बरसात का पानी और कूड़ा-करकट सीवर लाईन में नहीं डालें- असलम खान,
लाडनूं की सांसी बस्ती में महिलाओं को बताया सिवरेज का महत्व


लाडनूं (kalamkala.in)। रुडिप कैप के असलम खान ने कहा है कि लाडनूं शहर में सिवरेज का काम तेजी से किया जा रहा है, इसमें आमजन का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सीवर लाइन से सभी घरों के कनेक्शन किए जाएंगे। सबका कर्तव्य है कि किसी प्रकार का कचरा, ठोस पदार्थ या प्लास्टिक इसमें प्रवाहित नहीं करें, ताकि सिवरेज चॉक होकर समस्या न बन सके। उन्होंने बताया कि सीवरेज का पानी शहर से दूर ले जाकर उपचारित किया जाकर किसानों को और नगरपालिका के पार्कों को दिया जाएगा, जिससे नगर पालिका को आय होगी और शहर के विकास में सहायक होगी। उन्होंने सभी से अपील की कि बारिश का पानी सीवरेज में नहीं डालें। वर्षाजल को अपने घरो में बने पानी के टैंक में संग्रह करें, अन्यथा बाहर नाले-नालियों में छोड़े़, लेकिन सीवर लाईन में कभी नहीं डालें। वे यहां सांसी बस्ती की महिलाओं को सीवरेज परियोजना के बारे में जानकारी दे रहे थे। उन्होंने सीवरेज के फायदे बताए और सीवरेज से स्वच्छता की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गंदे पानी का ठहराव होने से अनेक बीमारियां होती हैं, मलेरिया, उल्टी-दस्त, वायरल बुखार आदि हमें प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से परेशान करती हैं। सीवर परियोजना में सभी को सकारात्मक सहयोग देना चाहिए और कनेक्शन के समय कनेक्शन करवाना चाहिए। सीवरेज से गंदे पानी से फैलने वाली बीमारियों से छुटकारा मिल सकेगा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सीता देवी ने सब महिलाओं से कहा कि वे अपने घरों से निकलने वाले कचरा को नगर पालिका के कचरा संग्रहण वाहन में ही डाले, ताकि मोहल्ला साफ-सुथरा रह सके। इसे अपनी ज़िम्मेदारी समझें और अपने आस-पास साफ-सफाई रखें। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ रखने में सभी महिलाओं से अपने पड़ोस में भी स्वच्छता की मुहिम चलाने का आह्वान किया। यह कार्यक्रम सीवरेज परियोजना के काम में लगी राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (रुडीप) के सामुदायिक जागरूकता एवं जन सहभागिता कार्यक्रम के तहत अधीक्षण अभियंता नेमीचंद पंवार और अधिशाषी अभियंता ओम प्रकाश साहू के निर्देशानुसार व सहायक अभियन्ता रियाज अहमद के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसओटी रामकिशोर सहित, सरोज देवी, सुशीला देवी, बंतो देवी, सुमन, अनीता, द्रोपदी, पूर्णिमा सहित अन्य महिलाओं ने इस समूह चर्चा में भागीदारी की।







