अपराध मुक्त और सुरक्षित जिला- हमारी प्रतिबद्धता- एसपी ऋचा तोमर,
डीडवाना-कुचामन जिले के पुलिस अधीक्षक पद पर श्रीमती ऋचा तोमर (IPS) ने किया कार्यभार ग्रहण





डीडवाना (kalamkala.in)। हाल ही में हुए आईपीएस के तबादलों में डीडवाना-कुचामन जिले में पदस्थापित जिला पुलिस अधीक्षक श्रीमती ऋचा तोमर ने बुधवार को यहां पदभार ग्रहण किया। ऋचा तोमर राजस्थान के विभिन्न जिलों में एसपी का दायित्व संभाल चुकी हैं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राजस्थान पुलिस की प्राथमिकताओं को ज़मीन पर उतारना उनका मुख्य लक्ष्य रहेगा। वे स्ट्रीट क्राइम की रोकथाम, महिलाओं व बच्चों के विरुद्ध अपराध पर सख्त कार्रवाई को अपना लक्ष्य मानकर चलेंगी। गौरतलब है कि ऋचा तोमर राजस्थान के अनेक जिलों की कानून-व्यवस्था सफलता पूर्वक संभाल चुकी हैं। वे हर जगह कानून-व्यवस्था को सुधारने, पेचीदा आपराधिक मामलों को सुलझाने, तस्करी से जुड़े अपराधों पर अंकुश कायम करने, संगठित अपराधों पर अंकुश लगाने, कम्युनिटी पुलिसिंग को बढ़ावा देने आदि में सदैव अग्रणी रही है। डीडवाना जिले में भी उनकी प्रतिभा व कौशल से रूबरू होने की लोगों को उम्मीद है।
संक्षिप्त परिचय
श्रीमती ऋचा तोमर 2016 बैच की राजस्थान कैडर की आईपीएस है। ऋचा तोमर अपनी आईपीएस ट्रैनिंग में अपने बैच की टॉपर्स में से एक थी। आईपीएस ट्रेनिंग के बाद ऋचा तोमर को राजस्थान कैडर अलॉट किया गया। वर्ष 2019 में उन्हें ‘ऑल राउंड लेडी प्रोबेशनर’ के तौर पर 1973 आईपीएस बैच की ट्रॉफी दी गई थी। यह ट्रॉफी उस प्रोबेशनर को दी जाती है, जिसने ट्रेनिंग के दौरान सबसे बढ़िया प्रदर्शन किया हो। उत्तर प्रदेश बागपत जिले के एक छोटे से गांव हसनपुर जिवानी के किसान की बेटी ऋचा तोमर कुल 6 भाई-बहनों में चौथे नंबर पर थी। वह अपनी स्कूली पढ़ाई में काफी कुशाग्र रही। उनकी शुरुआती पढ़ाई-लिखाई बागपत शहर की सरकारी विद्यालयों से हुई। चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी, मेरठ से बीएससी टॉपर रही और ऋचा ने पोस्ट ग्रेजुएशन माइक्रो बायोलॉजी से किया है। नेट परीक्षा और जेआरएफ पास करने वाली ऋचा तोमर ने वर्ष 2015 में यूपीएससी परीक्षा पास की थी। 2016 में पुलिस ट्रेनिंग में वह अपने आईपीएस बैच की टॉपर रही।






