विधायक मुकेश भाकर ने नेशनल हाईवे अथोरिटी से करंट बालाजी चौराहे पर हादसे रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने के लिए कहा,
बस स्टेंड से होस्पिटल के सड़क मार्ग पर फिर से शुरू हो जाएगा ट्रेफिक, सीवरेज कार्य के लिए तोड़ी गई सड़कों का समय पर पुनर्निर्माण हो,
ब्लाॅक क्षेत्र के अधिकारियों के साथ विधायक ने की समीक्षा बैठक
लाडनूं। स्थानीय पंचायत समिति सभागार में आयोजित ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक में विधायक मुकेश भाकर ने यहां नेशनल हाईवे पर स्थित करंट बालाजी चैराहे पर होने वाली रोजमर्रा की दुर्घटनाओं को लेकर गंभीरता दिखाई और एनएचएआई के अधिकारियों से मोबाइल पर बात करके उन्हें अविलम्ब स्थिति को मौका देखकर दुर्घटनाओं से बचाव के सम्बंध में आवश्यक कदम उठाए जाने के निर्देश देते हुए सर्किल या पुलिया निर्माण किए जाने से पूर्व तात्कालिक राहत के उपाय लागू करने की व्यवस्था के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग के जितेंद्र जांगिड़ से इन दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर किस प्रकार से कदम उठाए जा सकते हैं, इसके लिए सुझाव मांगे। बैठक में विधायक ने सभी ब्लाॅक स्तर के अधिकारियों से विधानसभा क्षेत्र में किए जाने वाले विभिन्न विकास कार्यों और आमजन से जुड़े विभिन्न विभागों के कार्यों के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि राज्य के वार्षिक बजट के दौरान क्षेत्र के लिए की जाने वाली समस्त घोषणाओं की क्रियान्विति समयबद्ध तरीके से की जानी चाहिए। इसमें किसी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वाह करने के निर्देश दिए।
सिवरेज के लिए सड़कें तोड़-तोड़ कर छोड़ देने को लिया गंभीरता से
इस अवसर पर शहर में सीवरेज कार्यों में बरती जा रही लापरवाही के लिए जिम्मेदारों से जवाब भी तलब किया गया। विधायक ने रुडीप अधिकारी केपी ईश्वरम्, कनिष्ठ अभियंता जितेंद्र व शेरमोहम्मद से किए जा रहे सीवरेज कार्य के बाद तोड़ी गई सड़कों का समय पर पुनर्निर्माण नहीं करवाने पर जवाब मांगा। उन्होंने एक साथ सभी गलियों को खोदकर छोड़ देने पर नाराजगी जताई और रुडीप अधिकारियों को पहले एक कार्य पूर्ण करने उसके बाद दूसरे मोहल्ले में खुदाई का कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। जलदाय विभाग के सहायक अभियन्ता रमनलाल चैधरी ने बैठक में रुडीप अधिकारियों पर आरोप लगाया कि पीएचईडी को बिना सूचना किये कार्मिक खुदाई का काम शुरू कर देते हैं और पाईपलाइनों को डेमेज कर देते हैं, जिससे सप्लाई चालू करते समय हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह जाता है और लोगों के घरों में पानी पहुंचनें में बाधा आती है।
10 दिनों में फिर शुरू हो जाएगा होस्पिटल का रास्ता
उन्होंने पीडब्ल्यूडी एईएन जितेंद्र जांगिड़ से विभागीय कार्यों के बारे में जानकारी ली और सरकारी अस्पताल के सामने हो रहे सड़क निर्माण कार्य से मरीजों, अन्य लोगों और वाहनों को होने वाली अवाजाही की परेशानी को गंभीरजा से लेते हुए उसके बारे में जानकारी चाही। एईएन जांगिड़ ने बताया कि शहर में बस स्टेण्ड से हॉस्पिटल के सामने की सड़क पर आगामी 10 दिनों में ट्रैफिक शुरू कर दिया जाएगा। इसके साथ ही अन्य सड़क निर्माण के बारे में जानकारी प्रदान की। लाडनूं की कन्या कॉलेज व अल्पसंख्यक बालक छात्रावास की डेढ़ महीने बाद टेंडर एंव वर्क-ऑर्डर करके निर्माण शुरू करवाने का आश्वासन दिया। पशु चिकित्सक डॉ धर्मेंद्र चैधरी से लंपीग्रस्त पशुओं की जानकारी ली व बीमारी की रोकथाम के लिए निर्देश दिए। विधायक ने बस स्टैंड व गर्ल्स कॉलेज का अगले दो महीने में शिलान्यास करने का आश्वासन दिया।
राजस्व विभाग जुटा है गिरदावरी में किसानों की क्रॉप-कटिंग जारी
बैठक में तहसीलदार डॉ. सुरेंद्र भास्कर ने विधायक को बताया कि फसलों को लेकर गिरदावरी व क्रॉप-कटिंग का काम अभी चल रहा है। तहसीलदार ने कहा कि क्षेत्र में एकदम सही तरीके से क्रॉप-कटिंग की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में अतिवृष्टि नहीं हुई है। बैठक में जलदाय विभाग के जेईइन रमन ठोलिया ने बताया कि स्वीकृत हुए सभी हेडपंप खुदवा दिए गए हैं। विधायक ने उन्हें सम्पूर्ण क्षेत्र में नलकूपों की खराब पड़ी मोटरों को समय पर दुरुस्त करने और पानी की आपूर्ति सुचारू बनाने के लिए जलदाय विभाग को निर्देश दिए। विधायक भाकर ने कहा कि गर्मी के मौसम में क्षेत्र में पानी की समस्या सबसे विकराल रहती है। इसलिए अभी से इसके लिए तैयारी की जानी चाहिए और इस से जुड़ी सभी समस्याओं का समाधान कर लिया जाना चाहिए। बैठक में मौजूद चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग, जलदाय विभाग, कृषि विभाग, विद्युत वितरण निगम के अधिकारियों से विधायक भाकर ने विभागवार कार्यों की जानकारी प्राप्त की। बैठक में उपखंड अधिकारी अनिल कुमार गढ़वाल, तहसीलदार डा. सुरेंद्र भास्कर, नायब तहसीलदार ओमप्रकाश मेव, विकास अधिकारी भंवराराम कालवी, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डाॅ. कमलेश कस्वा, ब्लाॅक मुख्य चिकितसा अधिकारी डा. मूलचंद चैधरी, पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता जितेन्द्र जांगिड़, विद्युत निगम के कनिष्ठ अभियंता राजकुमार तुनगरिया, पशुपालन विभाग से वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. धर्मेन्द्रसिंह चैधरी, पंचायत समिति के प्रधान हनुमानराम कासनिया, नगरपालिका के उपाध्यक्ष मुकेश खीची, दिनेश गोदारा, पार्षद नौशाद सिसोदिया, सरपंच हरदयाल रुलानिया, हरेंद्र गढ़वाल आदि उपस्थित रहे।






