‘रक्तदान अमृत महोत्सव 2.0’ के बैनर का ठकुराइन राजश्री कंवर ने किया अनावरण,
लाडनूं के ओसवाल पंचायत भवन में 17 सितम्बर को होगा मेगा ब्लड डोनेशन कैंप

लाडनूं (kalamkala.in)। तेरापंथ युवक परिषद् लाडनूं द्वारा लगाए जा रहे रक्तदान के विशाल शिविर ‘रक्तदान अमृत महोत्सव 2.0’ के बैनर का अनावरण लाडनूं की ठकुराइन राजश्री शेखावत पत्नी ठाकुर करणी सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर ठकुराइन राजश्री शेखावात ने 17 सितंबर को यहां पहली पट्टी स्थित ओसवाल पंचायत भवन में आयोजित होने वाले एमबीडीडी 2.0 में कैंप लगाने को महत्वपूर्ण और जनसेवा का बेहतरीन आयाम बताया, जिससे पीड़ित लोगों की जिन बचाने में योगदान मिल सकेगा। बैनर अनावरण के इस कार्यक्रम में मुरली मनोहर मंदिर के पीठाधीश्वर महंतश्री गौतम दत शास्त्री, तेयुप अध्यक्ष सुमित मोदी, मंत्री राजेश बोहरा, सहमंत्री प्रथम इंद्राज कठोतिया, संगठन मंत्री विनोद खटेड़, कार्यसमिति सदस्य सुनील पटावरी, परामर्शक लक्ष्मीपत बैंगानी, आलोक कोठारी, संजय मोदी आदि उपस्थित रहे।
लाडनूं में हो रही है व्यापक तैयारियां
मंत्री राजेश बोहरा ने बताया कि तेरापंथ युवक परिषद् लाडनूं द्वारा 17 सितंबर को ओसवाल पंचायत भवन, पहली पट्टी में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक शिविर लगाया जाएगा। तेरापंथ युवक परिषद की पूरी टीम जोरों शोरों से शिविर लगाने की पूरे तैयारी में जुटी हुई है। स्थानीय सभी लोगों का भी अच्छा समर्थन इस महाअभियान में मिल रहा है। मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव के महायज्ञ में लाडनूं में आयोजित इस कैंप में सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा प्रशासन ने अपना समर्थन प्रदान किया।
भारत के अलावा 75 देशों में भी आयोजित होंगे ब्लड डोनेशन कैंप
अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के 61वें स्थापना दिवस के अवसर पर तेरापंथ युवक परिषद् लाडनूं द्वारा आयोजित इस मेगा ब्लड डोनेशन कैंप के बारे मे जानकारी देते हुए तेयुप अध्यक्ष सुमित मोदी ने बताया कि 17 सितंबर को दुनिया का सबसे बड़ा रक्तदान अभियान केंद्र सरकार के सहयोग से ‘रक्तदान अमृत महोत्सव 2.0’ का आयोजित किया जाएगा।इसके तहत दुनिया के 75 देश एवं भारत में 7500 से अधिक रक्तदान शिविर लगाने की तैयारी की जा रही है। इसी दौरान 3 लाख यूनिट रक्तदान करने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें रेल मंत्रालय का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। रेलवे स्टेशनों पर ऑडियो-वीडियो अनाउंसमेंट के साथ-साथ लगभग पिछले कई दिनों से आईआरसीटीसी के माध्यम से जारी होने वाले हर टिकट पर भी इस महाअभियान का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इस अभियान के तहत 17 सितंबर को 4000 ब्लड बैंक और 5000 डॉक्टर तथा 25000 नर्सिंग स्टाफ इस अभियान से जुड़ेंगे। इसमें केंद्रीय स्वास्थ्य, रेल युवा, खेल आदि मंत्रालय विश्व महाअभियान में जुड़े हुए है। महाअभियान के भागीदारी सुनिश्चित करने में फिल्मी सितारों का भी सहयोग इस प्रचार-प्रसार में मिल रहा है। ऐसा पहली बार है कि किसी भारतीय संगठन की आवाज पर देश-प्रदेश के अलावा 75 अन्य देशों में रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे, इससे समाज सेवा में एक नया रिकॉर्ड बनाया जाएगा।





