लाडनूं में समस्याओं के ढेर, समाधान में क्यों लग रही देर,
पार्षद इदरीश खां ने कलेक्टर को पत्र देकर समस्याओं के महत्वपूर्ण 17 पॉइंट्स प्रस्तुत कर समाधान के सुझाव दिए,
स्टेडियम में आटो टीपर रिपेयरिंग सेंटर खोले जाने की मांग, बाजार में महिला शौचालय बने, पार्किंग हो
लाडनूं (kalamkala.in)। नगर की विभिन्न समस्याओं को लेकर पार्षद इदरीश खां ने जिला कलेक्टर को एक 17 सूत्रीय पत्र लिखकर समाधान की मांग की है। इस पत्र में उन्होंने बेसहारा पशुओं के खाने-पीने व रहने के लिए उचित प्रबन्धन किए जाने व शहर के अन्दर कचरा संग्रहण के लिए लगे आटो टीपर की कमी व अनियमितताओं को दूर करने एवं वार्डों में सफाई कर्मियों की उचित व्यवस्था करने के साथ मुख्य बाजार में महिला शौचालय की व्यवस्था करने, बाजार में पार्किंग व्यवस्था करने एवं शहर के सभी जलभराव क्षेत्रों के लिए समुचित प्रबन्धन करने तथा शहर में बंद व खराब की पड़ी हाईमास्ट लाईटों को चालू करने एवं शहर में खुले पड़े नालों के ढकवाने की व्यवस्था करवाने आदि की तरफ ध्यान दिलाया गया है तथा उनके समाधान की मांग की गई।
बेसहारा पशुओं को लेकर आंखें मूंदे है पालिका प्रशासन
इदरीश खां ने इस पत्र में बताया है कि नगर पालिका लाडनूं से संबंधित होने वाले कार्यों में भारी अनियमितता बरती जा रही है तथा वार्डों में किसी भी प्रकार का कोई कार्य नहीं हो रहा है। नगरपालिका की इन अनियमितताओं में शहर के मुख्य बाजार व गली-मोहल्ले में बेसहारा पशुओं का आतंक बढ़ चुका है, जिससे बच्चे व बुजुर्ग व्यक्ति घर से बाहर निकलने से भी डरने लगे हैं। ये बेसहारा पशु पूरे शहर में गली-मोहल्ले में खुले घूमते है। इनसे कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इस नगरपालिका लाडनूं व उपखण्ड अधिकारी लाडनूं को कई मर्तबा ज्ञापन भी दिये गए, शिकायतें व विरोध प्रदर्शन भी किया जा चुका, लेकिन अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है। सब्जी मण्डी में दिन भर करीब 100 से 150 गायें व साण्ड एकत्रित रहते हैं तथा शहर के सभी बड़े चौकों व गली मोहल्लों में भी बेसहारा पशुओं का जमावड़ा रहता है। बेसहारा पशुओं के द्वारा अनेक लोगों को चोटग्रस्त भी किया चुका है और ये कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचा चुके हैं। फिर भी नगरपालिका प्रशासन आंखे मूंदे बैठा है। इन बेसहारा पशुओं का सरंक्षण करते हुये उनकी उचित देखभाल की व्यवस्था करवाई जावे व उनके उचित खानपान की व्यवस्था की जावे।
स्टेडियम में खोला जाए आटो टीपर रिपेयरिंग सेंटर
पत्र में बताया गया है कि नगरपालिका द्वारा कचरा संग्रहण के लिये प्रत्येक वार्ड में ऑटो टीपर की व्यवस्था की गयी थी, लेकिन वर्तमान में वार्डों में कहीं भी कचरा संग्रहण टेम्पो समय पर नहीं पहुंच रहे हैं। तीन-तीन, चार-चार रोज तक मौहल्लेवासी कचरा डालने के लिए इन टैम्पो का इन्तजार करते हैं।