लाडनूं क्षेत्र में दो दिनों में हुई चोरी की तीन वारदातें, बंद मकानों में घुस चोरों ने किया लाखों पर हाथ साफ, लोगों में दहशत फैली,
हीरावती में एक और कुम्हारों का बास में दो घरों पर चोरों ने बोला धावा

लाडनूं (kalamkala.in)। क्षेत्र में 30 सितम्बर से एक अक्टूबर इन दो ही दिनों के बीच लगातार चोरी की तीन वारदातें होनी सामने आई हैं। इससे पूरे क्षेत्र में लोगों में दहशत फैल गई है और लोग घरों के अंदर भी डरने लगे हैं। इन वारदातों में ग्राम हीरावती में एक चोरी की वारदात और लाडनूं शहर में दो चोरी की वारदातें हुईं। प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 अक्टूबर को ग्राम हीरावती में खारा रौड स्थित अणदा राम पुत्र कुमाराम जाट के मकान से जब परिवार सहित खेत में कार्य करने के लिए गए थे, पीछे से तीन अज्ञात चोरों ने दीवार फांद कर घर में घुस कमरे, संदूक व अटैची के ताले तोड़ कर 5 तोला सोने व 20 तोला चांदी के आभूषण और 21 हजार रुपए नकद चुरा कर ले गए। इसकी सूचना उसकी भतीजी ने फोन करके दी कि कोई आदमी घर के अन्दर से भागकर आया है। तब उसने घर आकर देखा तो चोरी का पता चला। उसने वहां हल्ला मचाया तो आस-पड़ौस के लोग एकत्रित हो गये। फिर पुलिस थाना लाडनूं को सूचना दी। मौके पर पुलिस थाना टीम आई ओर जांच शुरू की।
कुम्हारों का बास में चोरों ने किया लाखों पर हाथ साफ
दूसरी वारदात में लाडनूं शहर के कुम्हारों का बास में सूने मकान में चोरों ने अपना हाथ साफ किया। इस चोरी की वारदात में मकान मालिक घरेलू काम से जयपुर गया था और पीछे से चोरों ने ताले तोड़ कर चांदी के आभूषण व सामान, नकद राशि एवं अन्य सामान चोरी कर लिया। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है। इस वारदात की रिपोर्ट रामप्रसाद वर्मा (76 वर्ष) पुत्र देवीदत्त वर्मा जाति सोनी निवासी कुम्हारों का बास गली नं 14 लाडनूं ने पुलिस को दी। रिपोर्ट में बताया गया है कि वह 29 सितम्बर को सुबह 8 बजे अपने मकान को ताले लगाकर घरेलु कार्य के लिए जयपुर गया था। पीछे से 30 सितंबर को रात्री में अज्ञात व्यक्ति ने उसके घर के ताले तोड़ कर घर में रखा हुआ चांदी का सिंहासन, चांदी के गिलास नग 4, चांदी के सिक्के 25, चांदी की प्लेट नग 2, चांदी के प्याले नग 4, जो कुल करीब 2.50 किग्रा चांदी व 15 हजार रुपये नगद व 5 हाथ घड़ी चुरा कर ले गये। अगली सुबह 1 अक्टूबर को आस-पड़ौस के लोगों ने उसे सूचना दी कि उनके घर के ताले टूटे हुए हैं। तब वह उसी दिन वापस आया और देखा कि घर में पूरा सामान बिखरा पड़ा है। इसकी सूचना पुलिस को दी गई, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और वारदात का मुआयना किया। पुलिस ने इस रिपोर्ट को धारा 331 (4), 305 (ए) बीएनएस के तहत दर्ज किया है तथा मामले की जांच हेड कांस्टेबल प्रेमाराम के सुपुर्द की गई है।
ढुंढाड़ा भवन के पास भी हुई बंद मकान में बड़ी चोरी
तीसरी चोरी की वारदात भी लाडनूं शहर के इसी क्षेत्र की है, जिसमें ढुंढाड़ा भवन के पास नागरमल पुत्र गणपत राम प्रजापत के बन्द मकान में भी इसी रात चोरी हुई। इस चोरी के बाद अभी तक परिवार यहां लौटा नहीं है। परिवार के आने के बाद ही इस चोरी में गये सामान की पूरी जानकारी मिल सकेगी।



