आखिर क्यों लापरवाह है लाडनूं का विद्युत वितरण निगम, किस बड़े हादसे का कर रहा है इंतजार?
शहर के बीच से गुजर रही 11 हजार केवी की लाइन भी छोड़ी भगवान भरोसे, जर्जर विद्युत खंभों की हालत ‘अब गिरा, तब गिरा’ की, लोग दहशत में जीने को मजबूर

लाडनूं (kalamkala.in)। विद्युत वितरण में कार्य में तो लगातार लापरवाही का आलम बना हुआ है ही, कि कब बिजली आएगी, कब जाएगी, कितना वोल्टेज रहेगा और वोल्टेज के कारण लोगों के विद्युत उपकरण खराब नहीं होंगे, इन सबकी कोई गारंटी नहीं है। हर महीने बिजली का बिल चुकता करके भी उपभोक्ता ठगा का ठगा रह जाता है। इनके अलावा सबसे ज्यादा शिकायतें विद्युत वितरण निगम द्वारा शहर के विभिन्न हिस्सों में गली-मोहल्लों के बीच लगाए गए बिजली के खंभों को लेकर है। इन खंभों के कारण कभी भी कोई बड़ा हादसा संभव है, लेकिन बार-बार ध्यान आकर्षित करवाए जाने के बावजूद विद्युत वितरण निगम जानबूझकर अंधा और बहरा बना हुआ है। लगता है कि किसी बड़े हादसे के इंतजार में है और किसी हादसे के घटित हुए बिना कोई सुधार आना संभव नहीं है।
हाईटेंशन लाईन गिरी तो हो सकता है कोई बहुत बड़ा हादसा
लाडनूं शहर के मगरा बास में विद्युत विभाग की ऐसी ही एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां 11 हजार वाट की हाईटेंशन विद्युत लाइन को सहारा देने वाला विद्युत पोल लंबे समय से जर्जर हालत में खड़ा है। इस पोल में जगह-जगह गहरी दरारें पड़ चुकी हैं और इसकी हालत अब गिरा, तब गिरा जैसी हो रखी है। कभी भी कोई बड़ा हादसा इस खंभे के कारण संभव है, लेकिन विद्युत विभाग अब तक इसे बदलने की कवायद में नहीं जुटा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस जर्जर पोल की स्थिति की सूचना पूर्व में विद्युत विभाग को दी जा चुकी। इसके बावजूद विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। सवाल उठ रहा है कि विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है या फिर किसी जनहानि के बाद ही जिम्मेदारों की नींद खुलेगी। सबसे गंभीर बात यह है कि इसी पोल से 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन गुजर रही है। जिस स्थान पर यह पोल लगा हुआ है, वह शहर का मुख्य रास्ता है और दिनभर यहां से लोगों का व वाहनों का आवागमन बना ही रहता है। यदि यह जर्जर पोल अचानक ही कभी टूटकर सड़क पर गिरता है, तो विद्युत लाइन के संपर्क में आने मात्र से ही कोई बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।लोगों का कहना है कि विद्युत विभाग को समय रहते इस जर्जर पोल को हटाकर इसके स्थान पर नया पोल लगाना चाहिए, ताकि किसी संभावित दुर्घटना को टाला जा सके। लोगों ने बताया कि इससे पहले शहर के निम्बी रोड क्षेत्र में 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन से जुड़े हादसों की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, इसके बावजूद विद्युत विभाग की ओर से जर्जर विद्युत पोलों को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई देना, कई सवाल खड़े करता है। क्या विद्युत विभाग किसी बड़े हादसे और जनहानि होने से पहले इस जर्जर पोल को बदलेगा?
घरों के पास खड़े जर्जर खंभों को तत्काल बदला जाए
इसी प्रकार लाडनूं शहर के तेली रोड पर गली नं. 45 में हाजी लाल जी छींपा टाक के घर के पास भी लम्बे समय से बिजली का जर्जर खंभा खड़ा है। इस ओर तत्कालीन पार्षद सुमित्रा आर्य ने विद्युत वितरण निगम का ध्यान अनेक बार आकर्षित करवाया, लेकिन निगम की आंखें नहीं खुली। आज भी मौहल्ले वालों को इस खंभे के कारण दहशत में जीना पड़ रहा है। यह खंभा कभी भी गिर कर बड़े हादसे का कारण बन सकता है। विद्युत वितरण निगम को शहर के सभी क्षेत्रों में एक अभियान चला कर ऐसे बिजली के टूटे-फूटे और गिरने के कगार पर खड़े खंभों को हटाने और उनके स्थान पर नये और मजबूत खंभे लगाने की कार्रवाई तत्काल करनी चाहिए। अन्यथा शहर में बड़े हादसों का अंदेशा हरदम बना हुआ है।



