लाडनूं की युवती ने श्री गंगानगर में छठी मंजिल की बालकनी से छलांग लगा कर अपनी जान दी,
युवती श्रीगंगानगर के एक युवक के साथ रह रही थी लिव इन रिलेशन में, स्वयं को दंपती बता कर लिया फ्लैट,
पुलिस इस सुसाइड के हर पहलु की कर रही जांच, मृतका के मोबाइल की रिकॉर्डिंग की भी होगी पूरी पड़ताल


लाडनूं/ श्रीगंगानगर (kalamkala.in)। यहां ड्रीम होम की छठी मंजिल के फ्लैट की बालकनी से एक युवती ने छलांग लगाकर अपनी ईहलीला समाप्त कर ली। यह युवती लाडनूं की रहने वाली है, जो श्री गंगानगर में ड्रीम होम्स में एक फ्लैट में एक युवक के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थी। 13 सितम्बर की बीती रात यह घटना हुई। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने युवती के साथ रहने वाले युवक कै डिटेन कर लिया है और उससे गहनता से पूछताछ की जा रही है।
लोगों में फैली सनसनी
श्रीगंगानगर शहर के सदर थाना क्षेत्र में हनुमानगढ़-सूरतगढ़ बाईपास पर एसएन सिहाग हॉस्पिटल के सामने स्थित ड्रीम होम सोसायटी कॉलोनी में यह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसमें बीती रात सोसाइटी की एक बहुमंजिला इमारत की छठी मंजिल से एक युवती ने अचानक छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। यह खबर मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। देर रात घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर देखा कि युवती का शव नीचे फर्श पर पड़ा था, जिससे उसकी तुरंत मौत हो गई थी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल का मुआयना किया। इसके बाद, शव को सुरक्षित रूप से जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया, जहां उसके परिजनों को बुलाने के बाद शव का पोस्टमार्टम किया गया।
मृतका युवती व साथी युवक की हुई पहचान
घटना की सूचना मिलने पर रात को ही मौके पर पहुंचे हवलदार सत्यनारायण कूकणा ने बताया कि मृतका की पहचान सानिया (19) पुत्री शरीफ खान भाटी (मुसलमान) निवासी लाडनूं के रूप में हुई है। युवती सानिया यहां आइलेट्स की तैयारी कर रही थी और ड्रीम होम में गुरप्रीत सिंह बाजीगर (26) निवासी 75 एनपी समेजा कोठी के साथ रहती थी। गुरप्रीत सिंह श्रीगंगानगर में इमीग्रेशन सेंटर चलाता है।
साथी युवक से हो गई थी युवती की बोलचाल
बताया गया है कि गत रात्रि गुरप्रीत सिंह व सानिया में किसी बात को लेकर आपस बोलचाल हो गई थी। इसके बाद तैश में आई सानिया ने छठी मंजिल पर बने फ्लैट की बालकनी से नीचे छलांग लगा दी। सानिया को पास ही स्थित एसएन हॉस्पीटल में लाया गया, यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिर शव को तत्काल ही जिला अस्पताल में शिफ्ट करवा दिया और युवती के परिजनों को हाथों-हाथ इसकी जानकारी दे दी गई। हवलदार कूकणा ने बताया कि परिजन श्रीगंगानगर पहुंच गये और शव का पोस्टमार्टम करवा लिया गया। गुरप्रीत बावरी को फिलहाल राउंडअप किया हुआ है। मामले की जांच कर रहे हैं।
दोनों अपने को शादीसुदा दम्पत्ति बताते थे
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतका पिछले लगभग एक सप्ताह से एक युवक के साथ ड्रीम होम सोसाइटी के सी ब्लॉक के एक फ्लैट में रह रही थी। सोसाइटी के लोगों के अनुसार, दोनों ने खुद को शादीशुदा दंपति बताते हुए किराए पर यह फ्लैट लिया था। पुलिस सूत्रों ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि बीती रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर जोरदार विवाद हुआ था। यह विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर युवती ने फ्लैट की बालकनी से नीचे छलांग लगा दी। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने उस युवक को डिटेन कर लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। युवक के बयान के आधार पर ही पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
पुलिस करेगी मृतका के मोबाइल की रिकॉर्डिंग की पड़ताल
पुलिस ने मृतका की पहचान करने के बाद उसके परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजनों के श्रीगंगानगर पहुंचने के बाद पुलिस पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। यह प्रक्रिया मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पूरी की गई, ताकि जांच में पारदर्शिता बनी रहे। सदर थाना के अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर किस बात पर दोनों के बीच इतना बड़ा विवाद हुआ कि युवती को यह खौफनाक कदम उठाना पड़ा। स्थानीय निवासियों और सोसाइटी के गार्ड ने पुलिस को बताया है कि मृतका और युवक के बीच झगड़ा अक्सर होता था। उनके बीच बहस और विवाद की आवाजें कई बार सुनी गईं। हालांकि, पुलिस अभी किसी भी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। जांच टीम सभी पहलुओं से इस मामले को देख रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या मृतका ने कोई सुसाइड नोट छोड़ा है या नहीं। इसके अलावा, उसके मोबाइल फोन के रिकॉर्ड्स की भी जांच की जाएगी, ताकि यह पता चल सके कि घटना से पहले उसने किससे बात की थी। पुलिस का मानना है कि यह आत्महत्या का मामला है, लेकिन मौत की वजह और उसके पीछे के कारणों का पता लगाना जरूरी है। पुलिस जल्द से जल्द इस रहस्य से पर्दा उठाने की कोशिश कर रही है, ताकि मृतका के परिजनों को न्याय मिल सके।
दो माह पूर्व ड्रीम होम्स में 884 फ्लैटों पर छापेमारी कर पुलिस ने 6 महिलाओं समेत 2 दर्जन लोगों को पकड़ा था
श्रीगंगानगर की बहुचर्चित ड्रीम होम्स कॉलोनी में गत जुलाई माह में पुलिस ने भारी पुलिस जाप्ते के साथ अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 884 फ्लैटों की जांच की और 2 दर्जन संदिग्ध लोगों कै हिरासत में लिया था। इनमें 6 महिलाएं भी शामिल थी। इस ड्रीम होम कॉलोनी में 12 जुलाई को सुबह 5.30 बजे से 7.30 बजे तक छापे मारे गए थे। 884 क्वार्टरों में एक साथ छापेमारी करके पुलिस ने0तलाशी अभियान चलाया था। इसमें करीब दो दर्जन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया, जिनमें छह महिलाएं भी शामिल थी। यह कार्रवाई लगातार मिल रही अवैध गतिविधियों की शिकायतों के आधार पर की गई थी।





