लापरवाही के चंद क्षणों ने लील ली दो ज़िंदगियां, ओवरटेक पड़ा भारी, लाडनूं के निम्बी जोधां में हुए भीषण सड़क हादसे में नवविवाहित दूल्हे सहित दो युवाओं की मौत, पांच घायल, चार परिवारों में मातम पसरा, टूटा गमों का पहाड़, शादी की खुशियों पर गाज गिरी

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

लापरवाही के चंद क्षणों ने लील ली दो ज़िंदगियां, ओवरटेक पड़ा भारी,

लाडनूं के निम्बी जोधां में हुए भीषण सड़क हादसे में नवविवाहित दूल्हे सहित दो युवाओं की मौत, पांच घायल,

चार परिवारों में मातम पसरा, टूटा गमों का पहाड़, शादी की खुशियों पर गाज गिरी 

लाडनूं (kalamkala.in)। उप तहसील निम्बी जोधां स्थित मेगा हाईवे पर पुष्कर मार्ग की पुलिया के पास बुधवार को ट्रक-ट्रेलर और स्विफ्ट कार के बीच हुई भीषण भिडंत में दो युवाओं रोहित प्रजापत व मनजीत प्रजापत की मौत हो गई, जबकि अन्य 5 जने घायल हुए हैं। भिड़ंत से स्विफ्ट कार के परखच्चे उड़ गए। उनकी कार किसी अन्य गाड़ी को ओवरटेक कर रही थी कि सामने से आ रहे ट्रेलर से टक्कर हो गई। इस दुर्घटनाग्रस्त कार में ड्राइवर रोमिल पंवार पुत्र संजय पवार निवासी सुजानगढ़ (चूरू) के अलावा मुकेश प्रजापत, उनकी पत्नी पिंकी प्रजापत (47), बेटा रोहित प्रजापत, रोहित की पत्नी नेहा, रोहित की बुआ का लड़का मनमीत प्रजापत (27), पूजा (23) पत्नी रविकांत प्रजापत निवासी जसवतंगढ़ (डीडवाना-कुचामन) थे और सभी घायल हो गए। सूचना मिलने पर लाडनूं पुलिस उप अधीक्षक जितेंद्र सिंह और निम्बी जोधां पुलिस थाने के थानाधिकारी सिद्धार्थ प्रजापत मय जाप्ता मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को लाडनूं हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद दूल्हे रोहित प्रजापत और मनमीत प्रजापत को मृत घोषित कर दिया गया। हादसे के बाद मौके पर ट्रैफिक बाधित हो गया और भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से साइड में करवा कर ट्रैफिक को वापस शुरू करवाया।

सुजानगढ़ में ननिहाल जा रहे थे मायरा मीठा करने

कार में नवविवाहित दम्पति सहित सभी नागौर से सुजानगढ़ जा रहे थे, जहां शादी के बाद कुछ मीठा मायरा करने की रस्म-अदायगी की जानी थी। मृतक दूल्हा रोहित प्रजापत इटली से शादी के लिए ही भारत आया हुआ था, लेकिन शादी के सुहाने दिनों को देखना किस्मत में नहीं था और सात दिन भी नहीं बीते और कुदरत ने उसे उठा लिया। घटना का समाचार मिलते ही नागौर, लाडनूं, लक्ष्मणगढ़ और सुजानगढ़ में कोहराम मच गया। हादसे की सूचना लगते ही नागौर से रोहित प्रजापत के दादा व मनजीत लाडनूं के नाना रामनाथ माणधनिया लाडनूं हॉस्पिटल पहुंचे। पोते रोहित और दोहिता मनजीत की मृत्यु की पुष्टि होते ही वे फफक पड़े, अस्पताल परिसर में माहौल गमगीन हो गया। रोहित की मां पिंकी प्रजापत को हालत गंभीर होने पर जयपुर के एसएमएस हॉस्पिटल के लिए रैफर कर दिया गया।

