क्या गुल खिल रहे हैं तेली रोड पर?
सांझ ढलते ही हुई हिम्मत, तीन लड़कों ने एक लड़की को मेडिकल स्टोर में खींच कर शटर क्यों गिराया?
रिपोर्ट दर्ज होने में क्यों हुई देरी, किस-किसने किये अपराधियों के बचाव के प्रयास?
लाडनूं (kalamkala.in)। लाडनूं का तेली रोड सबसे व्यस्ततम क्षेत्र है और यहां हर समय बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही भी रहती है। ऐसे व्यस्ततम स्थान पर अगर सामुहिक बलात्कार का प्रयास किया जाए तो यह पुलिस व्यवस्था के लिए अत्यधिक शर्म की बात है। लगता है यहां अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं। इन स्थितियों के चलते यहां लोगों में निश्चित रूप से भय व्याप्त होना स्वाभाविक है। तेली रोड पर सबसे अधिक पुलिस गश्त की जरूरत है। यहां देर रात को 12 से 1 बजे और अधिक देर तक भी काफी दुकानें खुली रहती हैं और उन पर लोगों की भारी भीड़ जमा रहती है।
रात नौ बजे भीड़ ने क्या देखा और क्या हुआ था आखिर
यहां तेली रोड पर गली नं. 16 के सामने स्थित एक मेडिकल स्टोर पर रात को करीब नौ बजे भारी भीड़ लगी थी। बताया गया कि वहां बंद शटर को ऊपर कर एक लड़की और तीन लड़कों को निकाला गया। लड़के तो वहां से भाग गए और लड़की के परिवार वाले वहां आए हुए थे। पुलिस भी मौके पर आई और पत्रकार भी काफी पहुंच चुके थे। बताया गया कि कोई लड़की यहां दवा खरीदने आई थी। उस समय दुकान पर तीन लड़के मौजूद थे। उन्होंने लड़की को पकड़ कर दुकान के भीतर ले लिया और शटर नीचा करके अश्लील हरकतें कीं। लोगों को शक-सुबहा होने पर और लड़की के समय पर नहीं लौटने पर परिजन भी वहां पहुंच गए। शटर उठाया गया, तो तीनों लड़के निकल कर वहां से भाग गए। लड़की को भी बाहर निकाला गया। पुलिस को बुला कर सारी स्थिति बताई गई। तीनों लड़कों के नाम पते लड़की ने बता दिए। पुलिस उन लड़कों के घर भी गई, पर खाली हाथ लौटी। परिजनों ने तत्काल ही पुलिस को इस वारदात की एक लिखित रिपोर्ट भी सौंप दी थी।
दूसरे दिन शाम तक दर्ज नहीं हो पाई रिपोर्ट
इस मामले में अगले दिन सुबह परिजनों को मामला दर्ज करने के लिए पुलिस थाने बुलाया था। इस दरमियान परिजनों पर भारी दबाव बनाया गया कि इस बारे में रिपोर्ट दर्ज नहीं होने पाए। पुलिस द्वारा भी देरी करते हुए उनका अप्रत्यक्ष समर्थन किया। बाद में पुलिस थाने के बाहर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठे हो गए और पुलिस पर रिपोर्ट दर्ज करवाने के लिए जोर लगाया। अंततोगत्वा पुलिस ने शाम को जाकर कहीं वह रिपोर्ट दर्ज की।
पुलिस ने दर्ज की यह रिपोर्ट
इस रिपोर्ट के अनुसार 16 वर्षीया लड़की सोमवार रात्रि करीब 8.30 बजे अपनी मां के लिए दवाई लेने गई। मेडिकल में तीन लड़के उस्मान, सोहैल व अमन मौजूद थे। उन्होंने उसे हाथ पकड़ कर मेडिकल के अंदर ले गए और मुंह बंद कर दो थप्पड़ मार कर अपशब्द बोले। उस लड़की के चिल्लाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। वे तीनों लड़के मेडिकल को खुला छोड़ कर वहां से भाग गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने यह रिपोर्ट धारा 74, 3 (5), 115 (2), 126 (2) भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज किया है और जांच सहायक उप निरीक्षक पर्वत सिंह कर रहे हैं।






