गाँवों में स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम रास्ते उपलब्ध कराने, रास्तों में गंदा पानी के भराव को समाप्त करना रहेंगी प्राथमिकताएं- राजश्री करणीसिंह,
भाजपा की पंचायत समिति प्रत्याशी राजश्री ने डाबड़ी में ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ के रूप में शुरू किया विशाल जन सम्पर्क अभियान, सबसे पहले किया देवों और शहीदों को नमन





लाडनूं (kalamkala.in)। ‘गांवों की गलियों में गंदे पानी का जमाव एक ऐसी गंभीर समस्या है, जिससे सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को होती है। कई स्थानों पर रास्तों में गंदा पानी भरा रहने से महिलाओं का पैदल आवागमन भी मुश्किल हो जाता है। मैं इस समस्या और इससे जुड़ी महिलाओं की पीड़ा को भलीभाँति समझती हूँ।’
यह बात शुक्रवार को ग्राम डाबड़ी में आयोजित ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान पंचायत समिति लाडनूं के वार्ड सं. 25 से सदस्य का चुनाव लड़ रही भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार श्रीमती राजश्री कंवर शेखावत पत्नी ठाकुर करणीसिंह ने एक सभा के दौरान कहे। इस अवसर पर सभा में बड़ी संख्या में एकत्र हुई महिलाओं ने उन्हें सामूहिक रूप से डाबड़ी गांव की इस समस्या को बताया और इसके स्थायी समाधान की मांग की। राजश्री ने कहा कि उनके लिए जनसेवा का अर्थ केवल समस्याओं को सुनना नहीं, बल्कि उन्हें समझकर समाधान की दिशा में निरंतर प्रयास करना है। गाँवों में स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम रास्ते उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। आमजन की समस्याओं को उनकी ही आवाज़ बन कर उठाते हुए सबका विश्वास हासिल करना ही उनकी प्राथमिकता है।
देवियों व शहीदों के दर्शन-नमन कर शुरू किया जन सम्पर्क अभियान
राजश्री कंवर शेखावत ने शुक्रवार को अपनी जन आशीर्वाद यात्रा की शुरुआत डाबड़ी गांव स्थित करणी माता मंदिर व शीतला माता मंदिर में देव-दर्शन के उपरांत डाबड़ी की वीर शहीदों की पावन धरा को नमन किया और वहां स्थित शहीद स्मारकों पर पहुंच कर उनके बलिदानों को याद किया। अपने समर्थकों के पूरे कारवां के साथ वे डाबड़ी स्थित गोवा मुक्ति संग्राम के शहीद हवलदार शिशुपाल सिंह, अमर शहीद किशोर सिंह एवं शहीद सूबेदार दिलीप सिंह की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने डाबड़ी की पावन माटी के कण-कण में वीरता, शौर्य और राष्ट्रभक्ति की गाथाएं बताई और कहा कि यहाँ के वीर सपूतों ने अपने अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान से न केवल समूचे गाँव ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। उन्होंने इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा यहां से प्रत्याशी बनाकर वीरों की धरा से जनसेवा का अवसर देने को अपना सौभाग्य माना तथा यहां की माटी के गौरव और जनता के विश्वास को सदैव सर्वोपरि रखकर क्षेत्र की सेवा करने की भावना दोहराई। इस अवसर पर उनके साथ भाजपा नेता ठाकुर करणी सिंह ने भी सम्बोधित किया। जन सम्पर्क अभियान के शुभारंभ पर पूर्व ठाकुर संग्राम सिंह डाबड़ी, जिला परिषद् सदस्य गोरधन सिंह डाबड़ी, गोविंद सिंह कसूम्बी, गौतम दत्त शास्त्री, दिव्या माथुर, महिला मोर्चा की वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष सुमित्रा आर्य आदि महिला-पुरुष कार्यकर्ता भी उनके साथ उपस्थित रहे और कार्यकर्ताओं का काफिला सैंकड़ों वाहनों सहित साथ में रहा।