शादी को नहीं हो पाया एक सप्ताह भी और उजड़ गया नई दुल्हन का सुहाग

मृतक युवा रोहित प्रजापत (24) पुत्र मुकेश प्रजापत नागौर की शादी 29 नवम्बर 2025 को नेहा प्रजापत (25)(निवासी लक्ष्मणगढ़ सीकर) से हुई थी। इसे एक सप्ताह भी पूरा नहीं हुआ और हादसे ने इस नवविवाहिता नेहा से उसका सुहाग छीन लिया। रोहित का पूरा परिवार पिता मुकेश प्रजापत, माता पिंकी देवी व अन्य सदस्य इटली में रहते हैं। रोहित भी पत्नी को लेकर हफ्ते भर में इटली जाने वाला था। छोटा भाई अंकित भी इसी सुबह दिल्ली से फ्लाइट लेकर इटली रवाना हुआ था। लेकिन इधर घर में चल रही शादी की खुशियां इस हादसे के कारण चंद दिनों में ही मातम में बदल गई। इनका पूरा परिवार गत 15 सालों से इटली रह रहा था। मृतक के पिता मुकेश प्रजापत नागौर शहर में किले के पीछे रहते हैं, वे इटली में डेयरी फार्म में जॉब करते हैं, जबकि रोहित ई-सिगरेट बनाने वाली फैक्ट्री में नौकरी करता था। रोहित की शादी के लिए कुछ दिन पहले परिवार नागौर आया था। गुरुवार सुबह 10 बजे रोहित का भाई इटली के लिए रवाना हुआ था, जबकि अन्य लोग शादी के बाद मीठा मायरा की रस्म करने सुजानगढ़ (चूरू) जा रहे थे। दरअसल, दूल्हे-दुल्हन के मामा शादी में मायरा भरने आते हैं। शादी के

बचपन में पिता गुजरे, कोरोना में गया भाई और शादी के सातवें दिन पति का इंतकाल

नव-नवेली दुल्हन नेहा प्रजापत अपने पिता स्व. तिलोकचंद प्रजापत (लक्ष्मणगढ़) की सबसे छोटी संतान थी। उसके बाल्यकाल में ही उसके पिता का देहांत हो गया था। कोरोना काल में बड़े भाई राहुल प्रजापत का भी निधन हो गया था। परिवार में मां सावित्री और तीन बहनें हैं, जिनमें सबसे छोटी नेहा है। शादी के सात दिन के भीतर ही नेहा के जीवन में ऐसा अकल्पनीय दुःख आ गया, जिसके लिए किसी ने सोचा तक नहीं था।

मृतक मनजीत की शादी भी होनी थी होली के बाद

हादसे में दूसरा मृतक मनजीत प्रजापत (पुत्र प्रहलादराम प्रजापत) अपने परिवार का इकलौता बेटा था। प्रहलादराम बाजार में रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाते हैं। बहन और भाई पढ़ाई कर रहे हैं। मनजीत की सरदारशहर में सगाई हो चुकी थी और होली के बाद शादी प्रस्तावित थी।जब अस्पताल में दुर्घटना की सूचना मिली और प्रह्लादराम लाडनूं हॉस्पिटल पहुंचे, तो बेटे की मौत की बात सुनते ही वे बेहोश होकर गिर पड़े। पूरे मोहल्ले में मातम छा गया, झंडा चौक स्थित बाजार की दुकानें शोक स्वरूप बंद रखी गईं। इस भीषण हादसे की खबर मिलते ही जैन विश्व भारती लाडनूं के वरिष्ठ संरक्षक भागचंद बरड़िया, व्यापार मंडल के अध्यक्ष गोविंद सिंह छपारा, रामकिशोर प्रजापत सहित कई सामाजिक जनों ने पहुंच कर पीड़ित परिवार को सांत्वना दी।

सुजानगढ़ में इंतज़ार व स्वागत की तैयारियों में जुटा ननिहाल का परिवार दर्दनाक खबर से मातम में डूबा

मृतक दूल्हे रोहित प्रजापत का सुजानगढ़ में ननिहाल है। ननिहाल का परिवार अपने बेटी-दामाद, दोहिता-बहू और अन्य परिजनों के स्वागत की तैयारियों में लगा हुआ था। घर में हलवाई मिठाई बना रहा था, मेहमानों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था चल रही थी। इसी दौरान हादसे की खबर वहां पहुंच गई और खुशियों का पूरा माहौल पलभर में ही मातम में बदल गया।परिवार की महिलाएं और सब बच्चे बिलख पड़े।मामा प्रेमसुख प्रजापत को अपने भांजे रोहित का मृतक पंचनामा पुलिस को सौंपना पड़ा।समूचे क्षेत्र में गम का माहौल बन गया। इस भीषण हादसे ने एक साथ चार-चार परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। इससे लाडनूं, नागौर, लक्ष्मणगढ़ और सुजानगढ़ में जहां-जहां खबर पहुंची, शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आसपास के ग्रामीणों ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन से सड़क सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने की मांग की।

kalamkala
Author: kalamkala

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे ज्यादा पड़ गई

शहर चुनें

Follow Us Now