लाडनूं शहर के बेसहारा गौवंश से छुटकारा दिलाने में जुटी नगर पालिका,
पहली पट्टी, ऋषभद्वार क्षेत्र से पकड़े 37 निराश्रित पशु भिजवाया खिंदास नंदीशाला
लाडनूं (kalamkala.in)। शहर में पिछले कई बरसों से बनी बेसहारा पशुओं की समस्या के समाधान की दिशा में नगर पालिका ने राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित किए जा रहे शहरी सेवा शिविर के दौरान अग्रसर हुई है। नगर पालिका द्वारा शहर के प्रमुख स्थानों पर विचरण कर रहे निराश्रित पशुधन को पकड़वा कर उन्हें यहां खिंदास में बनी नंदीशाला में पहुंचाया। अधिशाषी अधिकारी हरेन्द्र चौधरी ने बताया कि जिला कलक्टर एवं उपखण्ड अधिकारी के निर्देशों की पालना में नगर पालिका द्वारा पिछले तीन दिवस में अभियान चलाकर पहली पट्टी व ऋषभद्वार क्षेत्र से सोमवार तक 37 निराश्रित पशुधन को पकड़ कर उन्हें खिंदास गौशाला में भिजवाया गया। चौधरी ने अवगत कराया कि पालिका द्वारा यह कार्यवाही अब शहर के अन्य स्थानों सब्जी मण्डी, राहुगेट, बस स्टेण्ड आदि पर भी जारी रहेगी और बेसहारा घूम रहे पशुओं को पकड़ा जाकर पिंजरे में डालकर खिंदास गौशाला स्थित नंदीशाला तक पहुंचाए जाएंगे। नगर पालिका की इस कार्यवाही से जनता को काफी राहत मिली है और पूर्ण राहत दिलाने तक कार्रवाई जारी रखी जाएगी। इधर नगर पालिका के तत्वावधान में चल रहे शहरी सेवा शिविर 2026 के अन्तर्गत सोमवार को वार्ड न. 30 व 31 का शिविर आयोजित किया गया। इसमें सभी विभागों जलदाय विभाग, विद्युत विभाग, पशुपालन विभाग, सामजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, आयुर्वेद विभाग, चिकित्सा विभाग, रसद विभाग, आरयूडीआईपी द्वारा अपने-अपने विभागों से सम्बंधित फ्लैगशिप योजनाओं द्वारा आमजन को निरन्तर राहत प्रदान की जा रही है तथा विभिन्न जन समस्याओं का निस्तारण शीघ्रता से किया जा रहा है। सोमवार को इस शिविर में सभी नगर पालिका अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अलावा जन प्रतिनिधियों में सुमित्रा आर्य, लूणकरण शर्मा, नदीम बल्खी, बच्छराज प्रजापत, यशपाल आर्य आदि उपस्थित रहे।







