विमल इंडस्ट्रीज और जगदंबा इंडस्ट्रीज के बेसमेंट में बनता था नकली पान मसाला
जोधपुर। अगर आपको पान मसाला खाने की आदत है तो सावधान रहिए। बाजार में लगभग हर कम्पनी का नकली पान मसाला धड़ल्ले से आ रहा है। हाल ही पुलिस ने ऐसी ही एक नकली पान मसाला बनाने की फेक्ट्री पर छापा मार कर मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार तनावड़ा स्थित उद्योग नगर में दो इंडस्ट्रीज के बेसमेंट में चल रही नकली पान मसाला बनाने की फैक्ट्री का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। कंपनी के एक प्रतिनिधि की शिकायत पर पुलिस ने रेड मारी, लेकिन संचालक नहीं मिला। पुलिस ने फैक्ट्री से भारी मात्रा में नकली पान मसाला, पैकिंग मशीनें, तानसेन गुटखा के पाउच, इलेक्ट्रानिक कांटा सहित अन्य सामग्री जब्त की है। इस मामले में कंपनी के प्रतिनिधि ने कॉपीराइट व धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है।
कॉपीराइट व धोखाधड़ी का केस दर्ज, आरोपी की तलाश जारी
एक पैकिंग मशीन, 5 कट्टों में भरा 100 किलो नकली गुटखा तकरीबन 11 हजार पाउच में मिला. साथ ही खाली 25 हजार मास्टर पाउच मिले. 4 रॉल नकली पाउच के और इलेक्ट्रानिक कांटा आदि मिले
एसीपी बोरानाडा जेपी अटल ने बताया कि उत्तरप्रदेश के नोएडा निवासी मनजीतसिंह की तरफ से शुक्रवार को शिकायत की गई थी, जिसमें बताया था कि वह नोएडा में पान मसाला बनाने वाली धर्मपाल सतपाल लिमिटेड कंपनी में प्रतिनिधि के तौर पर कार्य करता है। उसकी कंपनी के नाम से जोधपुर में तनावड़ा स्थित एक उद्योग में नकली पान मसाला तैयार किया जा रहा है। जिसका संचालक आरोपी बाबूलाल है, जो विमल इंडस्ट्रीज और जगदंबा इंडस्ट्रीज चलाता है। पुलिस की टीम ने दोनों इंडस्ट्रीज पर छापेमार कार्रवाई की, जहां बेसमेंट में अवैध रूप से नकली पान मसाला बनाने की फैक्ट्री पकड़ी गई। मौके पर एक पैकिंग मशीन, 5 कट्टों में भरे 100 किलो नकली पान मसाला के करीब 11 हजार पाउच, 25 हजार खाली मास्टर पाउच, 4 रोल नकली पाउच और इलेक्ट्रानिक कांटा जब्त किया गया। एसीपी जेपी अटल ने बताया कि आरोपी मूलतः खेड़ी सालवा का रहने वाला है और वर्तमान में मरुधर केसरी नगर शोभावतों की ढाणी में रहता है। कार्रवाई और केस दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपी बाबूलाल पुत्र तुलछाराम जाट के खिलाफ कॉपीराइट व धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।