इनका कोई निश्चित टाईमटेबल भी नहीं है। ऐसी स्थिति में आम जनता परेशान है। इससे मोहल्लों में कचरे के ढेर लगने फिर से शुरू हो गये हैं। स्वच्छता अभियान फेल हो चुका है। इस बारे में नगरपालिका को कई मर्तबा अवगत करवाया जाता रहा है, लैकिन नगरपालिका ध्यान नहीं दे रही है। पत्र में मांग की गई है कि शहर के प्रत्येक वार्ड में ऑटो टीपर (कचरा संग्रहण) टेम्पों की स्थायी रूप से व्यवस्था कराई जाए। मुख्य बाजारों सहित गली मोहल्लों में जो कचरे के ढेर हो रही हैं, उन्हें नियमित रूप से उठाने की व्यवस्था की जावे। नगर पालिका के पास आटो टीपर पर्याप्त हैं, लेकिन अधिकांश खराब पड़े हैं, इनके लिए स्वच्छ भारत मिशन के तहत संचालित इन ऑटोटीपर की रिपेयरिंग, मेन्टीनेंस आदि के लिये संविदा पर मैकेनिक की व्यवस्था कर स्टेडियम में खुली पड़ी भूमि में अलग रिपेयरिंग सेंटर खोलकर अनुचित समग्र व राजकोष को बचाने की व्यवस्था करावें।
सफाईकर्मियों को बिना भेदभाव के लगाने की व्यवस्था हो
पत्र में नगरपालिका का मुख्य कार्य शहर को साफ-सफाई से रखना बताते हुए लिखा गया है कि नगरपालिका के पास पर्याप्त सफाईकर्मी हैं, उनका उचित कार्य प्रबन्धन किया जाकर पूरे शहर को अच्छी तरह साफ रखा जा सकता है। परन्तु नगरपालिका अधिकारियों द्वारा सफाई कर्मियों का उचित प्रबन्धन शहर में नहीं किया गया है। कई जगह सफाईकर्मी लगाये हुये हैं, जबकि कुछ स्थानों पर तो सफाईकर्मी आज तक कभी लगाये ही नहीं गए।ऐसी भेदभाव पूर्ण नीति से नगरपालिका के कार्य करने से शहर की साफ-सफाई चौपट हो गई है। नगरपालिका मण्डल लाडनूं में कार्यरत समस्त सफाई कर्मचारियों की एक सूची बनवाई जाकर उनको नियमित रूप से वार्ड अनुसार कार्य सौंपा जाये तथा ऐसे कार्यों का उसी दिन शाम को निरीक्षण मय फोटोग्राफ करवाये जाने हेतु कर्मचारी नियुक्त कर शहर की सफाई व्यवस्था को सुचारू करने पर विशेष ध्यान देवें।
बाजार में महिला शौचालय की कमी दूर हो
लाडनूं शहर काफी बड़ा शहर है तथा आस पास के 35 से 40 गावों के लिये मुख्य बाजार यहीं पर है, बाजार में महिला शौचालय का अभाव है। बाजार में खरीदारी के लिए आने वाली महिलाओं को शौचालय के अभाव में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसी वजह से शहर का व्यापार पिछड़ गया है। इसलिए बाजार में महिला शौचालय की व्यवस्था होनी चाहिये। इस पर नगरपालिका प्रशासन कोई ध्यान नहीं दे रहा है। मांग की गई है कि शहर के मुख्य बाजार में महिला शौचालय की व्यवस्था कराई जावे।
बाजार के संकड़े रास्तों का इलाज हो और पार्किंग की उचित व्यवस्था हो
बाजार की अन्य समस्याओं को उठाते हुए इदरीश खां ने पत्र में बताया है कि लाडनूं शहर का बाजार आसपास के क्षेत्र में एक बड़ा बाजार है तथा बाजार के रास्ते अधिकतर सकंड़े है, जिससे बाजार से गुजरने वाले वाहनों का हर समय जाम लगा रहता है। साथ ही बाजार में कहीं भी पार्किंग की व्यवस्था नही है। बाजार में काफी संख्या में वाहनों की आवाजाही के कारण बाजार में पार्किंग की सख्त आवश्यकता है, जिस पर भी नगरपालिका प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है। शहर के मुख्य बाजार में रास्तों से अतिक्रमण हटाने और अनेक स्थानों पर पार्किंग की उचित व्यवस्था करवाई जाने को प्राथमिकता दी जाए।
खुले नालों और जलभराव का स्थाई उपाय किया जाए
