जसवंतगढ़ की पेयजल समस्या को विभाग ने दिया झटका, सालों पुरानी पानी लाइन को बंद कर सप्लाई रोकी,
ग्रामीणों में छायी है गहरी नाराजगी, तत्काल पुरानी राइजिंग लाइन को वापस चालू करने की उठी मांग
लाडनूं (kalamkala.in)। निकटवर्ती जसवंतगढ़
कस्बे में लोगों को पेयजल की परेशानी उठानी पड़ रही है। उनका आरोप है की जलदाय विभाग ने जसवंतगढ में पानी की आपूर्ति के लिए लगी हुई पुरानी राइजिंग पाईप लाइन को बंद कर दिया है। इस राइजिंग लाइन का पानी आसोटा- पदमपुरा ग्राम तक लाकर रोक दिया गया, पहले वह आगे जसवंतगढ तक पहुंचता था। उस पानी को आसोटा पदमपुरा में खोल दिए जाने से जसवंतगढ में जल संकट की स्थिति बन गई है। जसवंतगढ़ कस्बे को वर्षों से सड़क किनारे घरों व संस्थानों में इस एक ही राइजिंग लाइन से पानी मिल रहा था। विभाग ने बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए इस लाइन को बंद कर आसोटा पदमपुरा ग्राम से जोड़ दिया।
जसवंतगढ के ये क्षेत्र हैं जल समस्या से त्रस्त
पाइप लाइन की सप्लाई रोक दिए जाने के कारण से जसवंतगढ़ में सड़क किनारे बसे काफी घरों और संस्थाओं में पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप्प हो गई है। जसवंतगढ़ के वार्ड सं. 3, 5 और मुख्य बाजार क्षेत्र में नलों से पानी आना बंद हो गया है। स्कूल और बस स्टैंड के पास दुकानों में भी पानी के लिए लोगों को तरसना पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में पानी के बिना हालात काफी खराब हैं। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें टैंकर से पानी मंगवाने पर मजबूर होना पड़ रहा है। इसका उन फर नाजायज आर्थिक बोझ बढ़ गया है।लोगों का कहना है कि जसवंतगढ़ में काफी लम्बे समय से पानी की समस्या चल रही थी, अब इस पुरानी पाइप लाइन से पानी बंद कर दिए जाने से समस्या अधिक बढ गई है।
कोई गौर नहीं कर रहे जलदाय अधिकारी
ग्रामीणों ने बताया कि इस पानी की समस्या को लेकर उन लोगों ने जलदाय विभाग के अधिकारियों को बहुत बार मौखिक और लिखित में अवगत कराया जा चुका, लेकिन समस्या का कोई निराकरण नहीं किया गया है। उनका आरोप है कि अधिकारियों को अवगत कराए जाने के बावजूद जलदाय विभाग की ओर से किसी ने भी मौके का निरीक्षण तक नहीं किया है। विभाग ने समस्या के स्थाई या अस्थायी किसी भी तरह का हल निकालने का कोई प्रयास नहीं किया है। इस बारे में लाडनूं जलदाय विभाग के कनिष्ठ अभियंता कमल ने लोगों को बताया कि पहले राइजिंग लाइन से कनेक्शन थे, उनको हटाकर आसोटा पदमपुरा में कर दिया था। जल्दी ही जसवंतगढ़ की पुरानी लाईन को वापस चालु करवा दिया जाएगा। सहायक अभियंता हेमराज सैनी का यहां से तबादला हो चुका और अब सारी व्यवस्थाएं जेईएन कमल ही संभाल रहे हैं।
इनका कहना है
जसवंतगढ की राइजिंग लाइन को रोक कर आसोटा पदमपुरा को पानी दिया जाने से समस्या पैदा हुई है। आसोटा पदमपुरा में उस पानी का उपयोग तक नहीं हो पा रहा है। वह पाइप लाइन जसवंतगढ के लिए वापस शुरू की जानी चाहिए।
– गिरधारी लाल दायमा, सामाजिक कार्यकर्ता, जसवंतगढ।







