हम सबका यह दायित्व भी बनता है कि हम समाज में नशे से दूर रहने के लिए व्यापक जागरूकता में सहायक बनें। पुलिस विभाग को भी सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के साथ मिलकर नशा मुक्ति के लिए जागरूकता लाने के लिए अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने में सहयोगी रहना चाहिए। वे सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के नशा मुक्ति पोस्टर का विमोचन कर रहे थे। 23 जून को पुलिस विभाग के सहयोग से सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की प्रचार-प्रसार सामग्री का विमोचन किया गया।
26 जून तक चलेगा नशा मुक्त भारत अभियान
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार द्वारा ‘नशा मुक्त भारत’ अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम चलाये जा रहे हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी जयपाल सिंह ने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत जिले में 17 से 26 जून तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना है। इसके तहत 23 जून को पुलिस विभाग के सहयोग से प्रचार-प्रसार सामग्री का विमोचन किया गया, विमोचन के पश्चात् पुलिस अधीक्षक प्यारेलाल शिवरान ने विभाग को नशे के प्रति जागरूकता हेतु अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने हेतु कहा। इस दौरान जिला पुलिस अधीक्षक प्यारेलाल शिवरान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा व सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग से मुकेश राम कड़वासरा एवं चेनाराम खाण्डोटिया उपस्थित रहे।






