पूरे जिले में प्रथम स्थान पर रहा लाडनूं, एक ही दिन में उल्लेखनीय प्रगति-
राष्ट्रीय लोक अदालत में 281 प्रकरणों का आपसी समझाईश से हुआ निस्तारण, 1 करोड़ 34 लाख 93 हजार 122 रुपयों का अवार्ड पारित

लाडनूं (kalamkala.,in)। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण डीडवाना के निर्देशानुसार शनिवार को स्थानीय न्यायालयों एडीजे लाडनूं एवं एसीजेएम लाडनूं में लम्बित व ताल्लुका विधिक सेवा समिति लाडनूं के प्रि-लिटिगेशन स्टेज पर राजीनामा योग्य प्रकरणों के संबंध में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस राष्ट्रीय लोक अदालत में दो बैंचों का गठन किया गया, जिसमें प्रथम बैंच के अध्यक्ष आरिफ मोहम्मद खान चायल (अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश लाडनूं) एवं बैंच सदस्य अधिवक्ता छोगाराम बुरड़क थे। द्वितीय बैंच के अध्यक्ष दीपेन्द्र कुमार मीणा (अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट लाडनूं) एवं बैंच सदस्य अधिवक्ता गजानंद शर्मा व अन्य अधिवक्तागण तथा वित्तीय व अन्य संस्थाओं-विभागों के अधिकारीगण व प्रतिनिधिगण के अथक प्रयास से राजीनामों का विशेष प्रयास किया गया।इस लोक अदालत में बैंच सं. 2 ने न्यायालय वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट लाडनूं में लंबित प्रकरणों में से 227 प्रकरणों का एक ही दिन में जरिए राजीनामा निस्तारण कर डीडवाना-कुचामन जिले में प्रथम नंबर पर रहा। प्रि-लिटिगेशन एवं न्यायालयों में लंबित प्रकरणों के निस्तारण में प्रि-लिटिगेशन-ताल्लुका विधिक सेवा समिति लाडनूं के 30 प्रकरणों में अवार्ड राशि 10 लाख 63 हजार 474 पारित की गई।न्यायालयों के पेडिंग प्रकरणों में 2, राजीनामा योग्य फौजदारी प्रकरण- 131 का निस्तारण किया गया। 138 एनआई एक्ट के 12 प्रकरणों में 23 लाख 13 हजार 314 रुपयों का अवार्ड पारित, वैवाहिक विवाद के 89 प्रकरण निस्तारित कर 17 लाख 65 हजार 334 रुपयों का अवार्ड पारित, एम.ए.सी.टी प्रकरण- 12 में 83 लाख 51 हजार का अवार्ड, अन्य समस्त सिविल प्रकरण- 7 का निस्तारण किया गया। इस प्रकार कुल 281 प्रकरणों का निस्तारण किया जाकर 1 करोड़ 34 लाख 93 हजार 122 रुपयों का अवार्ड पारित किया गया।इस राष्ट्रीय लोक अदालत में मदन सिंह राठौड़, रिद्धकरण गहलोत, चांदमल बल्दवा, नरेन्द्र टाक, श्रवण कुमार जांगिड़ तथा बार संघ लाडनूं के अधिवक्तागण तथा अन्य विभिन्न संस्थाओं के अधिकारीगण / प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे, जिन्होंनें इस लोक अदालत में अधिकाधिक प्रकरणों के निस्तारण में सहयोग किया।

