लाडनूं के श्यामपुरा की लम्बे समय से गर्भाशय की गंभीर समस्या से जूझ रही महिला को सफल ऑपरेशन से मिला जीवनदान,
डीडवाना के राजकीय बांगड़ जिला अस्पताल में हिस्टरेक्टॉमी का डॉ. अरविंदर चौधरी ने किया ‘हिस्टरेक्टॉमी’ का चुनौतीपूर्ण सफल ऑपरेशन


शकील अहमद उस्मानी, पत्रकार। डीडवाना (kalamkala.in)। यहां के राजकीय बांगड़ जिला अस्पताल में चिकित्सा सेवाओं का स्तर लगातार ऊंचाइयों को छू रहा है। हाल ही में यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान(एम्स) दिल्ली, रवींद्रनाथ टैगोर मेडिकल कॉलेज(आरएनटी)उदयपुर और सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज (एसपीएमसी) बीकानेर से प्रशिक्षित स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. अरविंदर चौधरी ने अपनी टीम के साथ मिलकर एक जटिल गर्भाशय (हिस्टरेक्टॉमी) सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है। लाडनूं उपखंड की श्यामपुरा निवासी एक 45 वर्षीया महिला रोगी लंबे समय से गर्भाशय संबंधी गंभीर समस्या से जूझ रही थीं, लेकिन निजी अस्पतालों में इलाज का खर्च वहन न कर पाने के कारण उपचार संभव नहीं हो पा रहा था। ऐसे में डीडवाना के सरकारी अस्पताल में की गई इस सर्जरी ने मरीज को नया जीवन दिया है। सर्जरी के बाद उनकी स्थिति पूरी तरह स्थिर है और अब वे स्वस्थ हैं। डॉ. चौधरी ने बताया कि यह ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण जरूर था, लेकिन अनुभवी टीमवर्क और आधुनिक तकनीक की मदद से इसे सफल बनाया गया। उन्होंने कहा कि अब सरकारी अस्पतालों में भी उच्चस्तरीय स्त्री रोग संबंधी सर्जरी और उपचार सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं, जिससे आमजन को राहत मिल रही है। गौरतलब है कि स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ (राजकीय बांगड़ हॉस्पिटल डीडवाना) डॉ. अरविंदर चौधरी ने इनफर्टिलिटी (बांझपन उपचार) में भी विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया है। उनके अनुभव, दक्षता और सहज व्यवहार के कारण मरीजों में सरकारी चिकित्सा सेवाओं के प्रति विश्वास बढ़ा है। स्थानीय लोगों और मरीजों ने भी डॉ. चौधरी की सराहना करते हुए कहा कि उनके समर्पण, विशेषज्ञता और मानवीय दृष्टिकोण ने सरकारी अस्पताल की छवि को नई पहचान दी है।