पत्र में पार्षद इदरीश ने लिखा है कि लाडनूं शहर में कई जगह जल-भराव क्षेत्र हैं। उपखण्ड कार्यालय व तहसील कार्यालय के सामने गन्दे पानी का नाला खुला पड़ा है, जहां से पानी मुख्य सड़क पर आ जाता है एवं गन्दगी सड़क पर आ जाती है। इस संबंध में भी प्रशासन को कई बार अवगत करवाया जा चुका, लेकिन कोई स्थायी समाधान आज दिन तक नहीं हुआ है। शहर के मुख्य उपखण्ड कार्यालय/तहसील कार्यालय एवं थाने के सामने मुख्य सड़क पर खुले पड़े गन्दे पानी के नाले को बंद करवाया जावे।
खराब पड़ी हाईमास्ट लाईटों को दुरुस्त करावें
पत्र में हाईमास्ट लाइटों का मसला उठाते हुए लिखा गया है कि शहर में पिछले कई महिनों से विभिन्न स्थानों पर हाईमास्ट लाईटें खराब व बंद पड़ी हैं, जिसके बारे में नगरपालिका प्रशासन को कई बार अवगत करवाया गया, लेकिन नगरपालिका प्रशासन के कान पर जूं तक नही रेंगती है। हाईमास्ट लाईटें शहर के सौन्दर्य व मुख्य आकर्षण का केन्द्र है, जिस पर भी नगर पालिका प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है। शहर की इन सभी खराब व बंद पड़ी हाईमास्ट लाईटें अतिशीघ्र दुरूस्त करवाई जावे। साथ ही नगर पालिका लाडनूं के विभिन्न वाडों में जहां जरूरत है, उनमें स्ट्रीट लाईटें व स्विच वायर की व्यवस्था करवाई जावे।
सड़क पर डिवाइडर व लाईटें लगे
इदरीश खां ने लिखा है कि लाडनूं शहर में डीडवाना बाईपास पुलिया व निम्बी बाईपास से मुख्य बस स्टेण्ड तक सड़क पर डिवाईडर बनाकर दोनों तरफ की सड़क का नव निर्माण कर उस डिवाईडर पर रोड़ लाईट की व्यवस्था करवाकर लाडनूं के सौन्दर्यकरण को बढ़ावा दिया जावे।
औद्योगिक पट्टे जारी करवाए जाएं
पत्र में बताया गया है कि पिछले कई वर्षों से नगरपालिका मण्डल लाडनूं द्वारा आवासीय वाणिज्यिक एवं औद्योगिक पट्टे नहीं बनाये जा रहे हैं, जिसकी वजह से नगरपालिका को राजस्व का नुकसान भी हो रहा है। इसलिए निर्धारित तयसुदा राशि लेकर आवेदनकर्ताओं को वाणिज्यक व औद्योगिक पट्टे जारी करने की व्यवस्था कराई जाए।
अवैध निर्माण कार्यों को रोका जाए
पत्र में बताया गया है कि नगरपालिका लाडनूं में बिना स्वीकृति के किये जा रहे व्यवसायिक एंव आवासीय निर्माण कार्यों को तुरन्त प्रभाव से रूकवाया जावे एवं बिना स्वीकृति किये गये निर्माण कार्यों के विरूद्ध उचित कानूनी कार्यवाही की जाये।
कृषि भूमि के प्लॉट काटे जाने बंद करवाए जाएं
इदरीश खां ने आवाज उठाई है कि नगरपालिका क्षेत्र लाडनूं में बिना संपरिवर्तन करवाये कृषि भूमि व नगरपालिका की खातेदारी भूमि को अवासीय उपयोग एवं प्लोटिंग बनाकर विक्रय किये जाने के विरूद्ध तुरन्त प्रभाव से उचित कानूनी कार्यवही करवाई जाये तथा ऐसे विक्रय व प्लोटिंग के विरूद्ध निरोधात्मक कार्यवाही करवाई जाये।
नागरिकों के समय की बर्बादी रोकी जाए एवं परेशान नहीं किया जाए
पत्र में बताया गया है कि नगर पालिका में होने वाले विभिन्न रूटीन के कामों में लोगों के समय की बर्बादी जानबूझकर की जा रही है और अनावश्यक देरी करके उन्हें बेवजह घुमाया जाता है। इसलिए जन्म मृत्यु एवं विवाह के पंजीयन के संबंध में एवं भवन निर्माण स्वीकृति, बीपीएल एन.ओ.सी., समस्त प्रकार की पेंशन स्वीकृति, राशन कार्ड नाम जुडवाने, संशोधन आदि के संबंध में नगरपालिका मण्डल लाडनूं में लगाये जा रहे अनावश्यक समय को तुरन्त प्रभाव से बंद किया जावे तथा आवेदन प्राप्ति के दिन अथवा दूसरे दिन निस्तारण करवाया जावे।




